बरेलवी-देवबंदी विवाद पर पूर्व कुलपति डॉ. फारुक अली बेबाक; मुस्लिम लॉ बोर्ड नफरत फैलाने वालों पर लगाए अंकुश
Deobandi Barelvi Controversy : पूर्व कुलपति डॉ. फारुक अली ने कहा कि इस्लाम की पहचान कुरान की शिक्षाओं से है, न कि बरेलवी-देवबंदी जैसे मसलकों से, और 'काफिर' कहने की प्रवृत्ति को संकीर्ण बताया। उन्होंने मुस्लिम समाज से शिक्षा व विकास पर ध्यान देने और मुस्लिम लॉ बोर्ड से नफरत फैलाने वालों पर अंकुश लगाने का आह्वान किया।

Deobandi Barelvi Controversy : देवबंदी-बरेलवी के नाम पर बंटवारा इस्लाम की मूल भावना के खिलाफ: भागलपुर में बोले पूर्व कुलपति डॉ. फारुक अली
HighLights
इस्लाम की पहचान कुरान की पवित्र शिक्षाओं से है।
'काफिर' कहना संकीर्ण और कुंठित विचारधारा का परिचायक है।
मुस्लिम लॉ बोर्ड नफरत फैलाने वालों पर अंकुश लगाए।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। Deobandi Barelvi Controversy : इस्लाम की पहचान किसी खास मसलक या विचारधारा विशेष से नहीं, बल्कि कुरान की पवित्र शिक्षाओं से है। बरेलवी और देवबंदी के नाम पर एक-दूसरे को श्रेष्ठ या छोटा बताने और धार्मिक आधार पर अनावश्यक विवाद खड़ा करने की प्रवृत्ति इस्लाम की मूल भावना के विपरीत है। धर्म में किसी को भी बड़ा या छोटा बताने की कोई व्यवस्था नहीं है।
ये बातें छपरा (जयप्रकाश) विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति डॉ. फारुक अली ने दैनिक जागरण के 'सोमवारी विमर्श' कार्यक्रम में कहीं। किशनगंज जिले में बरेलवी और देवबंदी मसलक को लेकर हाल ही में उठे विवाद के संदर्भ में उन्होंने संपादकीय टीम के विभिन्न सवालों का बेहद बेबाकी से जवाब दिया।
काफिर कहना संकीर्ण और कुंठित विचारधारा का परिचायक
डॉ. फारुक अली ने कहा कि कुरान में कहीं भी ऐसा कोई उल्लेख नहीं है, जिसके आधार पर किसी समुदाय विशेष को काफिर कहा जाए या किसी एक मसलक को दूसरे से श्रेष्ठ ठहराया जाए। इस तरह के बयान पूरी तरह संकीर्ण और कुंठित विचारधारा के परिचायक हैं।
इसके पीछे पूर्वाग्रह, आपसी द्वेष या अपने अनुयायियों की संख्या बढ़ाकर वर्चस्व स्थापित करने की मंशा हो सकती है। उन्होंने सवाल उठाया कि धार्मिक पहचान के नाम पर एक-दूसरे को नीचा दिखाने से आखिर समाज और देश का क्या भला हो सकता है?
उन्होंने कहा कि यह मानना भी बिल्कुल उचित नहीं है कि किसी छोटे शहर से उठी वैमनस्यता और उन्माद से भरी विचारधारा को पूरा देश स्वीकार कर लेगा। यह एक सामाजिक भ्रांति है, जिसके जरिए कुछ लोग समाज को दिग्भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं।
इसके पीछे ऐसी साजिश की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता, जिसका एकमात्र उद्देश्य मुसलमानों को आपस में बांटे रखना है, ताकि उनका सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक विकास हमेशा प्रभावित होता रहे। उन्होंने कहा कि धर्म और मसलक के नाम पर श्रेष्ठता की निरर्थक बहस करने के बजाय मुस्लिम समाज के विकास, शिक्षा और तरक्की पर खुली चर्चा होनी चाहिए।
इस्लाम में न कोई बड़ा, न कोई छोटा; अल्लाह में विश्वास ही मूल
पूर्व कुलपति ने जोर देकर कहा कि सच्चा मुसलमान वही है, जो एक निराकार सत्ता अल्लाह में पूर्ण विश्वास रखता है। इस्लाम की मूल अवधारणा जाति, वर्ग और संकीर्ण भेदभाव से पूरी तरह मुक्त है। मुसलमानों के बीच व्यावहारिक रूप से अलग-अलग जातियां और सामाजिक समूह हो सकते हैं, लेकिन धार्मिक और रूहानी दृष्टि से कोई भी बड़ा या छोटा नहीं है।
कुरान की सभी शिक्षाएं समानता, भाईचारा और आपसी सद्भाव का संदेश देती हैं। निकाह और धर्मांतरण को लेकर भी उन्होंने कुरान की वास्तविक शिक्षाओं के संदर्भ में अपनी बात रखी। उनका कहना था कि इस्लाम को जाति और वर्ग के खांचों में बांटकर देखना उसकी मूल भावना को समझने में भारी चूक है।
डॉ. अली ने कहा कि इस्लाम का इतिहास करीब 1450 वर्ष पुराना है और दुनिया के 57 देशों में इस्लाम प्रमुख धर्म के रूप में स्थापित है। ऐसे में मसलक के नाम पर आपसी टकराव और श्रेष्ठता का नया विवाद खड़ा करना समाज के हित में कतई नहीं है। मुसलमानों को अब अपने तमाम आपसी मतभेद और मसलकी विवाद भुलाकर आधुनिक शिक्षा, सम्मानजनक रोजगार और सामाजिक विकास जैसे जीवन के महत्वपूर्ण मुद्दों पर एकजुट होना चाहिए।
नफरत फैलाने वालों के खिलाफ मुस्लिम लॉ बोर्ड को करनी चाहिए सख्त पहल
उन्होंने कहा कि मसलक के नाम पर मुसलमानों को आपस में लड़ाने और आपसी वैमनस्य बढ़ाने वालों के विरुद्ध ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड को ठोस पहल करनी चाहिए। समाज में ऐसे मौलानाओं और धर्म के नाम पर नफरत व विभाजन की राजनीति करने वालों पर कड़ा अंकुश लगाने की जरूरत है।
यदि समय रहते इस घातक प्रवृत्ति पर रोक नहीं लगाई गई, तो मुस्लिम समाज में विभाजन और गहराता जाएगा, जिससे उनकी आने वाली पीढ़ियों के विकास की राह बुरी तरह प्रभावित होगी। डॉ. फारुक अली ने अंत में कहा कि धार्मिक आस्था नितांत व्यक्तिगत विश्वास का विषय है, इसे आपसी दुश्मनी और सामाजिक विभाजन का माध्यम नहीं बनाया जाना चाहिए।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।