Bihar Weather Update: भागलपुर में दिखेगा ‘अकवान’ का असर, 21 और 22 नवंबर को बारिश के आसार
भागलपुर में सुबह धुंध और दिन में धूप के साथ रात में ठंड बढ़ रही है। चक्रवाती तूफान 'अकवान' के ...और पढ़ें

बारिश से बचती महिला। फाइल फोटो
HighLights
सुबह धुंध और दिन में धूप, रात में ठंड बढ़ रही।
चक्रवाती तूफान 'अकवान' का असर पूर्वी बिहार पर दिखेगा।
भागलपुर में 21-22 नवंबर को हल्की से मध्यम बारिश संभव।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। Bhagalpur Weather Update: भागलपुर में इन दिनों सुबह की शुरुआत धुंध और कोहरे के साथ हो रही है, जबकि दिन चढ़ने पर धूप निकलने से लोगों को राहत मिल रही है।
रात में तापमान में गिरावट और सुबह नमी बढ़ने के कारण ठंड का एहसास बढ़ गया है। बुधवार को यहां अधिकतम तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह साढ़े आठ बजे सापेक्ष आर्द्रता 92 प्रतिशत, जबकि शाम साढ़े पांच बजे 81 प्रतिशत रही।
उत्तर-पश्चिमी हवा की औसत रफ्तार तीन किलोमीटर प्रति घंटे दर्ज की गई। इस दौरान मौसम शुष्क रहा। सुबह घने कोहरे के कारण दृश्यता घटकर करीब 300 मीटर रह गई।
भारत मौसम विज्ञान विभाग के भागलपुर केंद्र के विज्ञानी अनुपम नाहर ने बताया कि रात में आसमान साफ रहने के कारण धरती की सतह तेजी से ठंडी होती है।
इस प्रक्रिया को विकिरणीय शीतलन कहते हैं। निचले वायुमंडल में तापमान व्युत्क्रमण और सुबह सापेक्ष आर्द्रता अधिक रहने के कारण धुंध और कोहरे की स्थिति बन रही है।
मौसम विभाग के weather Forecast के अनुसार, गुरुवार को मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान 28 से 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 से 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। सुबह धुंध या कोहरा छाने, जबकि दिन में आसमान साफ रहने और धूप निकलने के आसार हैं।
चक्रवाती तूफान से बदल सकता है मौसम
बंगाल की खाड़ी में सक्रिय गंभीर चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ का असर अगले कुछ दिनों में पूर्वी भारत के मौसम पर पड़ सकता है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग की ओर से 18 नवंबर को शाम 5:30 बजे जारी बुलेटिन के अनुसार, तूफान पश्चिम-मध्य और उससे सटी दक्षिण बंगाल की खाड़ी में सक्रिय था। पिछले छह घंटे के दौरान यह करीब नौ किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ा।
पूर्वानुमान जताया गया था कि तूफान 20 नवंबर को दोपहर तक नरसापुर (आंध्र प्रदेश) और पुरी (ओडिशा) के बीच उत्तर आंध्र प्रदेश, यानम और दक्षिण ओडिशा के तट से गंभीर चक्रवाती तूफान के रूप में टकरा सकता है। इस दौरान हवा की अधिकतम निरंतर गति 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे और झोंकों की गति 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने की संभावना जताई गई।
21-22 नवंबर को बारिश के आसार
तट से टकराने के बाद तूफान के कमजोर पड़ने की संभावना है, लेकिन इसके अवशिष्ट चक्रवाती परिसंचरण और उससे जुड़ी नमी का प्रभाव बना रह सकता है। इसके कारण ओडिशा, झारखंड और पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।
मौसम प्रणाली की दिशा और नमी के विस्तार को देखते हुए 21 और 22 नवंबर को भागलपुर समेत पूर्वी बिहार में बादल छाने तथा हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं।
यह भी पढ़ें- Kal Ka Mausam 19 November: घने कोहरे के साथ दिन की शुरुआत, सूर्यास्त के बाद बढ़ेगी ठंड
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।