मां, दादी, बहू और बेटियां मिलकर गढ़ती हैं छठ की मिठास: महिलाओं का कठिन तप और समर्पण ही है आस्था के महापर्व का आधार
Chhath Puja Women Hardwork Preparation Bhagalpur Time Use Survey: छठ पूजा में व्रती महिलाओं का कठिन तप और समर्पण ही ...और पढ़ें
-1794637892283_m.webp)
Chhath Puja Women Hardwork Preparation Bhagalpur Time Use Survey: महिला छठ व्रती।
HighLights
व्रती महिलाएं कठिन तप और अनुशासन से करती हैं छठ।
ठेकुआ, कसार बनाने में कई पीढ़ियों का सामूहिक श्रम।
महिलाएं व्रत के साथ घर की जिम्मेदारियां भी बखूबी संभालती हैं।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। Chhath Puja Women Hardwork Preparation Bhagalpur Time Use Survey: छठ के घाट पर जब सूप में सजे ठेकुआ, कसार, मौसमी फल और गन्ने के साथ व्रती महिलाएं अस्ताचलगामी और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देती हैं, तब हर तरफ आस्था और भक्ति का अलौकिक दृश्य दिखाई देता है। लेकिन इस भव्य दृश्य के पीछे कई दिनों की ऐसी अनवरत तैयारी छिपी होती है, जिसकी सबसे बड़ी जिम्मेदारी घर की महिलाओं के कंधों पर होती है।
गेहूं चुनने और सुखाने से लेकर प्रसाद के लिए आटा तैयार कराने, ठेकुआ-कसार बनाने, पूजा के बर्तन साफ करने और घर-आंगन को व्यवस्थित रखने तक उनका श्रम लगातार चलता रहता है। व्रती महिला के लिए यह केवल पूजा नहीं, बल्कि कठिन तप और अनुशासन का पर्व है।
ठेकुआ की मिठास के पीछे कई घंटों की मेहनत
छठ के महाप्रसाद में ठेकुआ का विशेष स्थान है और इसकी तैयारी केवल आटा गूंथने व तलने तक सीमित नहीं रहती। सबसे पहले गेहूं को चुनने, साफ करने, धोने और धूप में सुखाने के बाद शुद्धता के साथ पिसवाया जाता है। इसके बाद परंपरा का ध्यान रखते हुए आटा, गुड़ और शुद्ध घी से ठेकुआ तैयार किया जाता है। कसार, चावल के लड्डू और खरना के प्रसाद की तैयारी में भी महिलाओं का काफी समय और श्रम लगता है।

तीन पीढ़ियां मिलकर बनाती हैं प्रसाद
भागलपुर के कई परिवारों में यह कार्य सामूहिक उत्सव की तरह होता है, जहां मां, दादी, बहू और बेटियां एक साथ बैठकर प्रसाद तैयार करती हैं। सबौर की रामावती देवी बताती हैं कि व्रत की तैयारी के दौरान परिवार की अन्य महिलाओं और बेटियों को साथ लेकर काम किया जाता है, ताकि वे पारंगत हो सकें और अगली पीढ़ी भी उसी नेम-निष्ठा के साथ इस व्रत को आगे बढ़ाए। कोई आटा गूंथती है, कोई ठेकुआ को सांचे पर आकार देती है, तो कोई उसे तलने में मदद करती है। इस दौरान पारंपरिक छठ गीतों के बीच नई पीढ़ी तक रीति-रिवाज स्वाभाविक रूप से पहुंचते हैं।
निर्जला व्रत के साथ घर की जिम्मेदारियां भी बखूबी संभालती हैं महिलाएं
छठ में व्रत रखने वाली महिलाओं के लिए यह शारीरिक और मानसिक अनुशासन की कठिन परीक्षा होती है। नहाय-खाय से ही खानपान और स्वच्छता के कठोर नियमों का पालन शुरू हो जाता है। खरना के दिन पूरे दिन उपवास के बाद शाम को प्रसाद तैयार किया जाता है और फिर 36 घंटे का निर्जला व्रत व अर्घ्य की तैयारी चलती है। कई घरों में व्रती महिलाएं इन धार्मिक नियमों के साथ घर की अन्य जिम्मेदारियां भी संभालती हैं। वहीं, जो महिलाएं व्रत नहीं रखतीं, वे घर की सफाई, बर्तनों की व्यवस्था, फल-सब्जियों की खरीदारी, बच्चों-बुजुर्गों की देखभाल और पूजा सामग्री सहेजने में जुटी रहती हैं।
महिलाओं के श्रम को सम्मान देने का भी संदेश देता है महापर्व
राष्ट्रीय स्तर पर घरेलू काम के समय को लेकर किए गए 'टाइम यूज सर्वे 2024' में भी महिलाओं और पुरुषों के अवैतनिक घरेलू श्रम के बीच बड़ा अंतर सामने आया है, जिसमें महिलाओं का औसत घरेलू कार्य समय पुरुषों से काफी अधिक दर्ज किया गया है। यद्यपि यह आंकड़ा छठ के दौरान किए गए कार्य का अलग से आकलन नहीं है, लेकिन यह त्योहारों के अवसर पर महिलाओं की अतिरिक्त जिम्मेदारियों और उनके समर्पण को समझने व सम्मान देने का महत्वपूर्ण संदर्भ अवश्य प्रस्तुत करता है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।