गंगा किनारे छठ की अद्भुत छटा, माथे से नाक तक नारंगी सिंदूर और सूर्य की लालिमा; न पुरोहित की अनिवार्यता, न मंत्र व आडंबर
Chhath Puja 2026 Orange Sindoor Significance Evening Morning Arghya: भागलपुर के गंगा घाटों पर छठ महापर्व की अद्भुत छटा दिख ...और पढ़ें
-1794683992360_m.webp)
Chhath Puja 2026 Orange Sindoor Significance Evening Morning Arghya: भागलपुर के गंगा घाटों से अस्थायी जलकुंडों तक दिखेगी छठ की अनुपम छटा
HighLights
गंगा घाटों पर नारंगी सिंदूर और सूर्य की लालिमा का अद्भुत संगम।
छठ महापर्व प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और सहजता का प्रतीक।
बिना पुरोहित या आडंबर के सूर्यदेव की सीधी उपासना।
ललन तिवारी, भागलपुर। Chhath Puja 2026 Orange Sindoor Significance Evening Morning Arghya: माथे से नाक तक दमकता नारंगी सिंदूर और क्षितिज पर अस्त होते सूर्य की लालिमा—छठ महापर्व के अवसर पर प्रकृति के ये दोनों रंग गंगा की लहरों के बीच एक अद्भुत दृश्य रचेंगे। व्रती के सिंदूर में सुहाग, संकल्प और परिवार के मंगल की कामना झलकेगी, जबकि सूर्यदेव की आभा पूरी सृष्टि को ऊर्जा देने का संदेश देगी।
हाथों में फल, ठेकुआ और पारंपरिक पकवानों से सजा बांस का सूप लेकर जब व्रती जल में खड़ी होंगी, तो गंगा की शीतल धारा उनके पैरों को स्पर्श करेगी और स्वजन लोटे से दूध व जल अर्पित कर सूर्यदेव को नमन करेंगे। चारों ओर छठी मइया के गीत, दीपों की रोशनी और पवित्रता का वातावरण होगा।
-1794683886469.webp)
गंगा घाटों से अस्थायी जलकुंडों तक साकार होगी सूर्य उपासना
रविवार की शाम और सोमवार की सुबह अंग प्रदेश में गंगा किनारे यही पावन दृश्य साकार होगा। भागलपुर के गंगा घाटों से लेकर तालाबों और घरों में बने अस्थायी जलकुंडों तक सूर्य उपासना की अनुपम छटा दिखेगी। शहर से लेकर गांव तक लोगों में जबरदस्त उत्साह है और सभी की आस्था व तैयारी का केंद्र भगवान सूर्य और छठी मइया हैं।

सिंदूर की नारंगी आभा में झलकता है सूर्य का तेज
छठ में व्रती महिलाओं का नाक से माथे तक लंबा नारंगी सिंदूर लगाना विशेष आकर्षण होता है। लोक मान्यता में इसे अखंड सौभाग्य, पति की दीर्घायु और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना से जोड़ा जाता है। इसके साथ ही नारंगी रंग सूर्य के तेज, ऊर्जा और प्रकाश का भी प्रतीक है। जब व्रती के चेहरे का सिंदूर और अस्त होते सूर्य की आभा एक साथ दिखते हैं, तो छठ भावनाओं और परंपराओं का जीवंत उत्सव बन जाता है।
न पुरोहित की अनिवार्यता, न आडंबर; प्रकृति को कृतज्ञता का पर्व
छठ की सबसे बड़ी विशेषता इसकी सहजता और सामाजिक समानता है। इस पूजा के लिए किसी भव्य मंदिर, प्रतिमा या पुरोहित की अनिवार्यता नहीं होती। सूर्यदेव को सीधे अर्घ्य दिया जाता है और यहां जाति, वर्ग या आर्थिक स्थिति का कोई भेद नहीं रहता। बांस के सूप में गन्ना, नारियल, केला, मौसमी फल और कृषि उपज प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का संदेश देते हैं।
-1794684047086.webp)
रविवार को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने के बाद सोमवार भोर में उदीयमान सूर्य की आराधना होगी। जब पहली नारंगी किरणें गंगा की लहरों पर उतरेंगी, तब व्रती उगते सूर्य को अर्घ्य देकर कठिन निर्जला व्रत का पारण करेंगी। छठ का यही शाश्वत संदेश है—डूबते सूर्य को भी उतनी ही श्रद्धा से प्रणाम करें, जितनी श्रद्धा से उगते सूर्य का स्वागत करते हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।