विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

58 साल पुरानी मनौती और अटूट विश्वास: जब डॉक्टरों ने छोड़ दी थी उम्मीद, तब छठी मइया ने लौटाई थी सैन‍िक पति की सांसें

Published: Thu, 12 Nov 2026 10:42 AM (IST)

Chhath Puja Inspirational Story: भागलपुर की फूलमणि चौधरी ने 1968 में पति के गंभीर हादसे के बाद उनके जीवन की ...और पढ़ें

Chhath Puja Inspirational Story: 1968 में फौजी पति की सलामती के लिए ली थी मनौती, अब बेटी-बहू निभा रहीं विरासत

Chhath Puja Inspirational Story: 1968 में फौजी पति की सलामती के लिए ली थी मनौती, अब बेटी-बहू निभा रहीं विरासत

HighLights

  1. फूलमणि ने पति के जीवन के लिए छठ व्रत का संकल्प लिया।

  2. डॉक्टरों की उम्मीद छोड़ने पर भी पति चमत्कारिक रूप से स्वस्थ हुए।

  3. 51 वर्षों तक व्रत निभाने के बाद, अब अगली पीढ़ी जारी है।

अभिषेक प्रकाश, भागलपुर। Chhath Puja Inspirational Story: कुछ परंपराएं पंचांग की तारीखों से नहीं, बल्कि जीवन के किसी गहरे संकट और अटूट संकल्प से जन्म लेती हैं। उनके पीछे किसी की सच्ची मनौती होती है, किसी की मौन प्रार्थना और किसी का अडिग विश्वास। लोक आस्था का महापर्व छठ भी ऐसा ही पावन अनुष्ठान है, जहां अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने से लेकर उदीयमान भास्कर के स्वागत तक श्रद्धा का एक संपूर्ण संसार जीवंत हो उठता है।

भागलपुर के गोनूधाम (बढ़ड़िया) निवासी 78 वर्षीय फूलमणि चौधरी के जीवन में इस महापर्व के मायने इससे भी कहीं अधिक गहरे हैं। करीब 58 वर्ष पूर्व पति के जीवन की रक्षा के लिए उठे उनके हाथ आज भले ही अर्घ्य देने के लिए जल में न उतर पाते हों, लेकिन उनके उस संकल्प की पावन लौ परिवार की अगली पीढ़ी में पूरी आभा के साथ प्रज्वलित है।

एक हादसा, जिसने आस्था को बना दिया जीवन का संकल्प

बात वर्ष 1968 के आसपास की है। उनके पति शिवनारायण चौधरी सैन्य प्रशिक्षण के सिलसिले में घर से बाहर थे। इसी दौरान हुए एक भीषण हादसे ने पूरे परिवार को गहरे संकट और चिंता में डाल दिया। दुर्घटना में उनकी पीठ की नस दब गई थी और रीढ़ की हड्डी टूट गई थी। स्थिति इतनी नाजुक थी कि चिकित्सकों ने भी उनके बचने की उम्मीद बेहद कम जताई थी। पटना के सुप्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. बी. मोकोपाध्याय की देखरेख में उनका उपचार चला और करीब एक वर्ष तक पूर्ण विश्राम की सलाह दी गई।

Chhath Puja Inspirational Story Bhagalpur Woman 58 Year Chhath Vow Saved Soldier Husband (1)

पति के जीवन पर मंडराते संकट को देख फूलमणि देवी विचलित हो उठीं। उसी कठिन घड़ी में उन्होंने छठी मैया के समक्ष आंचल फैलाकर मनौती रखी कि यदि उनके पति सकुशल स्वस्थ होकर घर लौट आएं, तो वे आजीवन छठ व्रत करेंगी। छठी मैया की कृपा से पति स्वस्थ होकर लौटे, तो उन्होंने अपनी प्रतिज्ञा पूरी की। उन्होंने मंदिर में चांदी की झुनकी चढ़ाई और अचरे पर नटुआ नचवाकर मनौती उतारी। इसके बाद छठ उनके लिए महज एक वार्षिक पर्व नहीं, बल्कि जीवनभर निभाया जाने वाला अटूट विश्वास बन गया।

रातभर पानी में खड़े होकर करती थीं कठिन सूर्योपासना

वर्ष 1968 से लेकर 2019 तक फूलमणि चौधरी ने लगातार 51 वर्षों तक बिना किसी रुकावट के छठ व्रत किया। शारीरिक कष्ट या प्रतिकूल परिस्थितियां कभी उनकी आस्था के मार्ग में बाधा नहीं बन सकीं। वे बताती हैं कि पुराने दौर में छठ का स्वरूप आज की तुलना में काफी कठिन और अलग था। तब व्रती रात के सन्नाटे में ही नदी के ठंडे पानी में उतर जाते थे और पांच से छह घंटे तक लगातार खड़े रहकर भगवान सूर्यदेव की आराधना करते थे।

Chhath Puja Inspirational Story Bhagalpur Woman 58 Year Chhath Vow Saved Soldier Husband (2)

गया प्रवास के दौरान उन्होंने पारंपरिक नदी घाटों पर व्रत किया और भागलपुर आने के बाद भी लंबे समय तक गंगा घाटों पर ही अर्घ्य देती रहीं। बाद के वर्षों में शहर में दंगों और तनावपूर्ण हालात के मद्देनजर सुरक्षा कारणों से उन्होंने घर के समीप ही जलकुंड बनाकर पूजा प्रारंभ की। स्थान बदला और व्यवस्थाएं बदलीं, किंतु सूर्यदेव के प्रति उनके समर्पण में रत्ती भर भी कमी नहीं आई।

पारंपरिक गीतों में आज भी जीवित है बीते जमाने का छठ

पोती अर्पिता चौधरी बताती हैं कि दादी फूलमणि के लिए छठ की स्मृतियां केवल सूप, दउरा और प्रसाद तक सीमित नहीं हैं, बल्कि पारंपरिक लोकगीतों की मिठास भी उनकी सांसों में रची-बसी है। पहले वे स्वयं समूह में सुमधुर छठ गीत गाया करती थीं। अब ढलती उम्र और शारीरिक अस्वस्थता के कारण पहले की भांति ऊंचे स्वर में गा नहीं पातीं, फिर भी संध्या होते ही बिस्तर पर लेटे-लेटे पुराने पारंपरिक गीतों को गुनगुनाने लगती हैं।

छठ महापर्व नजदीक आते ही वे अपनी बेटी, बहू और पोती को पास बिठाकर पुराने गीत सुनाती हैं। उनकी इच्छा है कि नई पीढ़ी केवल पूजा की बाहरी विधि-विधान ही न सीखे, बल्कि उन गीतों के पीछे छिपे लोकभाव, त्याग और सांस्कृतिक विरासत को भी आत्मसात करे।

व्रत भले छूटा, लेकिन नहीं थमने दी परिवार की परंपरा

वर्ष 2019 में एक दुर्घटना में पैर की हड्डी टूट जाने के बाद फूलमणि चौधरी के लिए चलना-फिरना अत्यंत कठिन हो गया। चिकित्सकीय विवशता के कारण करीब 51 वर्षों से अनवरत चल रही उनकी व्यक्तिगत व्रत साधना को विराम देना पड़ा। मगर परिवार की इस गौरवशाली परंपरा को उन्होंने रुकने नहीं दिया।

उनकी सुपुत्री उषा तिवारी और पुत्रवधू करमावती देवी ने सहर्ष आगे बढ़कर इस व्रत की जिम्मेदारी अपने कंधों पर ले ली। अब दोनों उसी निष्ठा, नियम और श्रद्धाभाव से छठ महापर्व संपन्न करती हैं। फूलमणि चौधरी के जीवन का यह प्रेरक पड़ाव इस सत्य को प्रमाणित करता है कि सच्ची परंपराएं केवल स्वयं निभाई ही नहीं जातीं, बल्कि संस्कारों के रूप में अगली पीढ़ी को सौंपी भी जाती हैं।

यह भी पढ़ें- दादी के सुरों को पोती ने दिया डिजिटल मंच; भागलपुर की 'अंग कोकिला' अर्पिता संजो रहीं अंगिका के पारंपरिक छठ गीत

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।