कमजोर पड़ा चक्रवात अर्णब! भागलपुर में सुधरेगा मौसम, शनिवार को धूप-छांव के आसार; दियारा में लेट होगी रबी बुआई
Bhagalpur Weather Update: भागलपुर में चक्रवात 'अर्णब' का प्रभाव कमजोर पड़ रहा है, जिससे शनिवार से मौसम में सुधार की ...और पढ़ें

Bhagalpur Weather Update: भागलपुर में कमजोर पड़ा चक्रवात अर्णब का असर!
HighLights
चक्रवात अर्णब का प्रभाव भागलपुर में अब कमजोर हुआ।
शनिवार से मौसम में सुधार, धूप-छांव के आसार।
धीमी हवा से धान सुरक्षित, रबी बुवाई में देरी।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। Bhagalpur Weather Update: चक्रवात 'अर्णब' के अवशेष का प्रभाव अब भागलपुर और आसपास के इलाकों में धीरे-धीरे कमजोर पड़ने लगा है। पिछले दो दिनों से जारी लगातार बारिश और घने बादलों के दौर के बाद शनिवार से मौसम के मिजाज में सुधार आने की पूरी उम्मीद है। शनिवार को आसमान में हल्के बादलों की आवाजाही के बीच धूप-छांव की स्थिति बनी रहेगी, हालांकि स्थानीय स्तर पर कहीं-कहीं गरज के साथ हल्की बौछारें पड़ सकती हैं।
जिले में गुरुवार से शुक्रवार के दौरान कुल 35 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इस दौरान करीब चार किलोमीटर प्रति घंटे की धीमी गति से दक्षिण-पूर्वी हवा चलती रही। हवा की गति काफी मंद रहने के चलते लगातार बारिश के बाद भी दिन के तापमान में बहुत भारी गिरावट दर्ज नहीं की गई।
निम्न दबाव में बदला चक्रवात का अवशेष, छिटपुट बारिश के आसार
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD), भागलपुर केंद्र के मौसम विज्ञानी अनुपम नाहर के अनुसार, चक्रवात अर्णब का अवशेष कमजोर होकर सामान्य निम्न दबाव क्षेत्र (Low Pressure Area) में तब्दील हो चुका है और यह उत्तर-उत्तरपूर्व दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसके प्रभाव से वायुमंडल में नमी और अस्थिरता अभी बनी हुई है।
शनिवार को भागलपुर सहित आसपास के मैदानी क्षेत्रों में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं और एकाध बार हल्की वर्षा हो सकती है, लेकिन कुल मिलाकर शुक्रवार की तुलना में मौसम काफी साफ और अनुकूल रहेगा।
उधर, मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि दक्षिण अंडमान सागर और उससे सटे अंडमान-निकोबार द्वीप समूह के ऊपर एक अन्य निम्न दबाव क्षेत्र सक्रिय है, जो पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ रहा है। इसके बंगाल की खाड़ी के आसपास गहरे अवदाब में बदलकर आंध्र प्रदेश तट की ओर बढ़ने का अनुमान है, जिसका फिलहाल भागलपुर के स्थानीय मौसम पर कोई सीधा प्रभाव नहीं पड़ेगा।
तेज हवा नहीं चलने से बची धान की फसल, दियारा में रबी की चिंता
लगातार हुई बारिश के बावजूद भागलपुर जिले में खरीफ की मुख्य फसल धान को कोई बड़ा नुकसान नहीं पहुंचा है। हवा की गति अत्यंत धीमी रहने के कारण खेतों में तैयार खड़ी फसल के गिरने (लॉजिंग) की नौबत नहीं आई, जिससे किसान बड़ी क्षति से बच गए। हालांकि, जिन निचले खेतों में धान पूरी तरह पक चुका है, वहां यदि अत्यधिक पानी जमा हुआ तो कटाई में थोड़ी परेशानी आ सकती है। मध्यम अवधि की धान फसलों के लिए यह स्थिति पूरी तरह सामान्य मानी जा रही है।
दूसरी ओर, गंगा के दियारा इलाकों में इस बेमौसम बारिश से रबी फसलों की बुआई का चक्र थोड़ा पिछड़ सकता है। निचले दियारा के खेतों में अत्यधिक नमी और पानी जमा होने के कारण जुताई और बुआई का काम प्रभावित हुआ है। कृषि जानकारों का कहना है कि खेतों से अतिरिक्त पानी निकलने और मिट्टी के सूखकर बुआई योग्य होने में कुछ दिन का वक्त लगेगा, जिसके चलते दियारा के किसानों को रबी की बोवनी शुरू करने के लिए थोड़ा इंतजार करना होगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।