हैदराबाद में उतरा पूरा अंग प्रदेश: भागलपुर, बांका व मुंगेर के परिवारों ने एक साथ मनाई छठ, IG विवेक कुमार भी हुए शामिल
Hyderabad Chhath Puja IG Vivek Kumar: हैदराबाद में भागलपुर, बांका और मुंगेर के सैकड़ों प्रवासी परिवारों ने एक साथ छठ ...और पढ़ें

Hyderabad Chhath Puja IG Vivek Kumar: प्रवासी परिवारों संग आईजी विवेक कुमार ने दिया अर्घ्य
HighLights
हैदराबाद में अंग प्रदेश के सैकड़ों परिवारों ने मनाई छठ पूजा।
बूढ़ानाथ और कष्टहरणी घाट की यादें हुईं ताजा।
आईजी विवेक कुमार ने छठ को अनुशासन का पर्व बताया।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। Hyderabad Chhath Puja IG Vivek Kumar: सात समंदर पार नहीं, बल्कि अपने ही देश में सैकड़ों किलोमीटर दूर हैदराबाद में इस बार लोक आस्था के महापर्व छठ ने अंग प्रदेश की यादें ताजा कर दीं। भागलपुर, बांका और मुंगेर के सैकड़ों प्रवासी परिवारों ने एक ही तालाब पर एक साथ छठ पूजा की, तो नजारा ऐसा दिखा मानो पूरा अंग प्रदेश ही हैदराबाद में उतर आया हो।
बूढ़ानाथ और कष्टहरणी घाट की ताजा हुई याद
हैदराबाद में निवास करने वाले अंग नगरी के सैकड़ों परिवारों ने घर से दूर होने के बावजूद अपनी लोक परंपरा को पूरी जीवंतता के साथ संजोए रखा। सभी परिवारों ने एक ही तालाब पर एकत्र होकर चार दिवसीय अनुष्ठान मनाया। तालाब के चारों ओर केले के पेड़, गन्ना, आम की पत्ती और मिट्टी के दीपों से छठ घाटों को इतनी खूबसूरती से सजाया गया था कि देखने वालों को भागलपुर के बूढ़ानाथ घाट और मुंगेर के कष्टहरणी घाट की याद आ गई।
एक परिवार की तरह जुटे प्रवासी
छठ पूजा आयोजन समिति के संयोजक विनय जैन ने बताया कि हैदराबाद में नौकरी और व्यवसाय के सिलसिले में अंग प्रदेश के लोगों की संख्या लगातार बढ़ रही है, लेकिन छठ महापर्व आते ही सभी एक परिवार की तरह एक स्थान पर जुट जाते हैं।
प्रशिक्षण सत्र से समय निकालकर पहुंचे आईजी विवेक कुमार
इस पावन अवसर पर आईजी ईस्टर्न रेंज विवेक कुमार को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया था। वे अपने प्रशिक्षण सत्र से बहुमूल्य समय निकालकर छठ घाट पहुंचे और श्रद्धालुओं के साथ अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित कर सभी के सुख-समृद्धि की कामना की।
आईजी विवेक कुमार ने कहा कि लोक आस्था के महापर्व में अर्घ्य देना उनके लिए सौभाग्य की बात है। छठ केवल पूजा नहीं, बल्कि अनुशासन, स्वच्छता और परिवार को जोड़ने वाला पर्व है। प्रवास में भी लोगों का अपनी मिट्टी से इतना गहरा जुड़ाव देखकर मन प्रफुल्लित हो गया।
पारंपरिक गीतों व जयकारों से गूंजा परिसर, समिति ने किए पुख्ता इंतजाम
नहाय-खाय से लेकर खरना और संध्या अर्घ्य तक सभी विधियां पूरी श्रद्धा से निभाई गईं। महिलाओं के पारंपरिक छठ गीतों और श्रद्धालुओं के जयकारों से पूरा तालाब क्षेत्र गूंज उठा। आयोजन समिति की ओर से घाट पर साफ-सफाई, सुरक्षा, प्रकाश और प्रसाद की समुचित व्यवस्था की गई थी, जिससे देर शाम तक श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही।
इस मौके पर अमन सर्राफ, सुमित जैन, रजनीश सिंह सिसोदिया, रागिनी सिंह, अनमोल वत्स और दीपक कुमार सहित दर्जनों श्रद्धालु मौजूद रहे। यह आयोजन एक बार फिर साबित कर गया कि छठ प्रवासी बिहारियों की अस्मिता और पहचान है।
यह भी पढ़ें- बिहार का एक ऐसा गांव, जहां छठ में मोर को साथ लेकर अर्घ्य देते हैं लोग, 'मयूर विहार' के तालाब पर दिखा अद्भुत नजारा
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।