विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार शिक्षा विभाग : भागलपुर में 2006 से 21 के नियोजन की समीक्षा, BPSC से बहाल 7800 शिक्षकों के प्रमाणपत्रों की जांच

Published: Sun, 22 Nov 2026 07:15 AM (GMT+05:30)

Bihar Fake Teachers : भागलपुर में शिक्षा विभाग 2006 से 2021 के बीच नियुक्त फर्जी शिक्षकों पर कार्रवाई करेगा, जिसमें सेवा समाप्ति और FIR शामिल है। इसके तहत 7800 से अधिक बीपीएससी-नियुक्त शिक्षकों के प्रमाणपत्रों की भी गहन जांच की जाएगी।

Bihar Fake Teachers :  प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर

 Bihar Fake Teachers :  प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर

HighLights

  1. फर्जी प्रमाणपत्र वाले शिक्षकों की सेवा समाप्त होगी, FIR दर्ज।

  2. 2006-2021 के नियोजन की गहन समीक्षा की जाएगी।

  3. 7800 से अधिक बीपीएससी शिक्षकों के प्रमाणपत्रों की जांच।

जागरण संवाददाता, भागलपुर। Bihar Fake Teachers : फर्जी प्रमाणपत्र के सहारे शिक्षक की नौकरी हासिल करने वालों की अब खैर नहीं है। भागलपुर जिले में ऐसे शिक्षकों की पहचान कर उनकी सेवा समाप्त करने के साथ-साथ प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई शुरू होने जा रही है। शिक्षा विभाग के निदेशक (प्रशासन) विजय कुमार पाण्डेय ने सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों को इस संबंध में सख्त निर्देश जारी किया है।

इसके तहत वर्ष 2006 से 2021 के बीच हुए शिक्षक नियोजन की गहन समीक्षा की जाएगी। निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की जांच में फर्जी प्रमाणपत्र साबित होने के बावजूद जिन शिक्षकों पर अब तक सेवा समाप्ति की कार्रवाई लंबित है, उनके मामलों का भी त्वरित निष्पादन करना होगा।

चार श्रेणियों में बांटे गए फर्जी शिक्षक, प्रथम दृष्टया प्रमाण मिलने पर होगी FIR

विभाग ने फर्जी शिक्षकों को चार श्रेणियों में बांटकर उनकी पहचान करने का निर्देश दिया है। इनमें मिथ्या नियुक्ति, दूसरे के नाम पर नौकरी हासिल करना, अमान्य संस्थान से प्रमाणपत्र लेना और मान्य संस्थान के नाम पर कूटरचित (जाली) प्रमाणपत्र बनवाना शामिल है। नियुक्ति की निर्धारित अर्हक (योग्यता) तिथि पर आवश्यक अर्हता नहीं रखने वाले शिक्षकों की सेवा तुरंत समाप्त की जाएगी। वहीं, फर्जी प्रमाणपत्र के आधार पर नौकरी पाने का मामला प्रथम दृष्टया प्रमाणित होने पर संबंधित शिक्षक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी।

बीपीएससी से नियुक्त 7800 से अधिक शिक्षकों के प्रमाणपत्रों की भी होगी जांच

कार्रवाई का यह दायरा सिर्फ पुराने नियोजित शिक्षकों तक ही सीमित नहीं रहेगा। बीपीएससी (BPSC) के माध्यम से जिले में नियुक्त प्रधानाध्यापक, प्रधान शिक्षक और विद्यालय अध्यापकों के लंबित प्रमाणपत्र सत्यापन को भी जल्द पूरा करने का निर्देश दिया गया है।

जिला शिक्षा पदाधिकारी को प्राथमिकता के आधार पर जांच शुरू करने और निर्धारित चेकलिस्ट के अनुसार स्वतंत्र सत्यापन सुनिश्चित करने को कहा गया है। आपको बता दें कि भागलपुर जिले में 7800 से अधिक शिक्षकों की नियुक्ति बीपीएससी के माध्यम से हुई है, जिनके दस्तावेजों की अब नए सिरे से जांच होगी।

यह भी पढ़ें- भागलपुर श‍िक्षा व‍िभाग में विजिलेंस का बड़ा एक्शन: केबिन में 1.10 लाख रुपये के साथ धराए MDM के DPM मनोज कुमार

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।