छठ बाजार : कश्मीरी सेब, नागपुरी संतरा व केरल के नारियल से सजा बाजार; ₹200 जोड़ा सूप तो ₹200 की डालिया, केला ₹40 दर्जन
Chhath Puja Market Fruits Price: भागलपुर में छठ महापर्व के लिए फल और पूजन सामग्री का बाजार सज गया है, ...और पढ़ें

Chhath Puja Market Fruits Price: भागलपुर में महापर्व छठ को लेकर भागलपुर में 12 करोड़ के व्यापार का अनुमान
HighLights
भागलपुर में छठ महापर्व के लिए फल बाजार पूरी तरह तैयार।
कश्मीर के सेब, नागपुर के संतरे और केरल के नारियल उपलब्ध।
बांस के सूप-डाला और अन्य पूजन सामग्री की बिक्री तेज।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। Chhath Puja Market Fruits Price: लोक आस्था और सूर्योपासना के महापर्व छठ को लेकर रेशमी शहर भागलपुर का फल और पारंपरिक पूजन सामग्री बाजार पूरी तरह सज गया है। शहर के हृदयस्थली वेरायटी चौक से लेकर लोहिया पुल तक करीब आधा किलोमीटर के दायरे में सड़क के दोनों ओर छठ पूजा से जुड़ी सभी जरूरी सामग्रियों की दुकानें सज चुकी हैं। महापर्व के नजदीक आते ही बाजार में शहरी क्षेत्र के अलावा आसपास के ग्रामीण व सीमावर्ती जिलों के खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ने लगी है।
इस बार बाजार में कश्मीर के सेब, नागपुर के संतरे, नासिक के अनार और दक्षिण भारत के केरल से आए नारियल की जबर्दस्त आवक हो रही है। कारोबारी प्रदीप कुमार झुनझुनवाला के अनुसार, इस वर्ष छठ महापर्व के दौरान शहर में 12 करोड़ रुपये से अधिक के फल व पूजन सामग्री के कारोबार होने का मजबूत अनुमान है।
कश्मीर से सेब और नागपुर से संतरे की आवक, कीमतें स्थिर
फल मंडी में देश के अलग-अलग राज्यों से ताजे फलों की खेप निरंतर पहुंच रही है। फल विक्रेता मोहम्मद साहब ने बताया कि कश्मीर से सेब की सीधी आवक जारी है। वर्तमान में सेब का मुख्य सीजन होने के कारण इस बार कीमतों में अप्रत्याशित उछाल की आशंका नहीं है। वर्तमान में सेब 100 से 120 रुपये प्रति किलोग्राम के बीच आसानी से उपलब्ध है।
भागलपुर छठ बाजार: प्रमुख फल व पूजन सामग्री की ताजा दरें
| सामग्री / फल | उद्गम / मंडी | वर्तमान बाजार भाव |
| सेब | कश्मीर | ₹100 से ₹120 प्रति किलो |
| संतरा | नागपुर | ₹80 से ₹120 प्रति किलो |
| अनार | नासिक | ₹200 से ₹220 प्रति किलो |
| सिंघाड़ा | स्थानीय / क्षेत्रीय | ₹60 से ₹80 प्रति किलो |
| केला | हाजीपुर / स्थानीय | ₹40 से ₹60 प्रति दर्जन |
| नारियल | केरल | ₹100 से ₹120 प्रति जोड़ा (मांग बढ़ने पर ₹200 तक संभव) |
| सूप (बांस) | स्थानीय कारीगर | ₹200 प्रति जोड़ा |
| डालिया | स्थानीय कारीगर | ₹200 से ₹300 प्रति पीस |
इसके साथ ही खट्टे-मीठे स्वाद वाला नागपुर का संतरा 80 से 120 रुपये प्रति किलो के भाव पर बिक रहा है। वहीं पर्व के लिए जरूरी सिंघाड़ा 60 से 80 रुपये प्रति किलो, नासिक से मंगाया गया उन्नत किस्म का अनार 200 से 220 रुपये प्रति किलो और पूजा का मुख्य फल केला 40 से 60 रुपये प्रति दर्जन के स्तर पर बिक रहा है। कारोबारियों का कहना है कि नहाय-खाय और खरना के करीब आते ही फलों की मांग और बढ़ेगी, जिससे बिक्री में भारी उछाल आएगा।
बांस के सूप-डाला की बिक्री तेज, केरल के नारियल की मांग बढ़ी
छठ पर्व में अर्घ्य और प्रसाद के लिए बांस से बने हस्तनिर्मित बर्तनों का विशेष महत्व होता है। बाजार में बांस से बने सूप, डाला और डालिया की खरीदारी जोर पकड़ने लगी है। विक्रेता विजय मलिक ने बताया कि इस समय सामान्य सूप 200 रुपये प्रति जोड़ा और नक्काशीदार डालिया 200 से 300 रुपये प्रति पीस की दर से बिक रही है।
दूसरी ओर, पूजा के अनिवार्य अंग माने जाने वाले नारियल की खेप सीधे केरल से मंगाई गई है। वर्तमान में नारियल 100 से 120 रुपये प्रति जोड़ा बिक रहा है, हालांकि कारोबारियों का मानना है कि अंतिम दिनों में मांग का दबाव बढ़ने पर यह 200 रुपये प्रति जोड़ा तक पहुंच सकता है।
लोहिया पुल थोक मंडी से कई जिलों में सप्लाई
लोहिया पुल और वेरायटी चौक का यह बाजार केवल भागलपुर शहर तक सीमित नहीं है, बल्कि यह पूरे अंग क्षेत्र का प्रमुख आपूर्ति केंद्र बना हुआ है। यहां के थोक आढ़तों से नवगछिया, बांका, सुल्तानगंज, पीरपैंती और कहलगांव के खुदरा व्यापारी भी बड़े पैमाने पर फल, नारियल और सूप-डाला की थोक खरीदारी कर अपने स्थानीय बाजारों में ले जा रहे हैं। इससे पूरे क्षेत्र में त्योहारी रौनक चरम पर पहुंच गई है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।