IIIT में 60 लाख का पैकेज, BAU के 350 छात्रों को नौकरी व इसरो में वैज्ञानिक; UPSC में राहुल, मीमांसा, श्रेया व चैताली
International Students Day भागलपुर के युवा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं, जिसमें ट्रिपल आईटी में 60 लाख ...और पढ़ें

International Students Day : भागलपुर के युवाओं की ऊंची उड़ान, 60 लाख के पैकेज से इसरो और UPSC तक परचम
HighLights
ट्रिपल आईटी भागलपुर में छात्रों को 60 लाख का सर्वोच्च पैकेज मिला।
बीएयू के 350 से अधिक छात्रों को सरकारी नौकरी मिली, एक इसरो में।
यूपीएससी में राहुल, मीमांसा, श्रेया और चैताली ने शानदार रैंक हासिल की।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। International Students Day गंगा किनारे बसा भागलपुर सिल्क और समृद्ध शैक्षणिक परंपरा के साथ अब देशभर में अपनी प्रतिभा का परचम लहराने वाले युवाओं के लिए भी विशिष्ट पहचान बना रहा है। 17 नवंबर को मनाए जाने वाले अंतर्राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस के अवसर पर जिले के युवाओं की उपलब्धियां गर्व की अनुभूति कराती हैं।
यहां के विद्यार्थी तकनीकी क्षेत्र, कृषि विज्ञान, प्रशासनिक सेवा और खेलों में उल्लेखनीय सफलता हासिल कर रहे हैं। भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (ट्रिपल आईटी), बिहार कृषि विश्वविद्यालय (बीएयू) सबौर और स्थानीय शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों की कामयाबी जिले की बदलती शैक्षणिक तस्वीर पेश करती है।
ट्रिपल आईटी में 60 लाख का सर्वोच्च पैकेज, 161 से अधिक जॉब ऑफर
ट्रिपल आईटी भागलपुर के प्रशिक्षण एवं नियोजन प्रकोष्ठ की वेबसाइट पर उपलब्ध सत्र 2025-26 के आंकड़ों के अनुसार, संस्थान के विद्यार्थियों को 60 लाख रुपये सालाना का सर्वोच्च पैकेज प्राप्त हुआ है। इस सत्र में 161 से अधिक नौकरी के प्रस्ताव आए और 130 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियों ने भर्ती प्रक्रिया में हिस्सा लिया। विद्यार्थियों को अमेजन, सिस्को, एक्सोलाइट डिजिटल और एथर एनर्जी समेत कई दिग्गज कंपनियों में काम करने का अवसर मिला है।
बीएयू के 350 से अधिक छात्रों को सरकारी सेवा, एक का इसरो में चयन
बिहार कृषि विश्वविद्यालय (बीएयू) सबौर की जनवरी से जून 2025 तक की आधिकारिक रिपोर्ट के मुताबिक, 350 से अधिक विद्यार्थियों का बिहार सरकार की विभिन्न सेवाओं में चयन हुआ है। इनमें प्रखंड कृषि पदाधिकारी (बीएओ), अनुमंडल कृषि पदाधिकारी (एसडीएओ) और जिला उद्यान पदाधिकारी (डीएचओ) सहित कृषि विभाग के अन्य महत्वपूर्ण पद शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों ने इफको, जीविका, कोरोमंडल फर्टिलाइजर्स और राष्ट्रीयकृत बैंकों में भी रोजगार पाया है। विश्वविद्यालय के लिए गौरव की बात यह भी रही कि एक विद्यार्थी का भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) में वैज्ञानिक के रूप में चयन हुआ।
यूपीएससी में राहुल, मीमांसा, श्रेया और चैताली ने लहराया परचम
प्रशासनिक सेवा के क्षेत्र में भी भागलपुर की प्रतिभाओं ने अपनी छाप छोड़ी है। नाथनगर के रन्नूचक-मकंदपुर निवासी किसान पुत्र राहुल कुमार ने यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा में 141वीं रैंक हासिल की। आईआईटी दिल्ली से केमिकल इंजीनियरिंग करने वाले राहुल इससे पहले दो बार साक्षात्कार तक पहुंचे थे।
मीमांसा ने 447वीं रैंक प्राप्त की; वे इससे पूर्व 68वीं बीपीएससी परीक्षा में राज्य में दसवें स्थान पर रही थीं। इसी तरह श्रेया झा ने 357वीं रैंक और सन्हौला प्रखंड के बनियाडीह गांव की चैताली ने महज 22 वर्ष की उम्र में पहले ही प्रयास में 565वीं रैंक हासिल कर जिले का मान बढ़ाया।
राष्ट्रीय और जोनल खेल प्रतियोगिताओं में भी चमके जिले के खिलाड़ी
पढ़ाई के साथ-साथ खेलों के मैदान में भी जिले के युवाओं ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। 12वीं राष्ट्रीय स्पीड स्केटिंग चैंपियनशिप-2026 में आद्यांश अंश ने रजत पदक जीता। एलीट बैडमिंटन अकादमी के खिलाड़ियों ने सीआईएससीई क्षेत्रीय प्रतियोगिता में चार स्वर्ण और दो कांस्य पदक हासिल किए, जिनमें से चार खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हुआ। इसके अलावा, डीएवी स्कूल के विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय खेल जोनल प्रतियोगिता में कराटे और फुटबाल स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक जीतकर जिले को गौरवान्वित किया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।