बिहार के घोघा-पंजवारा स्टेट हाइवे पर भी लगेगा टोल टैक्स, निजी वाहनों को मिलेगी छूट; चेक करें रेट लिस्ट
भागलपुर के घोघा-पंजवारा स्टेट हाइवे (SH-84) पर अब वाणिज्यिक वाहनों से टोल टैक्स वसूला जाएगा, जिसकी दरें तय कर अधिसूचना जारी कर दी गई है।

सांकेतिक तस्वीर
HighLights
घोघा-पंजवारा स्टेट हाइवे पर अब टोल टैक्स लगेगा।
वाणिज्यिक वाहनों के लिए दरें तय, निजी वाहन मुक्त।
बेलडीहा में टोल प्लाजा, मार्च-अप्रैल से वसूली संभव।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। भागलपुर-कजरैली-बांका और अकबरनगर-शाहकुंड-अमरपुर स्टेट हाइवे के साथ ही घोघा-पंजवारा रोड (स्टेट हाइवे-84) पर आवागमन अब वाणिज्यिक वाहनों के लिए मुफ्त नहीं रहेगा।
पथ निर्माण विभाग ने सन्हौला और धोरैया होकर भागलपुर आने वाले 42.76 किलोमीटर लंबे इस स्टेट हाइवे पर चलने वाले वाहनों के लिए टोल टैक्स (यूजर फी) की दरें तय कर अधिसूचना जारी कर दी है।
इस स्टेट हाइवे पर भी भागलपुर-कजरैली-बांका और अकबरनगर-शाहकुंड-अमरपुर स्टेट हाइवे की तरह ही टोल की दरें तय की गई हैं। टोल टैक्स की वसूली बेलडीहा के पास बनने वाले टोल प्लाजा से होगी।
इसके लिए बिहार राज्य पथ विकास निगम लिमिटेड (बीएसआरडीसीएल) को अधिकृत किया गया है। अधिसूचना के अनुसार, निजी इस्तेमाल के लिए पंजीकृत कार, जीप, वैन और हल्के मोटर वाहनों को टोल टैक्स से मुक्त रखा गया है।
इसके अलावा जहां सर्विस रोड या वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध होगा, वहां दोपहिया वाहनों से भी कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। टोल टैक्स केवल वाणिज्यिक और मालवाहक वाहनों पर लागू होगा।
इसकी तैयारी शुरू कर दी गई है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार सभी स्टेट हाइवे पर मार्च-अप्रैल से टोल टैक्स वसूली की योजना पर काम किया जा रहा है।
टोल के लिए तय दर
वाणिज्यिक कार, जीप, वैन और हल्के मोटर वाहन: 1.25 रुपये/KM
हल्के वाणिज्यिक वाहन, हल्के मालवाहक वाहन और मिनी बस: 2.00 रुपये/KM
दो एक्सल वाले बस या ट्रक: 4.25 रुपये/KM
तीन एक्सल वाले वाणिज्यिक वाहन: 4.60 रुपये/KM
भारी निर्माण मशीनरी, अर्थ मूविंग इक्विपमेंट और 4 से 6 एक्सल वाले वाहन: 6.65 रुपये/KM
सात या इससे अधिक एक्सल वाले बड़े वाहन: 8.10 रुपये/KM