कद्दू के दाम : भागलपुर में लायंस क्लब ने 51 छठ व्रतियों को बांटी पूजन सामग्री, गोशाला में 100 सूपों का होगा निबंधन
Chhath Puja 2026 Market भागलपुर में छठ महापर्व के 'नहाय-खाय' अनुष्ठान से पहले कद्दू के दाम दोगुने हो गए हैं, ...और पढ़ें

Chhath Puja 2026 Market नहाय-खाय से पहले भागलपुर में दोगुने हुए कद्दू के दाम
HighLights
कद्दू के दाम नहाय-खाय से पहले दोगुने हुए।
लायंस क्लब ने 51 व्रतियों को पूजन सामग्री बांटी।
श्री श्री गोशाला में छठ पूजा की तैयारी तेज।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। Chhath Puja 2026 Market लोक आस्था के महापर्व छठ के पहले दिन होने वाले 'नहाय-खाय' अनुष्ठान को लेकर भागलपुर के बाजारों में चहल-पहल तेज हो गई है। पारंपरिक कद्दू-भात के प्रसाद के लिए बाजार में कद्दू की खरीदारी जोर पकड़ने के साथ ही इसकी कीमतों में भी जबरदस्त उछाल आया है। इस बार स्थानीय स्तर पर उपजे कद्दू के अलावा आसपास के जिलों से भी अच्छी-खासी आवक हो रही है, फिर भी मांग के आगे कीमतें दोगुनी हो गई हैं।
30 रुपये वाला कद्दू पहुंचा 80 के पार, बाहरी जिलों से भी आवक
शहर के जीरोमाइल स्थित सब्जी विक्रेता नीतू ने बताया कि बुधवार को कद्दू के दामों में सीधे दोगुनी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। जो कद्दू सामान्य दिनों में 30 रुपये प्रति पीस बिक रहा था, वह अब 60 से 80 रुपये प्रति पीस तक बिक रहा है। उनके अनुसार, भागलपुर के बाजारों में मधेपुरा, कटिहार और नवगछिया सहित अन्य समीपवर्ती क्षेत्रों से बड़ी मात्रा में कद्दू की खेप पहुंच रही है। इसके बावजूद छठ पर्व की भारी मांग के कारण कीमतों में तेजी बरकरार है।
भागलपुर छठ बाजार व आयोजन: प्रमुख विवरण
कद्दू का बाजार भाव: ₹30 से बढ़कर ₹60–₹80 प्रति पीस (आवक: मधेपुरा, कटिहार, नवगछिया व स्थानीय क्षेत्र)
सेवा पहल (लायंस क्लब रॉयल): 51 जरूरतमंद व्रतियों को सूप, साड़ी, नारियल, गेहूं व संपूर्ण पूजन सामग्री का वितरण (स्थान: इंटेलिजेंट्सिया किड्स प्ले स्कूल)
श्री श्री गोशाला आयोजन: अधिकतम 100 सूप-डाला का निबंधन; सहयोग राशि ₹801 (पूजन सामग्री व प्रसाद सहित)
गोशाला अनुष्ठान कार्यक्रम:
13 नवंबर: नहाय-खाय (दोपहर 1 बजे कद्दू-भात प्रसाद)
14 नवंबर: खरना (रात्रि 8 बजे प्रसाद वितरण)
15 नवंबर: अस्ताचलगामी सूर्य को सांध्य अर्घ्य
16 नवंबर: उदीयमान सूर्य को प्रातः अर्घ्य
वहीं, सब्जी विक्रेता राजू ने बताया कि गुरुवार को नहाय-खाय को लेकर कद्दू की खरीदारी अपने चरम पर रहेगी, जिससे कीमतों में और अधिक इजाफा होने की संभावना है। बढ़ती कीमतों की आशंका को देखते हुए श्रद्धालु पहले से ही खरीदारी कर रहे हैं।
लायंस क्लब ऑफ भागलपुर रॉयल ने 51 व्रतियों को बांटी पूजन सामग्री
महापर्व के पावन अवसर पर सामाजिक संस्थाओं द्वारा सेवा कार्य भी तेज कर दिए गए हैं। लायंस क्लब ऑफ भागलपुर रॉयल की ओर से बुधवार को शहर के इंटेलिजेंट्सिया किड्स प्ले स्कूल परिसर में एक सेवा शिविर आयोजित कर 51 आर्थिक रूप से असक्षम छठ व्रतियों को निःशुल्क पूजन सामग्री वितरित की गई। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ प्रथम उपजिलापाल अविनाश कुमार साह ने किया।
व्रतियों को सम्मानपूर्वक सूप के साथ नारियल, नई साड़ी, गेहूं, सिंदूर, अगरबत्ती, आलता, रूई बत्ती सहित अन्य आवश्यक पूजन सामग्रियां प्रदान की गईं। इस मौके पर क्लब अध्यक्ष शिखा सिंहानिया, संयोजक प्रीतम कुमार, पूर्व जिलापाल अनुपम सिंहानिया, संकल्प मेहरोत्रा, कुंज मोहन चौधरी, अंकित बाजोरिया, निधि राजगढ़िया, राजकुमारी जैन, नीलम अग्रवाल, ब्रजेश अग्रवाल सहित कई सदस्य मौजूद रहे।
श्री श्री गोशाला में छठ की तैयारी तेज, 801 रुपये में होगा सूप-डाला का निबंधन
इधर, लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर श्री श्री गोशाला भागलपुर परिसर में भी आयोजन की तैयारियां जोरों पर हैं। श्रद्धा, शुचिता और पारंपरिक आस्था के साथ गोशाला परिसर में होने वाले छठ पूजा को लेकर समिति द्वारा व्रतियों और श्रद्धालुओं के लिए व्यापक प्रबंध किए जा रहे हैं।
समिति के महामंत्री गिरधारी केजरीवाल ने जानकारी दी कि व्यवस्था बनाए रखने के लिए अधिकतम 100 सूप-डाला का ही निबंधन किया जाएगा। इच्छुक श्रद्धालु गोशाला कार्यालय में संपर्क कर अपना निबंधन करा सकते हैं। एक सूप अथवा डाला के लिए संपूर्ण पूजन सामग्री एवं प्रसाद सहित 801 रुपये सहयोग राशि निर्धारित की गई है। जिन सदस्यों के पास अपना स्वयं का सूप उपलब्ध है, उनसे रसीद कटवाते समय इसकी सूचना देने का आग्रह किया गया है।
गोशाला में 13 से 16 नवंबर तक चलेगा चार दिवसीय अनुष्ठान
कार्यक्रम संयोजक रोहित बाजोरिया ने चार दिवसीय अनुष्ठान की रूपरेखा साझा करते हुए बताया कि 13 नवंबर को नहाय-खाय के साथ महापर्व का शुभारंभ होगा, जिसमें दोपहर एक बजे से कद्दू-भात का प्रसाद तैयार किया जाएगा। 14 नवंबर को रात्रि आठ बजे खरना का प्रसाद वितरित होगा। इसके बाद 15 नवंबर की संध्या को अस्ताचलगामी सूर्य और 16 नवंबर की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया जाएगा।
सह-संयोजक सुधांशु शेखर अग्रवाल एवं सुनील बुधिया ने बताया कि तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। निदेशक रामगोपाल पोद्दार सहित समिति के सभी सदस्य आयोजन को सफल बनाने में जुटे हैं और श्रद्धालुओं से सपरिवार शामिल होने की अपील की है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।