बियाडा जहाज घाट पर कम पानी की चुनौती; संचालकों ने बाबूपुर गंगा घाट से परिचालन को बताया अधिक सुरक्षित, वीडियो पर रोक
Bhagalpur Ferry Service Ganga Water Level : भागलपुर के बियाडा जहाज घाट पर गंगा का जलस्तर घटने से संचालन में चुनौती आ रही है, जिससे बाबूपुर घाट से परिचालन का सुझाव दिया गया है। यात्रियों की भीड़ कम होने के साथ ही, ई-रिक्शा के जमावड़े और वीडियो बनाने पर रोक जैसी समस्याएं भी सामने आई हैं।

Bhagalpur Ferry Service Ganga Water Level : भागलपुर के बियाडा जहाज घाट से नवगछिया के लिए जहाजों का संचालन जारी
HighLights
गंगा का जलस्तर घटने से बियाडा घाट पर संचालन में चुनौती।
संचालकों ने बाबूपुर गंगा घाट से परिचालन को सुरक्षित बताया।
ई-रिक्शा के जमावड़े से जाम, वीडियो बनाने पर हिदायत।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। Bhagalpur Ferry Service Ganga Water Level : बियाडा जहाज घाट से नवगछिया की ओर जाने वाले जहाजों का संचालन मंगलवार को भी सामान्य रूप से जारी रहा। हालांकि, सरकारी स्कूलों में छुट्टी रहने के कारण सुबह और शाम के समय यात्रियों की भीड़ में कुछ कमी देखी गई। फिलहाल जहाजों से सफर करने वालों में व्यवसायी, किसान और लग्न के मौसम में खरीदारी के लिए भागलपुर आने वाले ग्रामीणों की संख्या अधिक है।
घटते जलस्तर के बीच मिट्टी-गिट्टी डालकर बनाया जा रहा रास्ता
दूसरी ओर, गंगा का लगातार गिरता जलस्तर जहाजों के सुरक्षित संचालन के लिए बड़ी चुनौती बनता जा रहा है। पिछले एक महीने में जलस्तर में आई तेज गिरावट के कारण यात्रियों को जहाज पर चढ़ाने-उतारने के लिए बनाए गए जेटी के रैंप को करीब 100 मीटर आगे बढ़ाना पड़ा है।
बाबूपुर घाट की मांग
जिला प्रशासन की ओर से मिट्टी, गिट्टी और स्टोन डस्ट उपलब्ध कराकर संपर्क रास्ते को दुरुस्त रखने का प्रयास किया जा रहा है। हालांकि, जहाज संचालकों का कहना है कि यदि जलस्तर में इसी तरह गिरावट जारी रही, तो बियाडा घाट के बदले बाबूपुर गंगा घाट से जहाजों का संचालन करना अधिक सुरक्षित होगा।
वीडियो बनाने पर दी जा रही हिदायत
इधर, हिना बोट सर्विस की एक छोटी नाव पिछले पांच दिनों से खराब पड़ी है, जिसकी मरम्मत कराई जा रही है। रविवार को जहाज घाट का एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद मंगलवार को घाट कर्मियों द्वारा यात्रियों को लगातार वीडियो नहीं बनाने की हिदायत दी जाती रही।
ई-रिक्शा के जमावड़े से यात्री परेशान
वहीं, मुख्य सड़क पर माय एफएम मॉल के पास ई-रिक्शा का अनियंत्रित जमावड़ा यात्रियों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बना हुआ है। यहां बेतरतीब ढंग से ई-रिक्शा खड़े रहने के कारण अक्सर जाम की स्थिति बन रही है और यात्रियों को वाहन के लिए काफी देर तक इंतजार करना पड़ रहा है। यात्रियों ने प्रशासन से यातायात व्यवस्था को अविलंब दुरुस्त करने की मांग की है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।