विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार का दूसरा सबसे बड़ा फॉरेंसिक केंद्र बनेगा भागलपुर, लैब को मिले 80 नए पद; जल्द खुलेगी DNA यूनिट

Published: Wed, 25 Nov 2026 03:09 PM (IST)

भागलपुर बिहार का दूसरा सबसे बड़ा फॉरेंसिक केंद्र बनने जा रहा है, जहां 80 नए पद सृजित किए गए हैं और जल्द ही डीएनए यूनिट भी खुलेगी। 

बिहार का दूसरा सबसे बड़ा फॉरेंसिक केंद्र बनेगा भागलपुर (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

बिहार का दूसरा सबसे बड़ा फॉरेंसिक केंद्र बनेगा भागलपुर (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

HighLights

  1. भागलपुर बनेगा बिहार का दूसरा सबसे बड़ा फॉरेंसिक केंद्र।

  2. लैब को मिले 80 नए पद, जल्द खुलेगी डीएनए यूनिट।

  3. नए कानूनों से गंभीर अपराधों में वैज्ञानिक जांच होगी तेज।

जागरण संवाददाता, भागलपुर। नए आपराधिक कानूनों के तहत सात वर्ष या उससे अधिक सजा वाले अपराधों में घटनास्थल पर फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम भेजकर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए जाएंगे। भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 176(3) में इसका प्रविधान है। 

घटनास्थल से मिले साक्ष्य और उनकी वैज्ञानिक जांच की रिपोर्ट अदालत में सुनवाई के दौरान अहम भूमिका निभा सकती है। इससे अभियोजन पक्ष मजबूत होगा और सजा की दर बढ़ने की उम्मीद है। पॉक्सो मामलों में भी तय समय-सीमा के भीतर फोरेंसिक जांच पूरी करना जरूरी है।

इस व्यवस्था में भागलपुर की फॉरेंसिक लैब की भूमिका बढ़ेगी। गंभीर मामलों में विशेषज्ञों की समय पर उपलब्धता और जांच रिपोर्ट मिलने से पुलिस जांच को गति मिल सकती है और पीड़ितों को न्याय दिलाने में मदद मिलेगी।

निदेशालय बनने के बाद नियुक्तियों और संसाधनों की परीक्षा

फॉरेंसिक व्यवस्था मजबूत करने के लिए राज्य के गृह विभाग ने विधि विज्ञान निदेशालय गठित किया है। अब तक फोरेंसिक इकाइयां पुलिस मुख्यालय के अपराध अनुसंधान विभाग के अधीन थीं। उन्हें गृह विभाग के प्रत्यक्ष नियंत्रण में लाने का उद्देश्य वैज्ञानिक जांच में समन्वय बढ़ाना और रिपोर्ट समय पर उपलब्ध कराना है।

राज्य में कुल 620 नए पद सृजित किए गए हैं। पटना के बाद सबसे अधिक 80 पद भागलपुर की क्षेत्रीय विधि विज्ञान प्रयोगशाला को मिले हैं। इनमें एक निदेशक, एक अपर निदेशक, तीन उप निदेशक, 13 सहायक निदेशक और 24 वरीय वैज्ञानिक सहायक के पद शामिल हैं। पुस्तकालयाध्यक्ष, लिपिक, चालक, प्रयोगशाला वाहक, विसरा कर्तक और कार्यालय परिचारी के पद भी स्वीकृत किए गए हैं।

पटना की मुख्य प्रयोगशाला में 620 पद

620 पद पटना की मुख्य प्रयोगशाला, मुजफ्फरपुर, भागलपुर और राजगीर की क्षेत्रीय प्रयोगशालाओं तथा चलंत विधि विज्ञान इकाइयों के लिए हैं। नौ नई क्षेत्रीय प्रयोगशालाओं को भी मंजूरी मिली है और उनके भवन निर्माण की प्रक्रिया चल रही है। पूर्णिया, मुंगेर, गयाजी और सारण में निदेशक पदस्थापित किए जा चुके हैं।

भागलपुर लैब पर बांका, मुंगेर, खगड़िया, बेगूसराय और कोसी-सीमांचल के जिलों की निर्भरता है। फिलहाल कई गंभीर मामलों के नमूने पटना या बाहर भेजे जाते हैं, जिससे रिपोर्ट आने में महीनों लगते हैं और अदालत की सुनवाई प्रभावित होती है। भागलपुर में डीएनए यूनिट स्थापित करने का प्रस्ताव गृह विभाग को भेजा गया है। इसके शुरू होने पर दुष्कर्म और पॉक्सो मामलों में डीएनए रिपोर्ट के लिए पटना पर निर्भरता घट सकती है।

भागलपुर में दो मोबाइल फॉरेंसिक वाहन

भागलपुर में दो मोबाइल फॉरेंसिक वाहन काम कर रहे हैं। स्वीकृत पदों पर नियुक्ति, आधुनिक उपकरणों और भवनों की समय पर व्यवस्था से जांच की गुणवत्ता और रिपोर्ट की समयबद्धता बेहतर हो सकती है। इससे भागलपुर राज्य का दूसरा बड़ा फोरेंसिक केंद्र बन सकेगा।

यह भी पढ़ें- बियाडा जहाज घाट पर कम पानी की चुनौती; संचालकों ने बाबूपुर गंगा घाट से परिचालन को बताया अधिक सुरक्षित, वीडियो पर रोक


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।