धनतेरस 2026 : 8 नवंबर को 70 मिनट की मुहूर्त ट्रेडिंग; स्कूटी की 40% बुकिंग, सिक्कों पर छूट, रियल एस्टेट में ₹30 करोड़
Dhanteras Diwali Market Muhurat Trading: भागलपुर का बाजार धनतेरस और दीपावली के लिए सजकर तैयार है, जहां ₹300-350 करोड़ के ...और पढ़ें

Dhanteras Diwali Market Muhurat Trading: भागलपुर में धनतेरस पर 350 करोड़ के कारोबार की उम्मीद
HighLights
भागलपुर बाजार में ₹300-350 करोड़ के व्यापार की उम्मीद।
8 नवंबर को 70 मिनट की मुहूर्त ट्रेडिंग, ₹100 करोड़ निवेश।
इलेक्ट्रॉनिक्स, वाहन, रियल एस्टेट में ग्राहकों की भारी मांग।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। Dhanteras Diwali Market Muhurat Trading: सुख-समृद्धि और मां लक्ष्मी की आराधना का महापर्व दीपावली और धनतेरस को लेकर भागलपुर का बाजार पूरी तरह सज-धजकर तैयार हो चुका है। शुक्रवार को धनतेरस के पावन अवसर पर शहर के बाजारों में जमकर धनवर्षा होने की उम्मीद है।
बाजार विश्लेषकों और प्रमुख कारोबारियों के अनुसार, इस बार भागलपुर जिले में करीब 300 से 350 करोड़ रुपये का व्यापक व्यापार हो सकता है। हालांकि विक्रमशिला सेतु पर आवागमन प्रभावित रहने की चिंता बनी हुई है, इसके बावजूद ग्राहकों के उत्साह और बढ़ते बजट ने व्यापारियों के चेहरे पर चमक ला दी है।
8 नवंबर को 70 मिनट की मुहूर्त ट्रेडिंग
दीपावली के शुभ अवसर पर शेयर बाजार का पारंपरिक 'मुहूर्त ट्रेडिंग' सत्र 8 नवंबर को दोपहर 2:20 बजे से 3:30 बजे तक आयोजित किया जाएगा। वरिष्ठ चार्टर्ड अकाउंटेंट एवं आर्थिक सलाहकार डॉ. (सीए) प्रदीप कुमार झुनझुनवाला ने बताया कि यह 70 मिनट का सत्र नए संवत्सर की शुरुआत और समृद्धि के संकल्प का प्रतीक है।
25 हजार निवेशक तैयार
इस दौरान निवेशक तकनीक, रक्षा (डिफेंस), एफएमसीजी और ऑटोमोबाइल सेक्टर में निवेश के नए अवसर तलाश सकते हैं। वहीं क्रिएशन ट्रेडिंग के संचालक उत्तम झुनझुनवाला के अनुसार, भागलपुर के 25 हजार से अधिक निवेशक इस सत्र में करीब 100 करोड़ रुपये का निवेश करने की तैयारी में हैं, जिसमें सोना-चांदी (कमोडिटी) के प्रति भी खास रुझान दिख रहा है।
43 से 55 इंच टीवी और प्रीमियम मोबाइल की भारी मांग
बाजार में ग्राहकों की पसंद में बड़ा बदलाव आया है। आदित्य विजन के एरिया सेल्स मैनेजर आशुतोष कुमार के मुताबिक, ग्राहक अब 32 इंच के बजाय 43 से 55 इंच तक के बड़ी स्क्रीन वाले स्मार्ट टीवी को प्राथमिकता दे रहे हैं, जिनकी कीमत 22 हजार से 1.5 लाख रुपये तक है। डबल डोर फ्रिज और प्रीमियम स्मार्टफोन भी आकर्षण के केंद्र हैं।
आईफोन 18 प्रो मैक्स (शुरुआती कीमत ₹1.80 लाख), आईफोन 18 प्रो (₹1.65 लाख) और सैमसंग एस 26 अल्ट्रा (₹1.40 लाख) के अलावा ओप्पो एफ35 और वीवो एक्स80 सीरीज को लेकर युवाओं में भारी उत्साह है। खलीफाबाग चौक स्थित कारोबारी मनीष बुचासिया ने बताया कि कोर-3 और कोर-5 प्रोसेसर वाले करीब 60 हजार रुपये की रेंज के लैपटॉप की सर्वाधिक बुकिंग हो रही है।
40% महिलाओं ने बुक कराईं गाड़ियां
हवाई अड्डा रोड स्थित विराट टीवीएस के संचालक मुकेश कुमार ने बताया कि अपाचे और रेडर के साथ महिलाओं में जुपिटर स्कूटी की जबरदस्त मांग है। इस बार कुल दोपहिया बुकिंग में 40 प्रतिशत भागीदारी नौकरीपेशा महिलाओं, खासकर शिक्षिकाओं और महिला पुलिसकर्मियों की है। गाड़ियों पर चांदी का सिक्का और ₹6500 तक की छूट दी जा रही है।
चारपहिया में स्कॉर्पियो का जलवा
उधर, चारपहिया वाहनों में महिंद्रा स्कॉर्पियो क्लासिक (शुरुआती कीमत ₹15 लाख), स्कॉर्पियो एन (₹16 लाख) और एक्सयूवी 7एक्सओ (₹20 लाख) की प्री-बुकिंग काफी तेज रही है, जिनकी डिलीवरी शुक्रवार को की जाएगी।
सर्राफा में हल्के आभूषण
स्वर्णिका ज्वेलर्स के संचालक विशाल आनंद ने बताया कि हल्के वजन के आभूषणों के तहत 6 ग्राम में हार और 9 ग्राम में हार-बाली सेट उपलब्ध हैं। बाजार में विक्टोरिया चांदी का सिक्का ₹3000 और सामान्य सिक्का ₹2000 में बिक रहा है। बाजार भाव के अनुसार 24 कैरेट सोना ₹1,48,500 प्रति 10 ग्राम और चांदी ₹1.90 लाख प्रति किलो रही।
धनतेरस बाजार: एक नजर में
अनुमानित कुल कारोबार: ₹300 से ₹350 करोड़
रियल एस्टेट बुकिंग लक्ष्य: करीब ₹30 करोड़ (फ्लैट, दुकान व प्लॉट)
शेयर बाजार मुहूर्त ट्रेडिंग: 8 नवंबर (दोपहर 2:20 से 3:30 बजे तक) | अनुमानित निवेश: ~₹100 करोड़
सर्राफा बाजार भाव: 24 कैरेट सोना ₹1,48,500/10 ग्राम | 22 कैरेट सोना ₹1,33,800/10 ग्राम | चांदी ₹1.90 लाख/किग्रा
विक्टोरिया चांदी का सिक्का: ~₹3,000 | सामान्य चांदी सिक्का: ~₹2,000
फाइनेंस ट्रेंड: लगभग 90% इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पाद 'नो-कॉस्ट ईएमआई' पर बिकने की संभावना
बर्तनों में दक्षिण भारतीय डिजाइन की धूम
गुरुद्वारा रोड के बर्तन कारोबारी दीपक कुमार साह के अनुसार, इस बार दक्षिण भारतीय कला से प्रेरित अष्ट लक्ष्मी कलश (₹1500–7000), अष्ट लक्ष्मी दीपक (₹1200–5000), अष्ट लक्ष्मी उरली (₹4000–15000) और एंटीक सिंहासन की मांग सबसे ज्यादा है। इसके अलावा क्रेडाई अध्यक्ष आलोक अग्रवाल ने बताया कि रियल एस्टेट सेक्टर में फ्लैट, प्लॉट और दुकानों की लगभग 30 करोड़ रुपये की बुकिंग होने की उम्मीद है।
90 फीसदी ग्राहक ले रहे नो-कॉस्ट EMI का सहारा
महंगे इलेक्ट्रॉनिक्स और गैजेट्स खरीदने के लिए ग्राहक फाइनेंस सुविधाओं का भरपूर लाभ उठा रहे हैं। बजाज फाइनेंस के आनंद सागर ने बताया कि करीब 90 प्रतिशत ग्राहक ईएमआई पर उत्पाद खरीद रहे हैं। बिना अतिरिक्त ब्याज वाली नो-कॉस्ट ईएमआई और 36 महीने तक की आसान किस्तों की सुविधा ने ग्राहकों के लिए खरीदारी बेहद सुगम बना दी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।