छठ महापर्व 2026 : नहाय-खाय पर आसमान छू गए कद्दू के भाव: भागलपुर में ₹ 1000 Kg तक बिका, 50-100 ग्राम खरीदते दिखे लोग
छठ महापर्व 2026 : छठ महापर्व के नहाय-खाय पर भागलपुर में कद्दू की कीमतें आसमान छू गईं, घोघा में ₹1000 ...और पढ़ें

छठ महापर्व 2026 : भागलपुर के घोघा स्थित गोल सड़क पर लगने वाली हाट में कद्दू (लौकी) के भाव रिकॉर्ड 1,000 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गए।
HighLights
घोघा हाट में कद्दू ₹1000 प्रति किलो तक बिका।
आवक कम होने से व्रतियों ने 50-100 ग्राम कद्दू खरीदा।
नहाय-खाय अनुष्ठान में कद्दू-भात का प्रसाद बनाना अनिवार्य।
जागरण टीम, भागलपुर / घोघा / अजगैवीनाथ धाम (भागलपुर)। छठ महापर्व 2026 : लोक आस्था के महापर्व छठ के पहले दिन नहाय-खाय को लेकर बाजारों में कद्दू (लौकी) और पूजन सामग्री की खरीदारी के लिए भारी भीड़ उमड़ पड़ी। इस दौरान भागलपुर जिले के घोघा स्थित गोल सड़क पर लगने वाली हाट में कद्दू की मांग इतनी अधिक बढ़ गई कि इसकी कीमत रिकॉर्ड एक हजार रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई। मांग के मुकाबले बाजार में आवक काफी कम होने के कारण व्रतियों और श्रद्धालुओं को मजबूरी में 50 ग्राम से लेकर 100 ग्राम तक कद्दू खरीदना पड़ा।
आस्था की अनिवार्यता के कारण थोड़ी-थोड़ी मात्रा में खरीदा कद्दू
नहाय-खाय के अनुष्ठान में कद्दू-भात का प्रसाद बनाना अनिवार्य माना जाता है। ऐसे में आसमान छूती कीमतों के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था कम नहीं हुई और लोगों ने अपनी जरूरत के हिसाब से 50 से 100 ग्राम कद्दू खरीदकर पूजा की परंपरा निभाई। इधर, घोघा हाट में 1,000 रुपये प्रति किलो कद्दू बिकने से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें आवक और आवागमन प्रभावित होने से दाम बढ़ने की चर्चा की जा रही है।
भागलपुर जिले के प्रमुख बाजारों में कद्दू (लौकी) के भाव (नहाय-खाय)
| बाजार / क्षेत्र | सामान्य दिनों का भाव | छठ (नहाय-खाय) पर भाव | प्रमुख स्थिति |
| घोघा हाट (गोल सड़क) | 20 – 30 रुपये/किलो | 1,000 रुपये/किलो तक | आवक कम होने से व्रतियों ने 50 से 100 ग्राम तक कद्दू खरीदा |
| भागलपुर शहरी बाजार | 30 – 40 रुपये/किलो | 100 रुपये (लंबा) व 200 रुपये (गोल) | नहाय-खाय को लेकर सुबह से ही बाजारों में खरीदारों की भारी भीड़ |
| अजगैवीनाथ धाम (सुलतानगंज) | 20 – 30 रुपये/किलो | 60 – 80 रुपये/किलो | पूजा सामग्री व नारियल, ईख, केला और सूप की खरीदारी भी तेज |
भागलपुर शहर में 100 से 200 और अजगैवीनाथ धाम में 60 से 80 रुपये किलो पहुंचा भाव
जिले के अन्य प्रमुख बाजारों में भी कद्दू के दामों में भारी उछाल देखा गया। भागलपुर शहरी क्षेत्र के बाजारों में जहां लंबा कद्दू 100 रुपये प्रति किलो तक बिका, वहीं गोल कद्दू की कीमत 200 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई। दूसरी ओर, अजगैवीनाथ धाम (सुलतानगंज) के बाजार में आम दिनों में 20 से 30 रुपये प्रति किलो मिलने वाला कद्दू 60 से 80 रुपये प्रति किलो तक बिका।
मिट्टी के चूल्हे पर बना कद्दू-भात का महाप्रसाद, पूजन सामग्री की भी रही धूम
नहाय-खाय के अवसर पर छठ व्रतियों ने गंगा स्नान के बाद घरों में आम की सूखी लकड़ी और मिट्टी के चूल्हे पर कद्दू की सब्जी, चने की दाल और अरवा चावल का महाप्रसाद तैयार किया। भगवान सूर्य को भोग लगाने के बाद व्रतियों ने इसे प्रसाद के रूप में ग्रहण किया और परिवार के अन्य सदस्यों व श्रद्धालुओं के बीच वितरित किया। कद्दू के साथ-साथ बाजारों में नारियल, डाभ (गागल), ईख, केला, सेब, संतरा और सूप-डाला की खरीदारी भी पूरे दिन जोरों पर रही।