विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भागलपुर में भोलानाथ फ्लाइओवर और ROB निर्माण को मिली गति, भू-अर्जन की बाधाएं दूर

Published: Wed, 28 Oct 2026 06:56 PM (IST)

भू-अर्जन की बाधाएं दूर होने के बाद भागलपुर में भोलानाथ फ्लाइओवर और आरओबी का निर्माण कार्य अब गति पकड़ेगा। मिरजानहाट ...और पढ़ें

फ्लाईओवर। फाइल फोटो

फ्लाईओवर। फाइल फोटो

HighLights

  1. भोलानाथ फ्लाइओवर निर्माण में भू-अर्जन की बाधाएं हुईं दूर।

  2. मिरजानहाट में फ्लाइओवर पिलर का काम छठ बाद होगा शुरू।

  3. भागलपुर-गोराडीह आरओबी निर्माण भी अब पकड़ेगा रफ्तार।

जागरण संवाददाता, भागलपुर। भू-अर्जन नहीं होने से शहर में बन रहे भोलानाथ फ्लाइओवर और भागलपुर-गोराडीह मार्ग के रेल ओवर ब्रिज (आरओबी) का काम प्रभावित हो रहा है।

हालांकि, 15 करोड़ रुपये मुआवजा राशि के भुगतान के बाद मिरजानहाट शीतला स्थान चौक के पास फ्लाइओवर के पिलर खड़े करने का रास्ता साफ हो गया है। छठ पूजा के बाद यहां काम शुरू होगा।

मिरजानहाट और भीखनपुर गुमटी नंबर तीन के बीच 1300 मीटर लंबे भोलानाथ फ्लाइओवर के लिए शीतला स्थान चौक के पास ए-1 और भीखनपुर त्रिमूर्ति चौक के पास ए-2 पियर के निर्माण में भू-अर्जन की समस्या थी।

त्रिमूर्ति चौक से आगे एक और पिलर बनाया जाना है। इसकी पाइलिंग करीब एक साल पहले हो चुकी है, लेकिन जमीन मिलने के बाद ही पिलर खड़ा करने का काम शुरू हो सकेगा। योजना अगले साल पूरी करने का लक्ष्य है।

फ्लाइओवर के 41 पिलरों में 37 खड़े किए जा चुके हैं और 33 को जोड़ने का काम पूरा हो गया है। त्रिमूर्ति चौक और मिरजानहाट शीतला स्थान चौक के पास अप्रोच रोड के लिए भी जमीन की जरूरत है। काम जारी है।

बौंसी रेलवे पुल संख्या-2 पर बन रहे आरओबी में भी भू-अर्जन के कारण दिक्कत है। इसके कुल 21 पिलरों में गोराडीह की ओर 11 और मिरजानहाट की ओर 10 बनाए जाने हैं।

सभी की पाइलिंग हो चुकी है, लेकिन मिरजानहाट की ओर पिलर खड़े करने का काम शुरू नहीं हुआ। गोराडीह की ओर पिलर और हेमरहेड बनाने का काम जारी है।

67 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला आरओबी 13 मीटर चौड़ा होगा। दोनों ओर एक-एक मीटर के फुटपाथ होंगे। इसकी लंबाई 713.8 मीटर और ऊंचाई 16.5 मीटर होगी। रेलवे क्षेत्र में दोनों ओर स्टील गार्डर लगाए जाएंगे।

गोराडीह की ओर 180 मीटर और मिरजानहाट की ओर 175 मीटर लंबा अप्रोच रोड बनेगा। मिरजानहाट गोलंबर का आकार भी बढ़ाया जाएगा। यहां फ्लाइओवर और आरओबी के पहुंच पथ मिलेंगे। आरओबी भोलानाथ फ्लाइओवर से जुड़ेगा।

पुल निर्माण निगम के अभियंता ने बताया कि मिरजानहाट की ओर त्योहार के बाद पिलर का काम शुरू होगा। त्रिमूर्ति चौक पर काम शुरू करने के लिए दुकानदारों से बातचीत की गई है।

भू-अर्जन के लिए 39 करोड़ रुपये का मुआवजा जल्द दिया जाएगा। आरओबी के लिए मुआवजा राशि का भुगतान भू-अर्जन आकलन के बाद होगा।

यह भी पढ़ें- सम्राट कैबिनेट के 43 फैसले: पटना में भूमिगत सड़कें, सोनपुर में टाउनशिप और मोतीपुर में उद्योगों का रास्ता साफ

यह भी पढ़ें- तिरहुत स्नातक सीट पर वंशीधर ब्रजवासी की ऐतिहासिक जीत, अभिषेक झा को 9147 वोटों से हराया