दिसंबर से फरवरी तक रेल सफर मुश्किल: भागलपुर-दिल्ली रूट की न्यू फरक्का पूरी तरह रद, गरीब रथ भी हफ्ते में एक दिन बंद
Fog Train Cancelled List December 2026 : कोहरे के कारण 2 दिसंबर से भागलपुर-दिल्ली रूट पर कई प्रमुख ट्रेनें रद्द होंगी, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। न्यू फरक्का एक्सप्रेस पूरी तरह, गरीब रथ हफ्ते में एक दिन और कामाख्या-गया एक्सप्रेस भी निरस्त रहेगी, जिससे अन्य ट्रेनों पर दबाव बढ़ेगा।

Fog Train Cancelled List December 2026 : कोहरे के कारण दो दिसंबर से थमेगी ट्रेनों की रफ्तार
HighLights
कोहरे के कारण 2 दिसंबर से ट्रेनें रद्द होंगी।
न्यू फरक्का एक्सप्रेस पूरी तरह, गरीब रथ आंशिक रूप से रद्द।
यात्रियों को लंबी वेटिंग और देरी का सामना करना पड़ेगा।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। Fog Train Cancelled List December 2026 : कोहरे के कारण आगामी दो दिसंबर से ट्रेनों के निरस्त होने का सिलसिला शुरू हो जाएगा। अगले नौ दिनों बाद कई प्रमुख ट्रेनों के रद होने का सीधा असर नियमित गाड़ियों पर पड़ा है। छठ महापर्व की भीड़ के बाद अब लग्न और कोहरे की आशंका ने रेल यात्रियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
नियमित ट्रेनों पर बढ़ा दबाव
स्थिति यह है कि 60 दिन की अग्रिम आरक्षण अवधि (एआरपी) की विंडो खुलते ही टिकट सीधे वेटिंग में जा रहे हैं। विक्रमशिला एक्सप्रेस, एलटीटी एक्सप्रेस, सूरत एक्सप्रेस, अंग एक्सप्रेस और जमालपुर-हावड़ा एक्सप्रेस सहित लंबी दूरी की अधिकांश ट्रेनों में स्लीपर से लेकर एसी क्लास तक लंबी वेटिंग चल रही है।
न्यू फरक्का पूरी तरह और गरीब रथ हफ्ते में एक दिन रद
कोहरे की संभावना को देखते हुए रेलवे ने भागलपुर-दिल्ली के बीच चलने वाली न्यू फरक्का एक्सप्रेस को पूरी तरह और गरीब रथ एक्सप्रेस को सप्ताह में एक दिन निरस्त करने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही कामाख्या-गया एक्सप्रेस भी रद रहेगी। इन गाड़ियों के निरस्त होने से यात्रियों का पूरा दबाव विक्रमशिला एक्सप्रेस, फरक्का एक्सप्रेस और ब्रह्मपुत्र मेल पर आ गया है, जिससे इनमें सीट मिलना मुश्किल हो गया है।
फॉग सेफ्टी डिवाइस बेअसर
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, घने कोहरे में फॉग सेफ्टी डिवाइस के पूरी तरह प्रभावी न होने के कारण सुरक्षा की दृष्टि से विजिबिलिटी के अनुसार ट्रेनों की अधिकतम गति 20 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटा तक सीमित रखी जाती है।
8 से 15 घंटे तक लेट चल सकती हैं गाड़ियां
धीमी रफ्तार के कारण लंबी दूरी की ट्रेनें 8 से 15 घंटे तक विलंब से चलती हैं। पिछले वर्ष भी विक्रमशिला एक्सप्रेस, एलटीटी एक्सप्रेस और सूरत एक्सप्रेस सहित अधिकांश ट्रेनें तय समय से घंटों देरी से चली थीं, जिससे यात्रियों का सफर बेहद बोझिल हो गया था।
दिसंबर से मार्च तक निरस्त रहने वाली ट्रेनों का पूरा ब्योरा
ट्रेन नंबर 14003 (न्यू फरक्का एक्सप्रेस): मालदा से नई दिल्ली के बीच 05 दिसंबर 2026 से 02 मार्च 2027 तक पूरी तरह निरस्त रहेगी।
ट्रेन नंबर 14004 (न्यू फरक्का एक्सप्रेस): नई दिल्ली से मालदा के बीच 03 दिसंबर 2026 से 28 फरवरी 2027 तक पूरी तरह रद रहेगी।
ट्रेन नंबर 22406 (भागलपुर गरीब रथ एक्सप्रेस): भागलपुर से आनंद विहार के बीच 02 दिसंबर 2026 से 24 फरवरी 2027 तक कुल 13 दिन (सिर्फ बुधवार को) रद रहेगी।
ट्रेन नंबर 22405 (आनंद विहार गरीब रथ एक्सप्रेस): आनंद विहार से भागलपुर के बीच 03 दिसंबर 2026 से 26 फरवरी 2027 तक कुल 13 दिन (सिर्फ गुरुवार को) रद रहेगी।
ट्रेन संख्या 15619/20 (साप्ताहिक कामाख्या-गया एक्सप्रेस):08 दिसंबर 2026 से 23 फरवरी 2027 तक रद कर दी गई है। इसके अलावा हर सोमवार को कामाख्या से चलने वाली कामाख्या-गया एक्सप्रेस को भी 07 दिसंबर 2026 से 22 फरवरी 2027 के बीच निरस्त किया गया है।
यह भी पढ़ें- विक्रमशिला सेतु बंद होने के बीच कैसे जाएं सोनपुर मेला? पूर्व बिहार, कोसी, सीमांचल व भागलपुर के लिए ट्रेन व सड़क रूट
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।