भागलपुर-बांका के साथ अकबरनगर-शाहकुंड-अमरपुर स्टेट हाइवे पर भी देना होगा टोल टैक्स: जानें रेट लिस्ट और छूट के नियम
भागलपुर-बांका SH-25 और अकबरनगर-शाहकुंड-अमरपुर SH-85 पर अगले साल मार्च-अप्रैल से टोल टैक्स लगना शुरू हो जाएगा। निजी कारों को छूट मिलेगी, जबकि नियमित यात्रियों के लिए पास की सुविधा होगी और ओवरलोड वाहनों पर जुर्माना लगेगा।

29.4 किमी लंबे अकबरनगर-शाहकुंड-अमरपुर स्टेट हाइवे पर तय हुई टोल दरें
HighLights
भागलपुर-बांका SH-25 और अकबरनगर-शाहकुंड-अमरपुर SH-85 पर टोल लगेगा।
निजी कारों, जीप, वैन को टोल टैक्स से छूट मिलेगी।
नियमित यात्रियों के लिए पास सुविधा, ओवरलोड वाहनों पर जुर्माना लगेगा।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। Bhagalpur Banka SH 25 राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) की तरह अब राज्य के प्रमुख स्टेट हाइवे पर भी सफर करना महंगा होने वाला है। भागलपुर-कजरैली-बांका स्टेट हाइवे-25 के साथ-साथ अब 29.4 किलोमीटर लंबे अकबरनगर-शाहकुंड-अमरपुर स्टेट हाइवे (एसएच-85) पर भी वाहन चालकों को टोल टैक्स देना होगा। विभाग की ओर से अगले साल मार्च-अप्रैल से टोल वसूली शुरू करने की योजना पर तेजी से काम किया जा रहा है।
किरणपुर और अंबा के बीच बनेगा टोल प्लाजा
अकबरनगर-शाहकुंड-अमरपुर स्टेट हाइवे पर किरणपुर और अंबा के बीच मस्जिद के पास टोल प्लाजा के लिए स्थल का चयन किया गया है। पथ निर्माण विभाग ने अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) के लिए वन एवं पर्यावरण विभाग को आवेदन दिया था। गुरुवार को डीएफओ और रेंजर सहित वन विभाग की टीम ने स्थल का निरीक्षण किया।
वन विभाग ने किया स्थल निरीक्षण
इस दौरान पथ निर्माण विभाग के सहायक अभियंता अजय कुमार सिन्हा और कनीय अभियंता ज्योति कुमारी भी मौजूद रहीं। निर्माण स्थल के आसपास एक भी वृक्ष नहीं होने के कारण जल्द ही वन विभाग से एनओसी मिलने की उम्मीद है।
| वाहनों की श्रेणी | प्रति किलोमीटर आधार दर (रुपये में) |
| कार, जीप, वैन और हल्के मोटर वाहन (वाणिज्यिक श्रेणी) | 1.25 रुपये |
| हल्के वाणिज्यिक वाहन, हल्के मालवाहक वाहन और मिनी बस | 2.00 रुपये |
| बस या ट्रक (दो एक्सल) | 4.25 रुपये |
| तीन एक्सल वाले वाणिज्यिक वाहन | 4.60 रुपये |
| भारी निर्माण मशीनरी, अर्थ मूविंग इक्विपमेंट व चार से छह एक्सल वाले वाहन | 6.65 रुपये |
| सात या इससे अधिक एक्सल वाले बड़े वाहन | 8.10 रुपये |
कॉजवे भी टोल गणना में शामिल
विभागीय अभियंताओं के अनुसार, इस टोल प्लाजा पर वाहनों से टोल टैक्स वसूली का निर्धारण भागलपुर-कजरैली-बांका स्टेट हाइवे-25 की दर के आधार पर किया गया है। भागलपुर-कजरैली-बांका एसएच पर समुखिया मोड़ के पास टोल प्लाजा बनेगा, जहां पूर्व में वन विभाग का सर्वे हो चुका है।
बांका जाने पर दो जगह देना होगा शुल्क
एसएच-25 की तरह ही 29.4 किलोमीटर लंबे अकबरनगर-शाहकुंड-अमरपुर स्टेट हाइवे में 60 मीटर से अधिक लंबी संरचना को छोड़कर टोल टैक्स लगेगा, जबकि सड़क पर बने कॉजवे को टोल की गणना में शामिल किया गया है। सड़क और कॉजवे दोनों के लिए निर्धारित आधार दर का 60 प्रतिशत शुल्क लिया जाएगा।
अधिकारियों ने बताया कि भागलपुर-कजरैली-बांका स्टेट हाइवे से सीधे बांका आने-जाने पर एक जगह टोल देना पड़ेगा, लेकिन अकबरनगर-शाहकुंड-अमरपुर स्टेट हाइवे से होकर बांका जाने और आने वाले वाहनों को दो जगहों पर टोल टैक्स देना होगा। बिहार राज्य पथ विकास निगम लिमिटेड (बीएसआरडीसीएल) को अपने अधिकारियों या ठेकेदार के माध्यम से शुल्क वसूलने के लिए अधिकृत किया गया है।
निजी कार और सर्विस रोड वाले दोपहिया वाहनों को मिलेगी टोल से छूट
विभाग की अधिसूचना के अनुसार, निजी इस्तेमाल के लिए पंजीकृत कार, जीप, वैन और हल्के मोटर वाहनों को टोल टैक्स से छूट दी गई है। इसके अलावा जहां सर्विस रोड या वैकल्पिक सड़क उपलब्ध होगी, वहां उसका इस्तेमाल करने वाले दोपहिया वाहनों को भी टोल टैक्स नहीं देना होगा।
बार-बार आने-जाने वालों के लिए पास की सुविधा
इस मार्ग से नियमित यात्रा करने वाले लोगों के लिए पास की व्यवस्था भी की गई है। एक बार टोल भुगतान करने के बाद 24 घंटे के भीतर दो एकतरफा यात्राओं के लिए सामान्य एकतरफा शुल्क का डेढ़ गुना भुगतान करना होगा। वहीं, 50 सामान्य एकतरफा यात्राओं के कुल शुल्क का दो-तिहाई भुगतान कर पास भी बनवाया जा सकेगा।
ओवरलोड पर जुर्माना
निर्धारित क्षमता से अधिक वजन लेकर चलने वाले वाहनों से उनकी संबंधित श्रेणी के प्रवेश शुल्क के बराबर अतिरिक्त शुल्क वसूला जाएगा। टोल दरों में हर साल संशोधन होगा और प्लाजा पर रेट बोर्ड प्रदर्शित किया जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।