अंकों की दौड़ से आगे निकलेंगे CBSE के छात्र: नए पैटर्न से परखी जाएगी विद्यार्थियों की Logical और Practical समझ
CBSE Competency Based Assessment National Sahodaya Conference Jammu : सीबीएसई ने परीक्षा और मूल्यांकन प्रणाली में बड़ा बदलाव किया है, ...और पढ़ें

CBSE Competency Based Assessment National Sahodaya Conference Jammu : रटने की परंपरा खत्म करने की तैयारी में सीबीएसई
HighLights
सीबीएसई ने दक्षता आधारित मूल्यांकन प्रणाली लागू की।
रटने के बजाय समझ और व्यावहारिक ज्ञान पर जोर।
भागलपुर के 30 से अधिक स्कूलों पर सीधा असर।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। CBSE Competency Based Assessment National Sahodaya Conference Jammu : केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने परीक्षा और मूल्यांकन की परंपरागत व्यवस्था में व्यापक बदलाव की दिशा में बड़ी पहल की है। बोर्ड ने 9 नवंबर को सर्कुलर जारी कर दक्षता आधारित मूल्यांकन (Competency Based Assessment) को बढ़ावा देने की तैयारी शुरू कर दी है।
इस नई व्यवस्था के तहत विद्यार्थियों की योग्यता केवल परीक्षा में प्राप्त अंकों से नहीं, बल्कि विषयों की समझ, तार्किक क्षमता और व्यावहारिक ज्ञान के आधार पर परखी जाएगी। रटकर उत्तर लिखने के बजाय विद्यार्थी सीखी हुई बातों का वास्तविक परिस्थितियों में कितना उपयोग कर सकते हैं, यह सबसे महत्वपूर्ण होगा।
17-18 दिसंबर को जम्मू में होगा 32वां राष्ट्रीय सहोदया सम्मेलन
इस शैक्षणिक बदलाव को धरातल पर उतारने के लिए सीबीएसई की ओर से आगामी 17 और 18 दिसंबर को जम्मू में 32वां राष्ट्रीय सहोदया स्कूल परिसर सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इसमें रटने की परंपरा से आगे बढ़कर समग्र मूल्यांकन, शिक्षकों की मूल्यांकन क्षमता, तकनीक के इस्तेमाल और राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 (एनईपी-2020) के अनुरूप परीक्षा व्यवस्था विकसित करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन मंथन होगा।
भागलपुर के 30 से अधिक स्कूलों और 20 हजार छात्रों पर पड़ेगा सीधा असर
सीबीएसई की इस नई पहल का व्यापक असर भागलपुर के सीबीएसई स्कूलों में भी देखने को मिलेगा। जिले में 30 से अधिक सीबीएसई मान्यता प्राप्त स्कूल हैं, जहां 20 हजार से अधिक विद्यार्थी इस बार मैट्रिक और इंटर की परीक्षा में शामिल होंगे। नई सोच के तहत प्रश्नपत्रों का प्रारूप ऐसा तैयार करने पर जोर रहेगा, जिसमें विद्यार्थियों को रटे-रटाए जवाब के बजाय अपनी समझ और विश्लेषण क्षमता के आधार पर उत्तर देना होगा।
शिक्षकों को मिलेगा विशेष प्रशिक्षण, परियोजना आधारित मूल्यांकन पर जोर
नई प्रणाली को प्रभावी बनाने के लिए शिक्षकों को भी दक्षता आधारित प्रश्न तैयार करने और विद्यार्थियों की प्रगति का सही आकलन करने के लिए विशेष रूप से प्रशिक्षित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त सम्मेलन में परियोजना आधारित मूल्यांकन, नियमित प्रतिक्रिया (फीडबैक) और तकनीक के माध्यम से परीक्षा प्रणाली को अधिक पारदर्शी व बेहतर बनाने पर भी विचार होगा। इस पहल का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल अच्छे अंक लाने की दौड़ तक सीमित रखने के बजाय भविष्य की वास्तविक चुनौतियों के लिए सक्षम बनाना है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।