विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भागलपुर पहुंचे नितिन नवीन; 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' पदयात्रा शुरू, लाजपत पार्क से घंटाघर तक NDA का शक्ति प्रदर्शन

Published: Mon, 02 Nov 2026 12:04 PM (IST)

Nitin Nabin Bhagalpur Padyatra: भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के भागलपुर आगमन के साथ 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' पदयात्रा का ...और पढ़ें

Nitin Nabin Bhagalpur Padyatra: भागलपुर में शुरू हुई 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' पदयात्रा; नितिन नवीन पहुंचे

Nitin Nabin Bhagalpur Padyatra: भागलपुर में शुरू हुई 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' पदयात्रा; नितिन नवीन पहुंचे

HighLights

  1. नितिन नवीन के आगमन से 'लोकतंत्र बचाओ' पदयात्रा का आगाज।

  2. एनडीए के मंत्री, विधायक और हजारों कार्यकर्ता एकजुट हुए।

  3. विपक्ष के दुष्प्रचार का जवाब देने का उद्देश्य।

जागरण संवाददाता, भागलपुर। Nitin Nabin Bhagalpur Padyatra:भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के भागलपुर आगमन के साथ ही सोमवार को बहुप्रतीक्षित 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' पदयात्रा का औपचारिक आगाज हो गया। राष्ट्रीय अध्यक्ष की कमान संभालने के बाद नितिन नवीन का सिल्क सिटी भागलपुर में यह पहला दौरा है, जिसे लेकर एनडीए कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है।

पदयात्रा में भाजपा, जनता दल (यूनाइटेड), लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) सहित राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के तमाम प्रमुख घटक दलों के मंत्री, विधायक और हजारों कार्यकर्ता एकजुट होकर सड़कों पर उतरे हैं।

इससे पूर्व, भागलपुर हवाई अड्डे पर राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का एनडीए नेताओं द्वारा गर्मजोशी से नागरिक अभिनंदन किया गया। वहां से उनका काफिला तिलकामांझी, आदमपुर और मानिक सरकार चौक होते हुए सीधे लाजपत पार्क पहुंचा, जहां आयोजित विशाल जनसभा के बाद पदयात्रा को हरी झंडी दिखाई गई।

Nitin Naveen Leads NDA Save Democracy March in Bhagalpur (2)

संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाने वालों को जनता देगी जवाब

जिले के प्रभारी मंत्री नीतीश मिश्रा ने पदयात्रा के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए विपक्ष पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग एक स्वायत्त व संवैधानिक संस्था है, लेकिन कुछ राजनीतिक दल जनता को लगातार दिगभ्रमित करने की साजिश रच रहे हैं। उन्होंने दो टूक कहा कि जब विरोधी दल चुनाव जीतते हैं तो व्यवस्था सही मानी जाती है, और जहां जनता उन्हें नकार देती है, वहां वे बिना आधार के वोट चोरी का अनर्गल प्रलाप शुरू कर देते हैं।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दल विशेष मतदाता संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर देश और प्रदेश में जानबूझकर संशय का माहौल बना रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिहार विधानसभा चुनाव से पहले एसआईआर प्रक्रिया के तहत 65 लाख ऐसे नाम हटाए गए जो या तो मृत हो चुके थे, स्थानांतरित हो गए थे या जिनके नाम दोहरी प्रविष्टि में थे, जबकि साढ़े 21 लाख नए पात्र मतदाताओं के नाम जोड़े गए। उन्होंने कहा कि सड़कों पर उमड़ी यह विशाल पदयात्रा विपक्ष के हर दुष्प्रचार का लोकतांत्रिक जवाब है।

1300 मीटर का पैदल मार्च, घंटाघर पर होगा समापन

कार्यक्रम संयोजक नितेश सिंह के अनुसार, पदयात्रा कुल 1300 मीटर की परिधि में निकाली जा रही है। लाजपत पार्क में राष्ट्रीय अध्यक्ष के संबोधन के बाद यह विशाल पैदल मार्च खरमनचक और भामाशाह चौक होते हुए ऐतिहासिक घंटाघर चौक पहुंचेगा, जहां पदयात्रा का विधिवत समापन होगा। कार्यक्रम संपन्न होने के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन सीधे हवाई अड्डा प्रस्थान करेंगे और वहां से विशेष हेलीकॉप्टर द्वारा पूर्णिया के लिए रवाना होंगे।

पदयात्रा में प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, मंत्री दीपक प्रकाश, मंत्री संतोष सुमन सहित गठबंधन के तमाम सांसद और विधायक कदम से कदम मिलाकर चल रहे हैं। भाजपा जिलाध्यक्ष संतोष कुमार ने कहा कि यह पदयात्रा लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा, जनभागीदारी और राजनीतिक सुचिता का मजबूत संदेश देकर भागलपुर के राजनीतिक इतिहास में एक नया मील का पत्थर साबित होगी।

राहुल गांधी देश विरोधी ताकतों की कठपुतली: शाहनवाज हुसैन

पूर्व केंद्रीय मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी पूरी तरह देश विरोधी ताकतों के हाथों की कठपुतली बन चुके हैं और देश में सुनियोजित तरीके से अराजकता फैलाने का प्रयास कर रहे हैं। विपक्ष के दावों को खारिज करते हुए उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मजबूत नेतृत्व में देश विकास के पथ पर अग्रसर है; केंद्र में वर्ष 2029 में भी पूर्ण बहुमत से एनडीए की सरकार बनेगी और 2034 के आम चुनाव में भी ऐतिहासिक विजय हासिल होगी।

वहीं, हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संतोष कुमार सुमन ने कहा कि अंग प्रदेश की ऐतिहासिक धरती से शुरू हुई यह 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' पदयात्रा पूरे राज्य में राजनीतिक चेतना का संचार करेगी। इस अभियान के माध्यम से आम जनता को विपक्ष द्वारा संविधान और आरक्षण के नाम पर किए जा रहे सियासी खिलवाड़ और भ्रम की सच्चाई से अवगत कराया जाएगा।

बिहार के लिए गौरव: विधायक

भागलपुर के विधायक रोहित पांडेय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार का पूरा फोकस बिहार के चौतरफा विकास पर है। उन्होंने कहा कि यह पूरे बिहार के लिए अत्यंत गर्व का विषय है कि पार्टी का सर्वोच्च दायित्व संभाल रहे राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन इसी माटी से आते हैं। उनके नेतृत्व में बिहार के कार्यकर्ताओं में नया उत्साह देखने को मिल रहा है।

वहीं नाथनगर के विधायक मिथुन यादव ने कहा कि डबल इंजन सरकार में बिहार के कोने-कोने में बुनियादी विकास कार्य धरातल पर उतर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विशेष प्राथमिकताओं के साथ बिहार की प्रगति को रफ्तार दे रहे हैं। भाजपा के शीर्ष पद पर बिहार के लाल नितिन नवीन की ताजपोशी से प्रदेश को राष्ट्रीय स्तर पर विशिष्ट गौरव और नई राजनीतिक पहचान मिली है। केंद्र और राज्य सरकार मिलकर प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से जुटी हैं।

Nitin Naveen Leads NDA Save Democracy March in Bhagalpur (3)

नवगछिया व बांका से पहुंचे कार्यकर्ता, एनडीए नेताओं का भारी जुटान

पदयात्रा और सभा स्थल पर भारतीय जनता पार्टी, जनता दल (यूनाइटेड) सहित एनडीए गठबंधन के तमाम घटक दलों के नेताओं व कार्यकर्ताओं का भारी जुटान देखने को मिला। भागलपुर शहर के अलावा नवगछिया पुलिस जिले और पड़ोसी बांका जिले से भी बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पदयात्रा में शामिल होने पहुंचे हैं।

इस दौरान मुख्य रूप से महापौर डॉ बसुंधरा लाल, एमएलसी डॉ एनके यदव, ब‍िहार प्रदेश भाजपा महामंत्री डॉ प्रीत‍ि शेखर, जदयू जिलाध्यक्ष विवेकानंद गुप्ता, जदयू नेता सुड्डू साईं, भाजपा नेता पवन मिश्रा, बंटी यादव, दीपक शर्मा, अभिनव सिंह, गुड्डू राय, देवव्रत घोष, प्रणव दा, श्वेता सुमन, श्‍वेता स‍िंंंह,, मनीष दास, राजकिशोर सिंह, नीतेश सिंह सहित एनडीए के कई प्रमुख पदाधिकारी और वरिष्ठ कार्यकर्ता मौके पर मौजूद रहे।

मोदी-सम्राट की सरकार जनता के सपने पूरा करने को प्रतिबद्ध

पूर्व मंत्री रामनारायण मंडल ने विपक्ष पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और बिहार में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार आम जनता के हर सपने और आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार जनहित को सर्वोपरि रखकर काम कर रही है।

क्षेत्र में जनता से जुड़े जो भी विकास कार्य या कल्याणकारी योजनाएं लंबित हैं, उन्हें तय समयसीमा के भीतर प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाएगा। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस की नीतियों पर तीखा हमला बोलते हुए कार्यकर्ताओं और आम जनमानस से आगामी चुनावों में कांग्रेस को जड़ से उखाड़ फेंकने का आह्वान किया।

योजनाओं का दिख रहा असर: कहकशां परवीन

पूर्व राज्यसभा सांसद व पूर्व राज्य मंत्री कहकशां परवीन ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि देश की जनता पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार की नीतियों और कार्यशैली से पूरी तरह ऊब चुकी थी। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास' के मूल मंत्र के साथ देश की बागडोर संभाली। आज केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी और बुनियादी विकास योजनाओं का सकारात्मक असर हर वर्ग और हर क्षेत्र में साफ तौर पर दिखाई दे रहा है। प्रधानमंत्री किसी प्रचार के मोहताज नहीं हैं, बल्कि वे अपने ऐतिहासिक कार्यों और फैसलों से जनता के दिलों में अपनी पहचान बना रहे हैं।

पीएम मोदी अपने काम से बना रहे पहचान

कहकशां परवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री संगठन के साथ-साथ सभी सहयोगी दलों को पूरी एकजुटता और सम्मान के साथ लेकर आगे बढ़ रहे हैं। आज देश ही नहीं, बल्कि वैश्विक मंचों पर भी उनके विकास कार्यों की सराहना हो रही है। यही कारण है कि विपक्ष और विशेष रूप से कांग्रेस नेताओं को राजनीतिक बेचैनी हो रही है। उन्होंने भरोसा जताया कि बिहार में एनडीए सरकार के तहत जल रही विकास की यह ज्योति इसी तरह आगे बढ़ती रहेगी और जनता विकास के इस महायज्ञ में अपना अटूट समर्थन बनाए रखेगी।

बंगाल को बांग्लादेश बनाने वालों को जनता ने दिया जवाब: राजेश वर्मा

खगड़िया सांसद राजेश वर्मा ने कहा कि बंगाल को बांग्लादेश बनाने की साजिश रचने वालों को वहां की जनता ने अपने कड़े फैसले से करारा जवाब दिया है। जिस तरह बांग्लादेश के हालात का हवाला देकर बंगाल के राजनीतिक माहौल और सत्ता परिवर्तन पर चर्चाएं हो रही थीं, उसमें जनता ने लोकतांत्रिक भूमिका निभाते हुए बदलाव का रास्ता चुना। बंगाल की जनता ने अपने स्पष्ट जनादेश से यह संदेश दे दिया है कि तुष्टिकरण और अराजकता की राजनीति को अब किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।

2014 के बाद देश में आया बड़ा बदलाव

पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने कहा कि कुर्बानियों के बाद बने संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था के इतिहास को याद रखना जरूरी है। वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व संभालने के बाद देश की आर्थिक-सामाजिक स्थिति बदली और कल्याणकारी योजनाएं घर-घर तक पहुंचीं।

उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि विरोधी दल विकास पर बात करने के बजाय केवल नेतृत्व पर सवाल उठाकर जनता को गुमराह कर रहे हैं। देश के नेतृत्व को कमजोर करने की ऐसी कोशिशों से जनता को सतर्क रहना होगा।

राहुल-तेजस्वी को जनता ने नकारा, विपक्ष में मची है बौखलाहट

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कांग्रेस और राजद पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि राहुल गांधी और तेजस्वी यादव को जनता पहले ही पूरी तरह नकार चुकी है, जिसकी शुरुआत बिहार की धरती से हुई थी। लगातार मिल रही पराजय से विपक्ष में भारी बौखलाहट है, इसी हताशा में उनके नेता प्रधानमंत्री के माता-पिता तक पर अनर्गल बयानबाजी करने पर उतर आए हैं।

उन्होंने कहा कि आगामी पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों में भी जनता विपक्ष को उसकी असलियत दिखा देगी। जब-जब हार सामने दिखती है, विरोधी दल जनता में भ्रम फैलाने की साजिश रचने लगते हैं। राहुल गांधी और तेजस्वी यादव आज तक यह साबित नहीं कर पाए कि मतदाता सूची (एसआईआर) से किसी का नाम गलत ढंग से काटा गया है। मुद्दों के दिवालियापन से जूझ रहा विपक्ष केवल मनगढ़ंत आरोप लगाकर जनता को गुमराह कर रहा है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।