भागलपुर रेलवे जंक्शन पर लाइन खाली न होने से फंसी ट्रेनें; आउटर पर रुकी वनांचल, 8 घंटे देरी से आई गरीब रथ एक्सप्रेस
Bhagalpur Train Delay : भागलपुर जंक्शन पर ट्रेनों की अनियमितता और लाइन खाली न होने से यात्रियों को भारी परेशानी हुई। गरीब रथ एक्सप्रेस आठ घंटे और ब्रह्मपुत्र मेल पांच घंटे से अधिक देरी से चली, कई ट्रेनें सिग्नल पर फंसी रहीं।

Bhagalpur Train Delay : भागलपुर में ट्रेनों की लेटलतीफी से यात्रियों की बढ़ी मुसीबत
HighLights
गरीब रथ एक्सप्रेस आठ घंटे देरी से भागलपुर पहुंची।
वनांचल एक्सप्रेस आउटर सिग्नल पर एक घंटा रुकी।
लाइन खाली न होने से कई ट्रेनें सिग्नल पर फंसी।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। Bhagalpur Train Delay : भागलपुर जंक्शन पर ट्रेनों की अनियमितता और प्लेटफार्मों पर लाइन खाली नहीं रहने के कारण शनिवार को यात्रियों को भारी फजीहत झेलनी पड़ी। स्थिति यह रही कि गरीब रथ एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से करीब आठ घंटे देरी से भागलपुर पहुंची, जबकि अप ब्रह्मपुत्र मेल पांच घंटे से अधिक विलंब से चली। वहीं, लाइन क्लियर नहीं मिलने के कारण कई प्रमुख ट्रेनों को आउटर और होम सिग्नल पर घंटों रोककर रखना पड़ा।
लाइन खाली न होने से सिग्नल पर फंसी रहीं ट्रेनें
शनिवार को अप वनांचल एक्सप्रेस करीब एक घंटे तक आउटर सिग्नल पर और डाउन विक्रमशिला एक्सप्रेस होम सिग्नल के पास रुकी रही। इसके अलावा ब्रह्मपुत्र मेल को सबौर स्टेशन पर करीब 45 मिनट तक खड़ा रखा गया। अचानक बीच रास्ते में ट्रेनों के रुकने से यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। इस संदर्भ में वनांचल एक्सप्रेस से सफर कर रही एक महिला यात्री ने रेल प्रशासन के समक्ष लिखित शिकायत भी दर्ज कराई है।
महिला यात्री ने की शिकायत
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, उस समय गोड्डा-शकूरबस्ती और अहमदाबाद-मालदा टाउन स्पेशल के अलावा अन्य प्लेटफार्मों पर पहले से ट्रेनें खड़ी थीं। कोई भी लाइन खाली नहीं रहने के कारण कंट्रोल रूम के निर्देशानुसार विक्रमशिला एक्सप्रेस को होम सिग्नल, वनांचल एक्सप्रेस को आउटर सिग्नल और ब्रह्मपुत्र मेल को सबौर स्टेशन पर रोककर रखा गया था। बाद में लाइन खाली होने पर सभी ट्रेनों को बारी-बारी से प्लेटफार्म पर लिया गया।
सात घंटे की देरी से रात नौ बजे रवाना हुई गरीब रथ एक्सप्रेस
इधर, लंबी दूरी की ट्रेनों के घंटों विलंबित रहने से दूर-दराज के इलाकों से भागलपुर स्टेशन पहुंचे मुसाफिरों को प्लेटफार्म पर घंटों इंतजार करना पड़ा। गरीब रथ एक्सप्रेस के आठ घंटे देरी से भागलपुर पहुंचने के कारण वापसी में भी इसके परिचालन पर सीधा असर पड़ा और यह ट्रेन अपने तय समय से सात घंटे विलंब से रात नौ बजे यहां से रवाना हुई।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।