भागलपुर मौसम अपडेट: 27.1 मिमी बारिश के बाद अब साफ होगा आसमान, शुष्क मौसम और गुनगुनी धूप से मिलेगी बड़ी राहत
Bhagalpur Weather Update : भागलपुर में बेमौसम बारिश के बाद अब मौसम साफ होने वाला है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, सोमवार से बारिश की गतिविधियों में कमी आएगी और धूप खिलने से लोगों व किसानों को राहत मिलेगी।

Bhagalpur Weather Update : भागलपुर में बदला मौसम का मिजाज, बारिश के दौर पर लगेगी लगाम
HighLights
भागलपुर में बारिश की गतिविधियों में कमी आएगी।
सोमवार से आसमान साफ होकर धूप खिलने की उम्मीद।
किसानों और आम जनता को मिलेगी बड़ी राहत।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। Bhagalpur Weather Update :मौसम के बदले मिजाज और बेमौसम बारिश के बाद अब भागलपुर वासियों को बड़ी राहत मिलने वाली है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, जिले में बारिश की गतिविधियों में अब कमी आने के स्पष्ट संकेत हैं।
सोमवार को सुबह के समय आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और बादलों की आवाजाही के साथ दिन की शुरुआत होने के आसार हैं, लेकिन दिन चढ़ने के साथ ही बादलों की सक्रियता कम हो जाएगी। दोपहर के आसपास सूर्यदेव के दर्शन होने और खिली हुई धूप निकलने की पूरी संभावना है। फिलहाल बारिश की संभावना बेहद कम है और मौसम शुष्क बना रहेगा।
बिहार-झारखंड से गुजर रही द्रोणिका, पर भागलपुर में नहीं बरसेंगे बादल
भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, वर्तमान में उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में एक निम्न दबाव का क्षेत्र सक्रिय है। इससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से 3.1 किलोमीटर की ऊंचाई तक विस्तृत है। इसके प्रभाव से पूर्वी मध्य प्रदेश से मणिपुर तक बिहार और झारखंड होते हुए एक द्रोणिका (ट्रफ लाइन) गुजर रही है। हालांकि, मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि इन मौसमी गतिविधियों का भागलपुर में बारिश के रूप में कोई खास असर पड़ने की संभावना नहीं है।
रविवार को 27.1 मिमी हुई वर्षा, 98 प्रतिशत तक पहुंची हवा में नमी
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, रविवार सुबह साढ़े आठ बजे तक जिले में 26.7 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई थी, जबकि इसके बाद शाम साढ़े पांच बजे तक 0.4 मिलीमीटर अतिरिक्त बारिश हुई। रविवार को भागलपुर का अधिकतम तापमान 24.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
हवा में नमी की मात्रा काफी अधिक रही; सुबह साढ़े आठ बजे सापेक्ष आर्द्रता 98 प्रतिशत दर्ज की गई, जो शाम साढ़े पांच बजे 96 प्रतिशत रही। इस दौरान उत्तर-पश्चिमी हवा की औसत रफ्तार पांच किलोमीटर प्रति घंटे रही। अब सोमवार को बादलों के छंटने और धूप निकलने से आम लोगों के साथ-साथ फसलों को लेकर चिंतित किसानों को भी बड़ी राहत मिलेगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।