बटाईदार किसानों को भी मिलेगी फार्मर आईडी, सम्राट कैबिनेट जल्द ले सकती है फैसला
बटाई पर खेती करने वाले किसानों को भी अब फार्मर आईडी का लाभ मिलेगा, जिससे वे सरकारी योजनाओं और कृषि सुविधाओं का फायदा उठा सकेंगे।

बटाईदार किसानों को भी मिलेगी फार्मर आईडी, सम्राट कैबिनेट जल्द ले सकती है फैसला (AI Generated Image)
HighLights
बटाई पर खेती करने वाले किसानों को फार्मर आईडी का लाभ।
सरकारी योजनाओं और कृषि संबंधी सुविधाओं का लाभ उठा सकेंगे।
जिलाधिकारी ने डिजिटल क्रॉप सर्वे में तेजी लाने के निर्देश दिए।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। अब अपनी जमीन पर खेती करने वाले किसानों के साथ बटाई पर खेती करने वाले किसानों को भी फार्मर आईडी का लाभ देने की तैयारी है। इससे बटाईदार किसान भी विभिन्न सरकारी योजनाओं और कृषि संबंधी सुविधाओं का लाभ आसानी से उठा सकेंगे।
सोमवार को समाहरणालय में जिलाधिकारी अलंकृता पांडे की अध्यक्षता में कृषि एवं कृषि से जुड़े विभागों की समीक्षा बैठक में इसकी जानकारी दी गई। बैठक में कृषि विभाग की योजनाओं, फार्मर रजिस्ट्री, डिजिटल क्रॉप सर्वे समेत अन्य कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने बताया कि फार्मर रजिस्ट्री के तहत अभी स्वयं की भूमि पर खेती करने वाले किसानों को फार्मर आईडी उपलब्ध कराने की व्यवस्था है। इस संबंध में मुख्य सचिव के स्तर से दिशा-निर्देश प्राप्त हुए हैं।
बताया गया कि कैबिनेट से आवश्यक स्वीकृति मिलने के बाद इस व्यवस्था को प्रभावी रूप से लागू किया जाएगा। इसके बाद बटाई पर खेती करने वाले किसान भी फार्मर रजिस्ट्री से जुड़ सकेंगे।
डिजिटल क्रॉप सर्वे में तेजी लाने का निर्देश
बैठक में जिले में चल रहे डिजिटल क्रॉप सर्वे की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि हाल में हुई बारिश और जलजमाव के कारण कुछ क्षेत्रों में सर्वेक्षण कार्य प्रभावित हुआ है।
जिलाधिकारी ने कहा कि निर्धारित समय सीमा के भीतर डिजिटल क्रॉप सर्वे का काम पूरा किया जाए। इसके लिए संबंधित पदाधिकारी क्षेत्रवार नियमित अनुश्रवण करें और जहां कार्य की गति कम है, वहां आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।
डिजिटल क्रॉप सर्वे के माध्यम से खेतों में लगी फसलों से संबंधित जानकारी जुटाई जा रही है। सर्वे का कार्य समय पर पूरा होने से कृषि योजनाओं के क्रियान्वयन और किसानों से संबंधित आंकड़ों को व्यवस्थित करने में मदद मिलेगी।
