शिक्षा विभाग का बड़ा एक्शन! भागलपुर-बांका में अतिरिक्त वेतन निकासी पर 1.22 करोड़ की वसूली शुरू, 350 शिक्षक रडार पर
Bhagalpur Education Department Recovery: भागलपुर प्रमंडल में शिक्षा विभाग ने सरकारी शिक्षकों और कर्मियों द्वारा अतिरिक्त वेतन निकासी पर कड़ा ...और पढ़ें

Bhagalpur Education Department Recovery: प्रमंडल में अतिरिक्त वेतन निकासी पर नकेल: 1.22 करोड़ में से 67.61 लाख की वसूली, 350 शिक्षक जांच के घेरे में
HighLights
भागलपुर-बांका में 1.22 करोड़ रुपये की अवैध निकासी वसूली।
अब तक 67.61 लाख रुपये की राशि सफलतापूर्वक वसूल।
350 शिक्षकों के अतिरिक्त वेतन भुगतान की जांच जारी।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। भागलपुर प्रमंडल में सरकारी शिक्षकों और कर्मियों द्वारा अतिरिक्त वेतन व राशि निकासी के मामलों में शिक्षा विभाग ने कड़ा रुख अपनाते हुए वसूली की प्रक्रिया तेज कर दी है। भागलपुर और बांका जिले में अब तक चिह्नित 43 मामलों में कुल 1.22 करोड़ रुपये की अवैध रूप से निकाली गई राशि की रिकवरी की जा रही है।
क्षेत्रीय शिक्षा उपनिदेशक (आरडीडीई) कार्यालय द्वारा 31 अक्टूबर तक संकलित औपबंधिक रिपोर्ट के अनुसार, दोनों जिलों से अब तक कुल 67.61 लाख रुपये की सरकारी राशि की सफल वसूली की जा चुकी है, जबकि शेष बचे 55.26 लाख रुपये को वसूलने के लिए संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं।
रिपोर्ट के आंकड़ों पर नजर डालें तो भागलपुर जिले में अतिरिक्त राशि निकासी के कुल 31 मामले सामने आए हैं, जिनमें 1.04 करोड़ रुपये की वसूली योग्य राशि चिह्नित की गई है। इसमें से विभाग अब तक 53.43 लाख रुपये वसूलने में सफल रहा है, जबकि 51.24 लाख रुपये की वसूली अभी प्रक्रियाधीन है।
वहीं, बांका जिले में चिह्नित 12 मामलों में कुल 18.20 लाख रुपये की राशि वसूल की जानी थी, जिसमें से 14.18 लाख रुपये सरकारी कोष में जमा कराए जा चुके हैं और मात्र 4.01 लाख रुपये की रिकवरी शेष रह गई है। विभागीय अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यह वर्तमान औपबंधिक रिपोर्ट है और अंतिम समीक्षा के बाद विस्तृत पूर्ण प्रतिवेदन उच्चाधिकारियों को समर्पित किया जाएगा।
फर्जी शिक्षिका तनुश्री मामले में 46.87 लाख रुपये होल्ड, ऑपरेटर जेल में
प्रमंडल में अतिरिक्त निकासी की जांच के साथ-साथ भागलपुर में बहुचर्चित फर्जी शिक्षिका तनुश्री के नाम पर हुए 98.12 लाख रुपये के कथित वित्तीय गबन का मामला भी तकनीकी जांच के दायरे में है। विभागीय सूत्रों के अनुसार, वित्तीय गबन पर तत्काल रोक लगाते हुए संबंधित बैंक खाते में 46.87 लाख रुपये की राशि को फ्रीज (होल्ड) करा दिया गया है।
इस सुनियोजित फर्जीवाड़े के मुख्य आरोपित संविदा ऑपरेटर अविनाश राज को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जा चुका है। विभागीय सूत्र बताते हैं कि विभाग अब आरोपित के पारिवारिक सदस्यों से भी लगातार संपर्क साध रहा है और गबन की गई शेष सरकारी राशि को अविलंब राजकोष में वापस जमा करने की प्रक्रिया चला रहा है।
350 शिक्षकों के अतिरिक्त वेतन भुगतान की जांच, बीआरसी में सूची जारी
पूर्व से चिह्नित मामलों के अतिरिक्त भागलपुर जिले के लगभग 350 ऐसे शिक्षक भी विभागीय जांच के दायरे में आ गए हैं, जिनके बैंक खातों में तकनीकी या लिपिकीय त्रुटि के कारण किसी न किसी रूप में निर्धारित स्लैब से अधिक वेतन जाने की आशंका है। अधिक वेतन पाने वाले शिक्षकों की यह सूची फिलहाल संभावित है, जिस पर अंतिम निर्णय जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना) के स्तर पर विस्तृत स्क्रूटनी के बाद लिया जाएगा।
विभाग द्वारा सभी प्रखंडों के प्रखंड संसाधन केंद्रों (बीआरसी) में संबंधित शिक्षकों की सूची उपलब्ध करा दी गई है। विभागीय अधिकारियों ने सभी शिक्षक साथियों से अपील की है कि वे अपने-अपने बीआरसी से संपर्क कर सूची का मिलान अवश्य करें। यदि किसी शिक्षक के खाते में निर्धारित देय राशि से अधिक भुगतान हुआ है, तो वे विभागीय पेनाल्टी या दंडात्मक कार्रवाई से बचने के लिए नियमानुसार अतिरिक्त राशि को तत्काल वापस जमा कर दें।
"समीक्षा बैठक के दौरान डीईओ भागलपुर और बांका द्वारा अतिरिक्त वेतन भुगतान और वसूली से संबंधित विस्तृत रिपोर्ट उपलब्ध कराई गई है। रिपोर्ट के अनुसार, दोनों जिलों में 43 मामलों में अतिरिक्त राशि भुगतान की पुष्टि हुई है, जिसमें अब तक 67.61 लाख रुपये की वसूली की जा चुकी है। शेष बची राशि की शत-प्रतिशत वसूली के लिए संबंधित अधिकारियों को त्वरित कानूनी व विभागीय कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही अन्य सभी संदिग्ध भुगतान मामलों का भी बारीकी से भौतिक सत्यापन कराया जा रहा है।"
— सुभाष कुमार गुप्ता, क्षेत्रीय शिक्षा उपनिदेशक (आरडीडीई), भागलपुर
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।