विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार: हर रोज पकड़े जाएंगे गायब शिक्षक, उसी दिन होगी कार्रवाई; DEO को निर्देश जारी

Published: Mon, 26 Oct 2026 07:14 PM (IST)

भागलपुर और बांका के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की उपस्थिति को लेकर मिल रही शिकायतों पर क्षेत्रीय शिक्षा उपनिदेशक ने सख्ती दिखाई है।

हर रोज पकड़े जाएंगे गायब शिक्षक, उसी दिन होगी कार्रवाई; DEO को निर्देश जारी

हर रोज पकड़े जाएंगे गायब शिक्षक, उसी दिन होगी कार्रवाई; DEO को निर्देश जारी

HighLights

  1. शिक्षकों की उपस्थिति जांचने का आदेश जारी।

  2. ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर होगी प्रतिदिन जांच।

  3. अनुपस्थित शिक्षकों पर तत्काल होगी कार्रवाई।

जागरण संवाददाता, भागलपुर। बांका और भागलपुर के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की उपस्थिति को लेकर मिल रही शिकायतों पर क्षेत्रीय शिक्षा उपनिदेशक ने सख्ती दिखाई है।

क्षेत्रीय शिक्षा उपनिदेशक सुभाष कुमार गुप्ता ने आदेश जारी कर प्रतिदिन ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर शिक्षकों की उपस्थिति की जांच करने का निर्देश दिया है। प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी और लेखापाल को जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

अनुपस्थित शिक्षकों की जानकारी उसी दिन शाम पांच बजे तक जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, स्थापना को भेजनी होगी। संबंधित अधिकारी नियमानुसार कार्रवाई करेंगे।

अगले दिन इसकी रिपोर्ट जिला शिक्षा पदाधिकारी को भी उपलब्ध करानी होगी। जिसे प्रमंडल शिक्षा कार्यालय को भी उपलब्ध कराना होगा।

पत्र में स्पष्ट कहा गया है कि स्कूलों के सुचारु संचालन के लिए शिक्षकों की नियमित और समय पर उपस्थिति जरूरी है। इस संबंध में विभिन्न स्तरों से शिकायतें मिल रही हैं।

ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर दर्ज उपस्थिति की जांच कर नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई की जाएगी। रिपोर्ट तैयार करने और भेजने में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की जवाबदेही भी तय होगी।

इन-आउट में गड़बड़ी, घर बैठे हाजिरी की शिकायत

विभागीय सूत्रों के अनुसार, उपस्थिति को लेकर की गई जांच में कई तरह की गड़बड़ियों की शिकायतें सामने आई हैं। कुछ शिक्षक पोर्टल पर इन तो करते हैं, लेकिन आउट दर्ज नहीं करते।

वहीं, कुछ शिक्षकों के घर बैठे ही उपस्थिति बनाने की शिकायत भी मिली है। इन शिकायतों की वास्तविकता की जांच के लिए तकनीकी टीम की मदद ली जा रही है।

30 से अधिक शिक्षकों की तकनीकी जांच

विभागीय सूत्रों के मुताबिक, 30 से अधिक शिक्षकों की ई-शिक्षाकोष पर दर्ज उपस्थिति की तकनीकी जांच कराई जा रही है।

पीरपैंती, कहलगांव, नारायणपुर, रंगरा चौक, सुल्तानगंज और सन्हौला के अलावा नगर निगम क्षेत्र के शिक्षकों की उपस्थिति को लेकर भी शिकायतें सामने आने की बात कही जा रही है।

क्षेत्रीय शिक्षा उपनिदेशक सुभाष कुमार गुप्ता ने बताया कि अटेंडेंस में गड़बड़ी करने वाले शिक्षकों पर विभागीय कार्रवाई होगी।

यह भी पढ़ें- लखीसराय की शिक्षिका आकांक्षा को मिला बेस्ट टीचर का सम्मान, खेल-खेल में सिखाती हैं गणित-विज्ञान

यह भी पढ़ें- लखीसराय जिले के हजारों शिक्षकों की सैलरी अटकी, डबल पेमेंट की जांच से मचा हड़कंप