विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दादी के सुरों को पोती ने दिया डिजिटल मंच; भागलपुर की 'अंग कोकिला' अर्पिता संजो रहीं अंगिका के पारंपरिक छठ गीत

Published: Wed, 11 Nov 2026 08:56 AM (IST)

Bhagalpur Angika Singer Arpita Choudhary: भागलपुर की युवा अंगिका गायिका अर्पिता चौधरी अपनी दादी से सीखे पारंपरिक लोकगीतों को डिजिटल ...और पढ़ें

Bhagalpur Angika Singer Arpita Choudhary: भागलपुर की अर्पिता चौधरी बनीं 'अंग कोकिला', आकाशवाणी भागलपुर में अंग‍िका में गा रहीं छठ गीत।

Bhagalpur Angika Singer Arpita Choudhary: भागलपुर की अर्पिता चौधरी बनीं 'अंग कोकिला', आकाशवाणी भागलपुर में अंग‍िका में गा रहीं छठ गीत।

HighLights

  1. दादी फूलमणि चौधरी से सीखे पारंपरिक अंगिका गीत।

  2. डिजिटल माध्यम से छठ और लोकगीतों का संरक्षण।

  3. अर्पिता चौधरी को 'अंग कोकिला' की उपाधि मिली।

जागरण संवाददाता, भागलपुर। Bhagalpur Angika Singer Arpita Choudhary: वक्त के साथ समाज और तकनीक में बहुत कुछ बदल गया है, लेकिन कुछ आवाजें और परंपराएं ऐसी होती हैं जो पीढ़ियों के बीच अटूट सेतु बनकर संस्कृति को जीवित रखती हैं। कभी दादी-नानी के आंगन और देहरी पर गूंजने वाले अंगिका के पारंपरिक लोकगीत आज की तेज रफ्तार डिजिटल जिंदगी में नई पीढ़ी की जुबां से दूर होते जा रहे हैं।

ऐसे दौर में सिल्क सिटी भागलपुर की एक होनहार बेटी अपनी दादी की स्मृतियों और कंठ के सुरों को डिजिटल दुनिया के जरिए वैश्विक पहचान दिलाने में जुटी है।

शहर के मीरजानहाट स्थित कैलाशपुरी कॉलोनी की रहने वाली युवा अंगिका गायिका अर्पिता चौधरी अपनी 78 वर्षीय दादी फूलमणि चौधरी से बचपन में सुने लोकगीतों को न केवल अपनी सुरीली आवाज दे रही हैं, बल्कि उन्हें इंटरनेट मीडिया के माध्यम से सहेजकर समाज के सामने प्रस्तुत कर रही हैं।

अर्पिता के लिए यह महज गायकी का शौक नहीं, बल्कि अपनी मातृभाषा, अंग संस्कृति और पारिवारिक विरासत को अगली पीढ़ी तक अक्षुण्ण पहुंचाने का एक पावन संकल्प है।

दादी के आंगन से डिजिटल स्टूडियो तक का सफर

अर्पिता के लिए छठ और लोकगीतों का प्रारंभिक पाठ किसी बड़े संगीत महाविद्यालय से नहीं, बल्कि घर के आंगन में दादी के सानिध्य से शुरू हुआ। उनकी दादी फूलमणि चौधरी लंबे समय तक पूरी निष्ठा के साथ छठ महापर्व का अनुष्ठान करती रहीं। अब उम्र के 78वें पड़ाव पर शारीरिक शिथिलता के कारण वह स्वयं व्रत करने में असमर्थ हैं, लेकिन लोकगीतों और भजनों से उनका आध्यात्मिक नाता आज भी उतना ही प्रगाढ़ है।

Bhagalpur Arpita Choudhary Preserves Angika Folk Songs Digitally

अंगिका लोक गायिका अर्पिता चौधरी

  • कलाकार: अर्पिता चौधरी ('अंग कोकिला')

  • निवास: कैलाशपुरी कॉलोनी, मीरजानहाट, भागलपुर

  • प्रेरणा स्रोत: 78 वर्षीय दादी फूलमणि चौधरी

  • संगीतिक गुरु: गुरु विनय शुक्ला एवं लाल मोहन प्रसाद

  • शिक्षा एवं कार्यक्षेत्र: अंग्रेजी में स्नातक व परास्नातक; वर्तमान में आकाशवाणी भागलपुर से जुड़ी हैं

वह प्रतिदिन शाम को करीब आधा घंटा अंगिका के पारंपरिक गीत और भजन गुनगुनाती हैं। अर्पिता बताती हैं कि वह दादी द्वारा गाए गए गीतों को पहले दो-तीन बार बहुत ध्यान से सुनती हैं। इसके बाद उनके मूल शब्दों को डायरी में लिपिबद्ध करती हैं। फिर अपनी संगीत टीम के साथ बैठकर पारंपरिक वाद्ययंत्रों की धुन तैयार की जाती है और अंत में उसे रिकॉर्ड कर डिजिटल मंचों के जरिए श्रोताओं तक पहुंचाया जाता है।

'कोन जल पेख मालिन बेली चमेली' और 'छठि मइया अइतई अंगनमा, सजन हम करबई बरतिया' जैसे उनके गाए पारंपरिक गीत आज इंटरनेट पर अंग क्षेत्र की लोकसंस्कृति की महक बिखेर रहे हैं।

16 संस्कारों के लोकगीतों को भी दे रहीं आवाज

अर्पिता बीते तीन वर्षों से अंगिका के उपेक्षित और लुप्तप्राय छठ गीतों को सहेजने के अभियान में समर्पित हैं। अब तक वह आधा दर्जन से अधिक पारंपरिक छठ गीतों को अपनी आवाज में रिकॉर्ड कर चुकी हैं। हालांकि, उनका यह प्रयास सिर्फ छठ महापर्व तक ही सीमित नहीं है।

bihar chhath puja goes global with dig french article (3)

सनातन परंपरा के 16 संस्कारों—जैसे सोहर, मुंडन, उपनयन और विवाह गीतों के साथ-साथ अंग क्षेत्र के सामाजिक और ऋतु गीतों को भी वह अपने डिजिटल चैनल के माध्यम से लगातार साझा कर रही हैं, ताकि नई पीढ़ी अपनी समृद्ध जड़ों से कटी न रहे।

आलोचनाओं की नहीं की परवाह, कहलाईं 'अंग कोकिला'

अंगिका भाषा में गायन की राह चुनना अर्पिता के लिए आसान नहीं था। आधुनिक परिवेश में पारंपरिक परिधान पहनने और ठेठ अंगिका में गाने को लेकर शुरुआत में उन्हें कई दोस्तों और परिचितों की उपेक्षा व तंज का सामना करना पड़ा। कुछ लोगों ने उन्हें पुराने ख्यालात की तक कहा और ज्यादा लोकप्रियता पाने के लिए हिंदी या भोजपुरी में गाने की सलाह दी।

लेकिन अर्पिता अपने संकल्प पर अडिग रहीं। अर्पिता का स्पष्ट मानना है—"मैंने अंगिका को नहीं चुना, बल्कि अंगिका ने मुझे चुना है। अपनी मातृभाषा को भूलना अपनी मां को भूलने के समान है।"

अंग्रेजी विषय में स्नातक और परास्नातक (पीजी) की उच्च शिक्षा हासिल करने वाली अर्पिता वर्तमान में आकाशवाणी भागलपुर में शुद्ध हिंदी उद्घोषक के रूप में अपनी सेवाएं दे रही हैं।

उन्होंने शास्त्रीय संगीत की बारीकियां गुरु विनय शुक्ला और लाल मोहन प्रसाद से सीखी हैं। कला-संस्कृति विभाग सहित विभिन्न साहित्यिक व सामाजिक संस्थाओं से उन्हें अब तक 15 से अधिक प्रतिष्ठित पुरस्कार प्राप्त हो चुके हैं। आज पूरे अंग क्षेत्र में कलाप्रेमी उन्हें सम्मान से 'अंग कोकिला' कहकर पुकारते हैं।

यह भी पढ़ें- फ्रांस सहित 54 देशों में गूंज रही छठ महापर्व की महिमा, ब‍िहार के कोसी रेंज DIG डॉ. कुमार आशीष के फ्रेंच आलेख की चर्चा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।