विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार की नई रेललाइन पर काम तेज: गंगा पर बनेगा Y आकार का ब्रिज, भागलपुर से नवगछिया तक दौड़ेगी डायरेक्ट ट्रेन

Published: Sat, 28 Nov 2026 08:11 PM (GMT+05:30)

विक्रमशिला-कटरिया नई रेललाइन के लिए भूमि अधिग्रहण शुरू हो गया है, जिसमें गंगा पर वाई-आकार का पुल बनेगा।  

सांकेतिक तस्वीर

सांकेतिक तस्वीर

HighLights

  1. विक्रमशिला-कटरिया नई रेललाइन के लिए भूमि अधिग्रहण कार्य शुरू।

  2. गंगा नदी पर 2.44 किमी लंबा वाई-आकार का पुल बनेगा।

  3. भागलपुर-नवगछिया सीधा रेल संपर्क, क्षेत्र को मिलेगा लाभ।

नवनीत मिश्र, भागलपुर। विक्रमशिला-कटरिया नई रेललाइन के लिए भू-अर्जन का कार्य शुरू हो गया है। इस साल के अंत तक जमीन अधिग्रहण का कार्य पूरा हो जाएग।

14 सितंबर को पंचाट की घोषणा होने के बाद जमीन अधिग्रहण का कार्य शुरू हुआ है। 1502 पंचाटी (किसानों) को जमीन के बदले भुगतान होना है।

284 पंचाटी ने अभी तक आवेदन किया है। इनमें से 111 पंचाटी को भुगतान कर दिया गया है। तीन अंचल कहलगांव, गोपालपुर व रंगरा चौक के 16 राजस्व ग्राम में भू-अर्जन का काय्र होना है।

419.8586 एकड़ जमीन अधिग्रहण पर 202.3129 करोड़ रुपये खर्च होंगे। सबकुछ ठीकठाक रहा तो अगले साल के विक्रमशिला-कटरिया नई रेललाइन का निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।

टेंडर हो चुका है जारी

करीब 33 किलोमीटर लंबी विक्रमशिला-कटरिया रेल परियोजना के निर्माण के लिए 1163 करोड़ रुपये से अधिक का ई-टेंडर जारी कर दिया गया है। इसके साथ ही लंबे समय से प्रतीक्षित इस रेलखंड के निर्माण का रास्ता साफ होने लगा है। परियोजना पूरी होने के बाद भागलपुर और नवगछिया के बीच गंगा पार सीधा रेल संपर्क स्थापित होगा।

इससे कोसी, सीमांचल और संताल परगना के यात्रियों को भी आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। परियोजना का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा बटेश्वरस्थान के समीप गंगा नदी पर बनने वाला विशाल रेल पुल होगा।

करीब 2.44 किलोमीटर लंबा यह पुल वाई (वाई) आकार का डबल लाइन पुल होगा। इसके माध्यम से दक्षिण की ओर विक्रमशिला और शिवनारायणपुर स्टेशन को जोड़ा जाएगा, जबकि उत्तर की ओर यह कटरिया और नवगछिया रेल नेटवर्क से जुड़ेगा।

इस व्यवस्था के तहत शिवनारायणपुर वाई-लिंक और कटरिया वाई-लिंक का निर्माण भी किया जाएगा। इससे गंगा के दोनों किनारों पर रेल परिचालन के लिए एक नया और महत्वपूर्ण मार्ग विकसित होगा।

दो नए स्टेशन और 26 पुल बनेंगे

विक्रमशिला-कटरिया रेललाइन परियोजना के तहत दो नए स्टेशन बटेश्वरस्थान धाम और कालूचक बनाए जाएंगे। इसके अलावा स्टेशन भवन, प्लेटफार्म, अप्रोच रेल लाइन, पुल के पिलर और वाई-लेग जंक्शन यूनिट का निर्माण किया जाएगा। परियोजना में मुख्य रेल पुल समेत कुल 26 छोटे और मध्यम आकार के पुल बनाए जाने हैं।

वहीं, रेल यातायात को सुचारु रखने के लिए दो रेल ओवरब्रिज (आरओबी) और एक अंडरपास का भी निर्माण होगा। यह रेलखंड फिलहाल सिंगल लाइन के रूप में विकसित किया जाएगा, लेकिन भविष्य में दोहरीकरण की संभावना को देखते हुए अतिरिक्त रेललाइन बिछाने के लिए पर्याप्त जगह छोड़ी जाएगी।

पूरी परियोजना का निर्माण भारतीय रेलवे के 25 टन एक्सल लोडिंग मानक के अनुरूप किया जाना है। इसमें मिट्टी भराई, पुल-पुलियों, स्टेशन और अन्य आधारभूत संरचनाओं का निर्माण शामिल है।

रेलवे की ओर से जारी ई-टेंडर की अंतिम तिथि 27 जनवरी 2027 निर्धारित की गई है। निविदा प्रक्रिया पूरी होने और कार्य आवंटन के बाद निर्माण कार्य को 1460 दिनों यानी करीब चार वर्ष में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

परियोजना पूरी होने से भागलपुर और नवगछिया के बीच रेल संपर्क का नया विकल्प तैयार होगा। साथ ही क्षेत्र के व्यापार, परिवहन और आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है।

यह भी पढ़ें- मुंगेर के तारापुर में तीसरी आंख अब सफाई व विकास कार्यों पर भी रखेगी नजर, 150 से अधिक कैमरों से होगी निगरानी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।