हल्की बारिश ने खोली भागलपुर नगर निगम की पोल: तीन फीट पानी में डूबे भोलानाथ व बौंसी अंडरपास, बरारी में महाजाम
Cyclone Akwan Impact in Bhagalpur Heavy Rain Waterlogging Crop Damage News: चक्रवाती तूफान 'अकवान' के प्रभाव से भागलपुर में भारी बारिश और जलजमाव हुआ, जिससे भोलानाथ व बौंसी अंडरपास तीन फीट पानी में डूब गए और जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। बारिश ने नगर निगम की खराब जलनिकासी व्यवस्था की पोल खोल दी, वहीं कहलगांव, पीरपैंती और शाहकुंड में धान की फसल और लाखों कच्ची ईंटें बर्बाद हो गईं।

Cyclone Akwan Impact in Bhagalpur Heavy Rain Waterlogging Crop Damage News: वर्षा में भगतीं युवतियां।
HighLights
चक्रवात अकवान से भागलपुर में भारी बारिश और जलजमाव।
भोलानाथ व बौंसी अंडरपास में तीन फीट तक पानी भरा।
कहलगांव, पीरपैंती में धान और कच्ची ईंटें बर्बाद।
जागरण टीम, भागलपुर। Cyclone Akwan Impact in Bhagalpur Heavy Rain Waterlogging Crop Damage News: बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवाती तूफान 'अकवान' के प्रभाव से शनिवार को भागलपुर शहर सहित नवगछिया, कहलगांव, पीरपैंती और शाहकुंड में मौसम का मिजाज अचानक बदल गया। सुबह से ही आसमान में घने बादल छाए रहे और दिनभर रुक-रुककर होती रही बारिश तथा ठंडी हवाओं ने तापमान में गिरावट ला दी। अचानक बढ़ी ठिठुरन और जलजमाव के कारण शहरी व ग्रामीण इलाकों का जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया।
हल्की बारिश में ही तालाब बने भोलानाथ व बौंसी अंडरपास
शहर में शनिवार को हुई हल्की बारिश ने ही नगर निगम की जलनिकासी व्यवस्था की पोल खोल दी। बारिश के बाद दक्षिणी क्षेत्र के भोलानाथ और बौंसी रेलवे अंडरपास समेत तीन अंडरपास में करीब तीन फीट तक पानी जमा हो गया। करीब सात वार्डों का पानी नालों के माध्यम से इन अंडरपास की ओर गुजरता है, जो ओवरफ्लो होकर सड़क पर भर गया।
-1795293408721.webp)
दिनभर जूझते रहे लोग
इससे इशाकचक, भीखनपुर और मीरजानहाट सहित आसपास के इलाकों के लोगों को पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ा। निगम की ओर से डिसिल्टिंग वाहन लगाकर पानी निकालने का प्रयास किया गया, लेकिन नालों से लगातार पानी आने के कारण स्थिति में सुधार नहीं हो सका। अब रविवार को जलनिकासी तेज करने की तैयारी है।
किलकारी भवन से बियाडा द्वार तक जलभराव से दो घंटे ठप रहा यातायात
बरारी स्थित किलकारी भवन से बियाडा मुख्य प्रवेश द्वार तक जलजमाव की समस्या ने शनिवार दोपहर विकराल रूप ले लिया। बियाडा घाट से महादेवपुर घाट के बीच जहाज से फेरी सेवा शुरू होने के कारण इस मार्ग पर रोजाना करीब 30 हजार राहगीरों और वाहनों का दबाव बढ़ा है।
जलभराव के कारण मार्ग वन-वे हो गया और करीब दो घंटे तक यातायात पूरी तरह ठप रहा। काली मंदिर से बियाडा जहाज घाट और श्मशान घाट मार्ग पर गाड़ियां रेंगती रहीं।
गौरतलब है कि मेयर की पहल पर छह माह पहले 25 लाख रुपये की निविदा निकाली गई थी, जिसमें किलकारी भवन के पास 10 लाख रुपये की लागत से नाला निर्माण होना है। दो माह पहले निविदा पूरी होने और संवेदक को वर्क ऑर्डर दिए जाने के बावजूद निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है।
-1795293466433.webp)
कहलगांव, पीरपैंती और शाहकुंड में खेतों में भीगी धान, लाखों कच्ची ईंटें बर्बाद
बेमौसम बारिश ने जिले के अन्नदाताओं और ईंट भट्ठा संचालकों की कमर तोड़ दी है। कहलगांव में 24 घंटे से हो रही बारिश के कारण फूस व पुराने घरों की छतों से पानी टपकने लगा है। पकड़तल्ला के किसान आशुतोष कुमार सिंह, तोफिल के संजय मंडल और सौर गांव के राजेश सिंह ने बताया कि खेतों में काटकर रखी गई धान की फसल भीग गई है, जबकि भोका से बोए गए मक्का, मटर और रबी के बीज पानी व पपड़ी जमने से सड़ जाएंगे। साथ ही ईंट भट्ठों पर रखी लाखों कच्ची ईंटें गलकर बर्बाद हो गईं।
-1795293544324.webp)
पीरपैंती में भी कटी हुई धान की फसल भीगने से दाने खराब होने की आशंका बढ़ गई है, वहीं इशीपुर बाराहाट, ओलापुर और दियारा की सड़कों पर कीचड़ व फिसलन से राहगीरों की मुसीबत बढ़ गई है। शाहकुंड प्रखंड में करीब 12 हजार हेक्टेयर में लगी धान की फसल गिरने और दाने खराब होने का खतरा मंडरा रहा है। मामले को लेकर प्रखंड कृषि पदाधिकारी (बीएओ) वीरेंद्र कुमार ने बताया कि बारिश से हुई क्षति का आकलन करवाया जाएगा। उधर, नवगछिया में भी ठंडी हवाओं व बारिश से बुजुर्गों-बच्चों की परेशानी बढ़ी है और लोग गर्म कपड़ों में दुबकने को विवश हैं।
अधिकारियों व मेयर का पक्ष
आदित्य जायसवाल, प्रभारी योजना शाखा: "किलकारी भवन के पास नाले के निर्माण को लेकर निविदा की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। संवेदक को कार्य करना है और चार दिनों के भीतर नाला निर्माण कार्य शुरू करने का निर्देश दिया गया है।"
मेघा रानी, सहायक अभियंता, नगर विकास प्रमंडल: "हमारी जिम्मेदारी कार्य करवाने की है, लेकिन योजना शाखा से हमें किलकारी भवन के पास नाला निर्माण को लेकर संवेदक को जारी वर्क ऑर्डर संबंधित पत्र अब तक प्राप्त नहीं हुआ है। अद्यतन स्थिति योजना शाखा ही बता सकती है।"
डॉ. बसुंधरा लाल, मेयर, नगर निगम: "जलजमाव की समस्या के निदान को सर्वोच्च प्राथमिकता मिलेगी। यदि निविदा हो चुकी है तो हर हाल में नाला निर्माण का कार्य शुरू होगा। योजना शाखा को संवेदक से अविलंब कार्य शुरू कराने का निर्देश दिया गया है।"
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।