आतिशबाजी, ढोल-नगाड़े और बुलडोजर से पुष्पवर्षा! राष्ट्रीय अध्यक्ष बनते ही पहली बार भागलपुर पहुंचे नितिन नवीन
Nitin Nabin Bhagalpur Visit: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का भागलपुर में भव्य स्वागत किया गया, जहां ...और पढ़ें
-1793611294444_m.webp)
Nitin Nabin Bhagalpur Visit: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का सोमवार को सिल्क सिटी भागलपुर आगमन पर ऐतिहासिक और भव्य स्वागत किया गया
HighLights
नितिन नवीन का भागलपुर में भव्य और ऐतिहासिक स्वागत हुआ।
फूलों की बारिश, ढोल-नगाड़े, आतिशबाजी से कार्यकर्ताओं ने अभिनंदन किया।
उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी भी स्वागत समारोह में उपस्थित थे।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। Nitin Nabin Bhagalpur Visit: फूलों की पंखुड़ियों की बारिश, ढोल-नगाड़ों की थाप और गगनभेदी आतिशबाजी के बीच सोमवार को भागलपुर में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का गर्मजोशी से ऐतिहासिक स्वागत किया गया। हवाई अड्डे से लेकर लाजपत पार्क तक पूरे रास्ते उत्सव जैसा माहौल नजर आया।
कार्यकर्ताओं के उत्साह का आलम यह था कि कई स्थानों पर बुलडोजर पर चढ़कर काफिले पर गुलाब की पंखुड़ियां बरसाई गईं, तो कहीं कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं और गुलदस्तों से अपने शीर्ष नेता का अभिनंदन किया। सड़क के दोनों ओर कतारबद्ध खड़े कार्यकर्ताओं और समर्थकों के भारी हुजूम ने इस स्वागत समारोह को एक विशाल शक्ति प्रदर्शन में बदल दिया।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सोमवार सुबह 11:20 बजे नितिन नवीन का हेलीकॉप्टर भागलपुर हवाई अड्डे पर उतरा। उनके साथ उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी भी मौजूद थे। हवाई अड्डे पर जिलाधिकारी अलंकृता पांडेय ने पौधा भेंट कर राष्ट्रीय अध्यक्ष की औपचारिक अगवानी की।
इसके बाद कतार में खड़े भाजपा और जदयू के वरिष्ठ स्थानीय नेताओं तथा कार्यकर्ताओं ने बारी-बारी से शॉल ओढ़ाकर, बुके और फूलों की माला पहनाकर उनका गर्मजोशी से अभिनंदन किया। नितिन नवीन ने भी हाथ जोड़कर सभी का अभिवादन स्वीकार किया।
हवाई अड्डे पर बने वीआईपी लाउंज में कुछ देर ठहरने और तरोताजा होने के बाद उनका काफिला निर्धारित कार्यक्रम स्थल के लिए रवाना हुआ। हवाई अड्डे से बाहर निकलते ही स्वागत का नजारा और अधिक भव्य हो गया। गाजे-बाजे के बीच कई बुलडोजरों से काफिले पर लगातार फूलों की पंखुड़ियां बरसाई गईं। आतिशबाजी और गगनभेदी नारों से पूरा इलाका गूंज उठा।
जगह-जगह कार्यकर्ताओं ने अपने नेता को फूल-मालाओं से लाद दिया। इसके बाद काफिला तिलकामांझी, आदमपुर होते हुए लाजपत पार्क पहुंचा, जहां भी पहले से मौजूद हजारों कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। पूरे आयोजन के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं का उत्साह और संगठन की जमीनी सक्रियता साफ तौर पर दिखाई दी।
हवाई अड्डे पर प्रशासनिक अमला मुस्तैद
राष्ट्रीय अध्यक्ष के आगमन और वीवीआईपी प्रोटोकॉल को देखते हुए भागलपुर हवाई अड्डे पर सुरक्षा के कड़े व चाक-चौबंद इंतजाम किए गए थे। जिला प्रशासन और पुलिस के अधिकारी सुबह से ही अलर्ट मोड पर तैनात रहे। सदर एसडीएम सुनील कुमार, विधि-व्यवस्था के एडीएम राकेश रंजन सहित अन्य वरीय अधिकारी पल-पल की व्यवस्था की निगरानी कर रहे थे।
डीएम-एसएसपी ने संभाली कमान
जिलाधिकारी अलंकृता पांडेय ने स्वयं व्यवस्थाओं की पूरी कमान संभाल रखी थी, वहीं एसएसपी प्रमोद कुमार यादव सुरक्षा तंत्र की सीधी निगरानी कर रहे थे। हवाई अड्डे पर हेलीपैड, प्रवेश द्वार, आगमन और काफिले की रवानगी तक हर स्तर पर प्रशासनिक स्तर पर पूरी सतर्कता बरती गई।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।