विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ग्वालियर से भागलपुर आकर डाॅ. प्रतिभा ने बदल दी हजारों जिंदगी, मुफ्त इलाज और IVF से 12000 महिलाओं को दिया मातृत्व

Published: Thu, 05 Nov 2026 07:15 AM (IST)

Bhagalpur Gynaecologist Dr Pratibha Singh Journey: डॉ. प्रतिभा सिंह, ग्वालियर से आकर भागलपुर में स्त्री रोग विशेषज्ञ के रूप में ...और पढ़ें

Bhagalpur Gynaecologist Dr Pratibha Singh Journey: ग्वालियर की बेटी ने भागलपुर को बनाया कर्मभूमि

Bhagalpur Gynaecologist Dr Pratibha Singh Journey: ग्वालियर की बेटी ने भागलपुर को बनाया कर्मभूमि

HighLights

  1. भागलपुर में पहला IVF सेंटर स्थापित किया।

  2. 12,000 से अधिक निःसंतान महिलाओं को मातृत्व सुख दिया।

  3. गरीब महिलाओं को मुफ्त इलाज और स्वास्थ्य जागरूकता प्रदान करती हैं।

जागरण संवाददाता, भागलपुर। Bhagalpur Gynaecologist Dr Pratibha Singh Journey: मध्य प्रदेश के ग्वालियर में जन्मी एक बेटी ने जब विवाह के बाद भागलपुर को अपनी कर्मभूमि बनाया, तो किसे पता था कि वे एक दिन इस क्षेत्र की हजारों महिलाओं के जीवन में खुशियों का उजाला बिखेरेंगी।

पति डॉ. संजय सिंह (प्रसिद्ध सर्जन) के साथ भागलपुर आने के बाद डॉ. प्रतिभा सिंह ने न केवल अपनी चिकित्सा प्रतिभा से खुद की पहचान बनाई, बल्कि आज वे स्लम बस्तियों और समाज के हाशिये पर जी रही महिलाओं के लिए उम्मीद की एक नई किरण बन चुकी हैं।

अपने हीलिंग टच हॉस्पिटल (टीएनबी कॉलेज के पास, तिलकामांझी) में आने वाली ऐसी गरीब और बेसहारा महिलाएं जिनका कोई सहारा नहीं है, उनका डॉ. प्रतिभा न केवल मुफ्त इलाज करती हैं, बल्कि उनकी दवाइयों और देखभाल का भी पूरा प्रबंध करती हैं।

केवल आजीविका नहीं, सेवा और आत्मनिर्भरता का संकल्प

डॉ. प्रतिभा सिंह वर्ष 2007 से ही गुजरात की विख्यात स्वयंसेवी संस्था 'सेवा' (SEWA) से जुड़ी हुई हैं। इस एनजीओ के माध्यम से वे भागलपुर की विभिन्न स्लम (मलिन) बस्तियों में रहने वाली महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में जुटी हैं। वे विशेष रूप से महिलाओं में होने वाले साइलेंट किलर यानी 'सर्वाइकल कैंसर' (गर्भाशय ग्रीवा का कैंसर) की जांच के लिए लगातार कैंप आयोजित करती हैं।

यदि जांच में कोई महिला पीड़ित पाई जाती है, तो वे उसका संपूर्ण इलाज कराती हैं। इसके अलावा, महिलाओं में ऑस्टियोपोरोसिस (हड्डियों की कमजोरी) की जांच, ब्लड प्रेशर (बीपी), मधुमेह (डायबिटीज) जैसी बुनियादी स्वास्थ्य जांचें भी उनके द्वारा निःशुल्क की जाती हैं। स्वास्थ्य सुरक्षा के साथ-साथ ये महिलाएं आर्थिक रूप से भी सबल बनें, इसके लिए वे बैंक ऋण और रोजगार के साधनों की व्यवस्था में भी सक्रिय सहयोग प्रदान करती हैं।

भागलपुर को दिया पहला IVF सेंटर, 12 हजार से अधिक सूनी गोदें भरीं

चिकित्सा के क्षेत्र में डॉ. प्रतिभा सिंह ने भागलपुर को अंतरराष्ट्रीय पटल पर स्थापित किया है। उन्होंने वर्ष 1988 में जीआर मेडिकल कॉलेज, ग्वालियर से एमबीबीएस और 1994 में कस्तूरबा मेडिकल कॉलेज से स्त्री एवं प्रसूति रोग में एमडी (MD) की उपाधि प्राप्त की।

इसके बाद उन्होंने आईवीएफ (IVF-टेस्ट ट्यूब बेबी), प्रजनन चिकित्सा, अल्ट्रासाउंड और आधुनिक दूरबीन (लैप्रोस्कोपिक) सर्जरी का उन्नत प्रशिक्षण लिया। डॉ. प्रतिभा ने जर्मनी की गीसेन यूनिवर्सिटी से एडवांस्ड गायनेकोलॉजिकल लैप्रोस्कोपी और दुबई से आईवीएफ का विशेष कोर्स किया।

वर्ष 2006 में उन्होंने भागलपुर के पहले आईवीएफ (IVF) सेंटर की स्थापना की। अपनी आधुनिक प्रजनन तकनीकों और अथक प्रयासों के बल पर वे अब तक 12,000 से अधिक निसंतान महिलाओं को मातृत्व का सुख दिला चुकी हैं, जो इस क्षेत्र के लिए एक बहुत बड़ी उपलब्धि है।

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मिला सम्मान, कई राष्ट्रीय समितियों की अध्यक्ष

चिकित्सा विज्ञान में उनके अमूल्य योगदान के लिए उन्हें वर्ष 2023 में ब्रिटेन के प्रतिष्ठित 'रॉयल कॉलेज ऑफ ऑब्स्टेट्रिशियन्स एंड गायनेकोलॉजिस्ट्स' (RCOG) की एसोसिएट सदस्यता से सम्मानित किया गया। वर्तमान में वे इंडियन कॉलेज ऑफ ऑब्स्टेट्रिशियन्स एंड गायनेकोलॉजिस्ट्स (ICOG) की गवर्निंग काउंसिल की सक्रिय सदस्य हैं।

इसके साथ ही, वे वर्ष 2021 से 2024 तक देश की प्रतिष्ठित 'इंडियन मेनोपॉज सोसाइटी' (IMS) की 'फर्टिलिटी एंड एजिंग कमेटी' की चेयरपर्सन के रूप में भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी सेवाएं दे चुकी हैं। डॉ. प्रतिभा का यह सफर साबित करता है कि यदि सेवा का जज्बा हो, तो छोटे शहरों में रहकर भी वैश्विक स्तर पर मानवता की बड़ी सेवा की जा सकती है।

यह भी पढ़ें- 10वीं में शादी, उपेक्षा और बेटे की मौत... लेकिन नहीं मानी हार; हर आघात को मात दे IIIT में Officer बनीं डॉ. अभिलाषा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।