बिहार बोर्ड मैट्रिक सेंटअप परीक्षा : BSEB ने जारी किया विस्तृत कार्यक्रम; 23 से 27 नवंबर तक थ्योरी व 28 को प्रैक्टिकल
Bihar Board 10th Sent Up Exam 2026 Routine: बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने वार्षिक माध्यमिक उत्प्रेषण परीक्षा 2026 का कार्यक्रम ...और पढ़ें

Bihar Board 10th Sent Up Exam 2026 Routine: बिहार बोर्ड मैट्रिक सेंटअप परीक्षा का कार्यक्रम जारी
डिजिटल डेस्क, पटना/भागलपुर। Bihar Board 10th Sent Up Exam 2026 Routine: बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) ने वार्षिक माध्यमिक (मैट्रिक) परीक्षा में शामिल होने वाले छात्र-छात्राओं के लिए दसवीं उत्प्रेषण (Sent-up) / जांच परीक्षा 2026 का आधिकारिक कार्यक्रम घोषित कर दिया है। परीक्षा नियंत्रक (माध्यमिक) द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, सैद्धांतिक विषयों की परीक्षा 23 नवंबर 2026 से शुरू होकर 27 नवंबर 2026 तक चलेगी। इसके तुरंत बाद 28 नवंबर को सभी प्रायोगिक (प्रैक्टिकल) परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी।
बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि मैट्रिक मुख्य परीक्षा में शामिल होने के लिए सभी नियमित और स्वतंत्र छात्र-छात्राओं का सेंटअप परीक्षा में सम्मिलित होना और उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में आयोजित की जाएगी।
दो पालियों में होगी परीक्षा, 15 मिनट का मिलेगा 'कूल ऑफ' समय
बोर्ड द्वारा जारी निर्देश के तहत दोनों पालियों में परीक्षार्थियों को प्रश्न पत्र पढ़ने, समझने और ओएमआर शीट भरने के लिए 15 मिनट का आरंभिक अतिरिक्त समय (कूल ऑफ टाइम) दिया जाएगा।
प्रथम पाली: परीक्षा सुबह 09:30 बजे से शुरू होगी। विषयवार निर्धारित अवधि के अनुसार यह दोपहर 12:15 बजे अथवा 12:45 बजे समाप्त होगी।
द्वितीय पाली: परीक्षा दोपहर 02:00 बजे से प्रारंभ होकर शाम 04:45 बजे अथवा 05:15 बजे तक संचालित होगी।
23 को भाषा, 25 को विज्ञान व 26 को होगी गणित की परीक्षा
परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार:
23 नवंबर (सोमवार): प्रथम पाली में मातृभाषा (हिन्दी, उर्दू, बंगला, मैथिली) तथा द्वितीय पाली में द्वितीय भारतीय भाषा (संस्कृत, राष्ट्रभाषा हिन्दी, अरबी, फारसी, भोजपुरी) की परीक्षा होगी।
25 नवंबर (बुधवार): प्रथम पाली में विज्ञान (दृष्टिबाधितों के लिए संगीत) और दूसरी पाली में सामाजिक विज्ञान की परीक्षा ली जाएगी।
26 नवंबर (गुरुवार): पहली पाली में गणित (दृष्टिबाधितों के लिए गृह विज्ञान) तथा दूसरी पाली में सामान्य अंग्रेजी की परीक्षा होगी।
27 नवंबर (शुक्रवार): दोनों पालियों में विभिन्न ऐच्छिक विषयों और व्यावसायिक ट्रेड्स की लिखित परीक्षा होगी।
28 नवंबर को होगी प्रायोगिक परीक्षा, दिव्यांगों को विशेष रियायत
दिनांक 28 नवंबर 2026 (शनिवार) को प्रायोगिक परीक्षा आयोजित होगी। प्रथम पाली में ललित कला, गृह विज्ञान, नृत्य और संगीत की प्रैक्टिकल परीक्षा होगी, जबकि द्वितीय पाली में व्यावसायिक ट्रेड (सुरक्षा, ब्यूटिशियन, ऑटोमोबाइल, आईटी आदि) के छात्रों का व्यावहारिक मूल्यांकन किया जाएगा।
बोर्ड ने विशेष आवश्यकता वाले परीक्षार्थियों के लिए स्पष्ट दिशानिर्देश दिए हैं। स्पॉस्टिक (Spastic), दृष्टिबाधित अथवा लिखने में शारीरिक रूप से असमर्थ दिव्यांग परीक्षार्थियों को नियमानुसार श्रुतिलेखक (Writer) रखने की अनुमति रहेगी। इसके अतिरिक्त, ऐसे विद्यार्थियों को परीक्षा के निर्धारित समय में प्रति घंटा 20 मिनट का अतिरिक्त क्षतिपूर्ति समय दिया जाएगा। समिति ने सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों और विद्यालय प्रधानों को कदाचारमुक्त और शांतिपूर्ण वातावरण में परीक्षा संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।