भागलपुर नगर निगम का दावा फेल: 5000 में से सिर्फ 1200 स्ट्रीट लाइट लगीं, 15 वार्डों में पसरा अंधेरा; एजेंसी पर उठे सवाल
Bhagalpur Municipal Corporation Street Light Scam Delay Ward 21: भागलपुर नगर निगम की स्ट्रीट लाइट योजना में भारी देरी हुई ...और पढ़ें

Bhagalpur Municipal Corporation Street Light Scam Delay Ward 21: भागलपुर नगर निगम का शहर को रोशन करने का दावा फेल
HighLights
5000 में से केवल 1200 स्ट्रीट लाइटें ही लग पाईं।
भागलपुर के 15 से अधिक वार्डों में अभी भी अंधेरा।
एजेंसी की लापरवाही पर कार्रवाई की मांग, छठ में भी अंधेरा।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। Bhagalpur Municipal Corporation Street Light Scam Delay Ward 21: शहर की सड़कों और गलियों को स्ट्रीट लाइट से रोशन करने की भागलपुर नगर निगम की महत्वाकांक्षी योजना अपने निर्धारित लक्ष्य से काफी पीछे चल रही है। चयनित एजेंसी को शहरी क्षेत्र में पांच हजार नई स्ट्रीट लाइट लगाने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। निगम प्रशासन की ओर से त्योहारों से पहले पूरे शहर को दूधिया रोशनी से जगमग करने का दावा किया गया था, लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि अब तक केवल 1,200 लाइट ही लग पाई हैं।
15 से अधिक वार्डों में नहीं पहुंची नई लाइट, खराब लाइटें भी अधर में
नगर निगम प्रशासन ने पार्षदों को भरोसा दिलाया था कि त्योहार से पहले सभी वार्डों में समान रूप से लाइटें लगाई जाएंगी। हालांकि, एजेंसी ने पहले चरण में महज 1,200 लाइटों की ही आपूर्ति की। सीमित आपूर्ति के कारण शहर के 15 से अधिक वार्डों में अब तक एक भी नई लाइट नहीं पहुंच सकी है। कुछ इलाकों में 15 तो कहीं 20 लाइट लगाकर काम अधूरा छोड़ दिया गया है। इतना ही नहीं, कई वार्डों में पहले से खराब पड़ी पुरानी स्ट्रीट लाइटों को भी अब तक नहीं बदला जा सका है।
वार्ड 21 में शून्य प्रगति, छठ में भी अंधेरे से गुजरे श्रद्धालु
शहर के वार्ड संख्या 21 की स्थिति सबसे अधिक चिंताजनक बनी हुई है, जहां अब तक एक भी नई स्ट्रीट लाइट नहीं लगाई गई है। सशक्त स्थायी समिति के सदस्य संजय कुमार सिन्हा ने बताया कि दुर्गा पूजा और काली पूजा के दौरान भी वार्ड के किसी भी पोल पर नई लाइट नहीं लगी। इसके बाद लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के दौरान घाटों तक जाने वाले रास्तों पर रोशनी की व्यवस्था करने के लिए निगम प्रशासन से कई बार आग्रह किया गया, लेकिन हर बार केवल कोरा आश्वासन ही मिला। नतीजतन, छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को कई गलियों और रास्तों से घुप अंधेरे में गुजरना पड़ा।
बैठकों से गायब रहते हैं कंपनी के प्रतिनिधि, कार्रवाई की मांग
सशक्त स्थायी समिति सदस्य संजय कुमार सिन्हा ने कहा कि चयनित एजेंसी का रवैया बेहद उदासीन है और निर्धारित लक्ष्य पूरा न होने के बावजूद निगम प्रशासन ने अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब पांच हजार लाइट लगाने का लक्ष्य तय था, तो समय पर काम पूरा क्यों नहीं हुआ।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सशक्त स्थायी समिति और सामान्य बोर्ड की बैठकों में संबंधित कंपनी के प्रतिनिधि को नहीं बुलाया जाता है। इस वजह से पार्षद काम में हो रही देरी का कारण नहीं पूछ पाते और यह भी स्पष्ट नहीं हो पा रहा है कि शेष 3,800 लाइटें कब तक लगेंगी। उन्होंने लापरवाह एजेंसी पर अविलंब कार्रवाई करने और सभी वार्डों में प्राथमिकता के आधार पर लाइट लगाने की मांग की है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।