विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार में बनेगा यूरोप जैसा 'लिनेन' कपड़ा, तीसी के बेकार तनों से निकाले जाएंगे रेशे; सिंदूर की भी होगी ब्रांडिंग

Published: Sun, 29 Nov 2026 12:27 AM (IST)

बिहार कृषि विश्वविद्यालय में तीसी के बेकार तनों से लिनेन जैसा प्रीमियम कपड़ा बनाने की तकनीक विकसित होगी, जिससे किसानों की आय बढ़ेगी।  

तीसी का पौधा और सिंदूर के पौधे का अवलोकन करते केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह। फोटो जागरण

तीसी का पौधा और सिंदूर के पौधे का अवलोकन करते केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह। फोटो जागरण

HighLights

  1. तीसी के बेकार तनों से अब लिनेन जैसा कपड़ा बनेगा।

  2. बिहार कृषि विश्वविद्यालय सबौर में तकनीक विकसित होगी।

  3. सीता सिंदूर को व्यावसायिक पहचान और बाजार मिलेगा।

ललन तिवारी, भागलपुर। अब तक तीसी की खेती मुख्य रूप से तेल उत्पादन के लिए होती रही है, लेकिन इसका तना भी किसानों की आमदनी बढ़ाने का जरिया बन सकता है। इससे निकलने वाले प्राकृतिक रेशे से लिनेन जैसा प्रीमियम कपड़ा तैयार किया जाएगा।

बिहार कृषि विश्वविद्यालय (बीएयू), सबौर में अब इस रेशे के उत्पादन और प्रसंस्करण की तकनीक विकसित करने की दिशा में काम होगा। केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह ने विश्वविद्यालय में दो सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित करने की घोषणा की है।

इसके माध्यम से तीसी के तने से कपड़ा बनाने के साथ क्षेत्र की पारंपरिक पहचान सीता सिंदूर के व्यावसायीकरण की राह भी तैयार होगी।

कृषि विश्वविद्यालय में आयोजित राष्ट्रीय सम्मेलन के दौरान मंत्री ने वेस्ट टू वेल्थ यानी कृषि अवशेषों से उपयोगी और मूल्यवान उत्पाद तैयार करने की संभावनाओं पर जोर दिया।

तीसी के तने से रेशा निकालकर कपड़ा बनाने की तकनीक इसी पहल का हिस्सा होगी। इस दिशा में वस्त्र मंत्रालय और नाबार्ड सहयोग करेंगे।

नाबार्ड के सीजीएम गौतम कुमार ने कहा कि मंत्री की घोषणा को धरातल पर उतारने के लिए काम किया जाएगा। विश्वविद्यालय को इस संबंध में परियोजना तैयार करने को कहा गया है।

तेल के साथ तने से भी होगी कमाई

तीसी के तने से निकलने वाले रेशे को फ्लैक्स फाइबर कहते हैं। इसी रेशे से लिनेन कपड़ा तैयार किया जाता है। यह प्राकृतिक, मजबूत, टिकाऊ और आरामदायक होने के कारण प्रीमियम वस्त्रों में शामिल है।

इसके उत्पादन के लिए तने से रेशा निकालने, उसकी सफाई, प्रसंस्करण और कताई की विशेष तकनीक अपनाई जाती है। यूरोप के कई देशों में तीसी की खेती रेशा उत्पादन के लिए भी होती है, जबकि भारत में इसका प्रमुख उद्देश्य बीज से तेल प्राप्त करना है।

बीएयू में इस दिशा में तकनीक विकसित होने से किसानों को एक ही फसल से दोहरा लाभ मिलने की संभावना है। तीसी के बीज से तेल और तने से रेशा प्राप्त किया जा सकेगा।

फिलहाल फसल कटाई के बाद तने का औद्योगिक उपयोग सीमित है। इसे कपड़ा उद्योग के लिए कच्चे माल के रूप में विकसित करने से कृषि अवशेष का मूल्य बढ़ेगा और किसानों के लिए अतिरिक्त आय का स्रोत तैयार हो सकता है।

सीता सिंदूर को बाजार से जोड़ने की तैयारी

दो सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में दूसरा महत्वपूर्ण क्षेत्र सीता सिंदूर है। यह भागलपुर क्षेत्र की पारंपरिक पहचान से जुड़ा उत्पाद है। इसके उत्पादन और प्रसंस्करण की वैज्ञानिक तकनीक विकसित करने के साथ गुणवत्ता मानकीकरण और बाजार तक पहुंच बनाने पर काम किया जाएगा।

इससे पारंपरिक उत्पाद को व्यावसायिक पहचान मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार और उद्यमिता के अवसर भी बढ़ सकते हैं।

फिलहाल दोनों सेंटर के लिए विश्वविद्यालय को विस्तृत परियोजना तैयार करनी है। इसके आधार पर शोध, तकनीकी विकास, उत्पादन और बाजार से जोड़ने की कार्ययोजना तय होगी।

यह भी पढ़ें- पटना जंक्शन का निकास द्वार कंक्रीट से बंद, न्यू मार्केट के दुकानदारों की रोजी-रोटी पर संकट; रेलवे के फैसले से आक्रोश

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।