कद्दू-भात की सौंधी खुशबू से महकी भागलपुर की धरती, नहाय-खाय से छठ महापर्व शुरू; खरना पर 36 घंटे की निर्जला साधना
Chhath Puja 2026 Kaddu Bhat Kharna Date: भागलपुर में लोक आस्था का महापर्व छठ नहाय-खाय के साथ शुरू हो गया ...और पढ़ें

Chhath Puja 2026 Kaddu Bhat Kharna Date:
HighLights
नहाय-खाय के साथ भागलपुर में छठ महापर्व का विधिवत शुभारंभ।
पवित्र गंगा स्नान कर कद्दू-भात का सात्विक प्रसाद ग्रहण।
खरना के बाद व्रती 36 घंटे का निर्जला व्रत रखेंगे।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। Chhath Puja 2026 Kaddu Bhat Kharna Date: गंगा की पवित्र लहरों में आस्था की डुबकी, मिट्टी के चूल्हे पर पकते कद्दू-भात की सौंधी खुशबू और घर-आंगन में गूंजते छठी मइया के पारंपरिक गीत...। इन सबके बीच अंग की ऐतिहासिक धरती एक बार फिर सूर्य उपासना के सबसे बड़े और पावन उत्सव के रंग में पूरी तरह सराबोर हो गई है।
लोक आस्था के चार दिवसीय महापर्व छठ का शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ विधिवत आगाज हो गया। सुबह से ही सुल्तानगंज से लेकर भागलपुर के विभिन्न गंगा घाटों पर स्नान करने वालों का हुजूम उमड़ता रहा, वहीं बाजारों में छठ पूजन सामग्री और फल-प्रसाद की खरीदारी के लिए देर शाम तक भारी चहल-पहल देखी गई।
-1794595182935.webp)
नेम-निष्ठा के साथ मिट्टी के चूल्हे पर बना कद्दू-भात का प्रसाद
नहाय-खाय के अवसर पर छठ व्रतियों ने पवित्र गंगा नदी में स्नान के बाद घरों में पूरी तरह साफ-सफाई और शुद्धि के साथ मिट्टी के चूल्हे पर कद्दू-भात और चने की दाल का सात्विक प्रसाद तैयार किया। आम की लकड़ी की आंच पर सेंधा नमक का उपयोग कर बने इस प्रसाद को सबसे पहले भगवान सूर्यदेव को अर्पित किया गया। इसके बाद व्रतियों ने स्वयं प्रसाद ग्रहण किया और फिर परिवार के सदस्यों, सगे-संबंधियों व श्रद्धालुओं के बीच वितरित किया। कई घरों में इस प्रसाद को ग्रहण करने के लिए परिचितों और मेहमानों की अच्छी-खासी भीड़ जुटी रही।
-1794594886538.webp)
आज खरना के साथ शुरू होगी 36 घंटे की निर्जला कठिन साधना
पर्व के दूसरे दिन शनिवार को व्रतियों के घरों में खरना का महाप्रसाद तैयार किया जाएगा। खरना को लेकर व्रती पूरे दिन उपवास रखेंगे और संध्या काल में मिट्टी के नए चूल्हे पर आम की सूखी लकड़ी से गुड़ की खीर (रसिया) और पूरी का नैवेद्य तैयार करेंगे। भगवान सूर्य को भोग लगाने के बाद व्रती एकांत में प्रसाद ग्रहण करेंगे।
कैलाशपुरी कॉलोनी की करमवती देवी, नयाबाजार की अंजू देवी व मीना देवी और स्टेशन चौक ठाकुरबाड़ी की शकुंतला देवी ने बताया कि खरना पूजा के दौरान विशेष नियमों का कड़ाई से पालन किया जाता है। व्रती एकांत कमरे में पूरी शांति के साथ प्रसाद ग्रहण करती हैं, ताकि किसी भी बाहरी आवाज का व्यवधान न हो। इसके बाद ही व्रतियों का 36 घंटे का निर्जला और अत्यंत कठिन व्रत आरंभ हो जाएगा।
-1794595029814.webp)
गंगा घाटों से लेकर छतों और महादेव तालाब तक व्यापक तैयारियां
गंगा घाटों पर पारंपरिक रूप से छठ करने की परंपरा के साथ-साथ अब बदलते समय के अनुकूल लोग अपने घरों की छतों या पास के मैदानों में अस्थायी जलकुंड बनाकर भी भगवान सूर्य को अर्घ्य दे रहे हैं। वहीं, शहर के दक्षिणी क्षेत्र स्थित ऐतिहासिक महादेव तालाब सहित विभिन्न स्थानीय जलाशयों पर घाटों की सफाई, बैरिकेडिंग और रौशनी की तैयारियां युद्धस्तर पर की जा रही हैं।
पारंपरिक छठ गीतों से भक्तिमय हुआ पूरा वातावरण
घरों और गलियों में बजने वाले पारंपरिक छठ गीतों—"कांच ही बांस के बहंगिया, बहंगी लचकत जाय", "चार ही कोना के पोखरिया, जल उमड़ल जाय", "उगो हे सुरुज देव, जोड़े-जोड़े फलवा" और "केलवा के पात पर उगह हो सुरुज देव" से पूरा माहौल आध्यात्मिक और उत्सवमय हो चुका है। रविवार की शाम को व्रती ठेकुआ, चावल के लड्डू और विभिन्न मौसमी फलों से सूप व डाला सजाकर अस्ताचलगामी (डूबते) सूर्य को पहला अर्घ्य देंगे, जबकि सोमवार सुबह उदीयमान (उगते) सूर्य को अर्घ्य देने के साथ इस महापर्व का समापन होगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।
-1794595159974.webp)