आधुनिकता की दौड़ में सब कुछ बदला, लेकिन छठ महापर्व के विधि-विधान में आज भी कायम है प्राचीनता; नहाय-खाय से शुरुआत
Chhath Puja 2026 Schedule: लोक आस्था का महापर्व छठ बिहपुर में नहाय-खाय के साथ शुरू हो रहा है, जिससे शहरी ...और पढ़ें

Chhath Puja 2026 Schedule: लोक आस्था का महापर्व है छठ व्रत।
HighLights
छठ महापर्व बिहपुर में नहाय-खाय के साथ शुरू हो रहा है।
व्रती गंगा स्नान कर कद्दू-भात का प्रसाद ग्रहण करेंगे।
आधुनिकता के बावजूद पर्व अपनी प्राचीन परंपराएं बनाए हुए है।
संवाद सूत्र, बिहपुर (भागलपुर)। Chhath Puja 2026 Schedule: लोक आस्था, पवित्रता और प्रकृति पूजा के महापर्व छठ का चार दिवसीय पावन अनुष्ठान शुक्रवार से विधिवत नहाय-खाय के साथ शुरू होने जा रहा है। महापर्व को लेकर बिहपुर प्रखंड के शहरी और ग्रामीण इलाकों में भक्तिमय माहौल बन चुका है। व्रतियों द्वारा गंगा स्नान और पवित्र जल संग्रह के लिए आज से ही गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़नी शुरू हो गई है, जो कल नहाय-खाय के दिन चरम पर रहेगी।
चार दिनों का कठिन तप: नहाय-खाय से लेकर पारण तक का कार्यक्रम
महापर्व के पहले दिन शुक्रवार को व्रती गंगा अथवा पवित्र सरोवरों में स्नान कर पूरी शुचिता के साथ कद्दू-भात (चना दाल, लौकी की सब्जी और अरवा चावल) का प्रसाद तैयार कर ग्रहण करेंगे। इसके उपरांत शनिवार को पंचमी तिथि के अवसर पर व्रती पूरे दिन निर्जला रहकर देर शाम कुलदेवता और छठी मइया की आराधना कर खरना पूजन करेंगे।
खरना पूजन के बाद नए मिट्टी के चूल्हे पर बने रसिया (गुड़ की खीर) व रोटी का प्रसाद ग्रहण किया जाएगा। इसके तुरंत बाद शनिवार की देर रात से ही महाव्रत का करीब 35 से 36 घंटे चलने वाला कठिन निर्जला उपवास प्रारंभ हो जाएगा।
रविवार की संध्या को व्रती व श्रद्धालु परिजनों संग घाटों पर पहुंचकर अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को प्रथम अर्घ्य अर्पित करेंगे। वहीं, सोमवार की सुबह उदीयमान भगवान भास्कर (उषा आदित्य) को दूसरा अर्घ्य निवेदित करने के पश्चात पारण कर इस चार दिवसीय महापर्व का श्रद्धापूर्वक समापन किया जाएगा।
आधुनिकता की आंधी में भी अडिग है सनातन और प्राचीन परंपरा
वर्तमान समय में जहां आधुनिकता की चकाचौंध में तमाम पर्व-त्योहारों के स्वरूप, पहनावों और तौर-तरीकों में बड़ा बदलाव आया है, वहीं सूर्य षष्ठी महापर्व आज भी अपनी मूल सनातन परंपरा, नियम, निष्ठा और सादगी को जस का तस समेटे हुए है। 21वीं सदी के तकनीकी युग में भी इस पर्व के विधानों पर आधुनिकता हावी नहीं हो सकी है।
औलियाबाद निवासी छठ व्रती डेजी निषाद बताती हैं कि छठ पर्व केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि यह हमें अपनी पुरातन जड़ों, प्रकृति और मिट्टी से जोड़कर रखने वाला महापर्व है। बिहपुर के गांवों में आज भी व्रती महिलाएं स्वच्छता का कठोरता से पालन करते हुए मिट्टी के लेपे हुए चूल्हे और आम की सूखी लकड़ी के जलावन पर ही कद्दू-भात और खरना की खीर बनाती हैं। हालांकि, कई स्थानों पर जगह और सुविधाओं के अभाव में व्रती महिलाएं गैस के चूल्हे को गंगाजल से पवित्र कर सात्विक रूप से प्रसाद बनाती हैं। इस पावन अनुष्ठान को लेकर क्षेत्र के गंगा घाटों और रास्तों को संवारने का कार्य अंतिम चरण में है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।