भागलपुर में अब दिखेंगी 100 मंजिला इमारतें: नई बिहार भवन उपविधि से बदलेगी शहर की तस्वीर, सैटेलाइट टाउन का रास्ता साफ
Bihar Building Byelaws 2026 Bhagalpur Master Plan Satellite Town High Rise Buildings CREDAI: नई बिहार भवन उपविधि 2026 भागलपुर के शहरी विकास में क्रांतिकारी बदलाव लाएगी, जिससे शहर में 100 मंजिला तक की गगनचुंबी इमारतों का निर्माण संभव हो सकेगा।

Bihar Building Byelaws 2026 Bhagalpur Master Plan Satellite Town High Rise Buildings CREDAI: बिहार भवन उपविधि 2026 से बदलेगी भागलपुर के विकास की तस्वीर (प्रतीकात्मक तस्वीर)
HighLights
नई भवन उपविधि से भागलपुर में 100 मंजिला इमारतें संभव।
मास्टर प्लान, सैटेलाइट टाउन विकास को मिलेगी गति।
निवेश, रोजगार बढ़ेंगे, पर बुनियादी ढांचा चुनौती।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। Bihar Building Byelaws 2026 Bhagalpur Master Plan Satellite Town High Rise Buildings CREDAI: आने वाले वर्षों में भागलपुर की पहचान सिर्फ एक ऐतिहासिक और पारंपरिक व्यावसायिक शहर के रूप में नहीं, बल्कि आधुनिक शहरी सुविधाओं से लैस भविष्य के स्मार्ट शहर के रूप में भी उभरेगी।
बिहार सरकार की नई बिहार भवन उपविधि, 2026 से शहर के नियोजित विकास की तस्वीर बदलने की प्रबल संभावनाएं बन गई हैं। इस उपविधि के लागू होने से सीमित जमीन पर अधिक निर्माण, गगनचुंबी बहुमंजिला इमारतों, आधुनिक आवासीय कॉलोनियों और व्यावसायिक परिसरों के विकास का रास्ता आसान हो गया है। खासकर भागलपुर में तैयार हो रहे मास्टर प्लान और प्रस्तावित सैटेलाइट टाउन के लिहाज से इसे मील का पत्थर माना जा रहा है।
सात मंजिल की सीमा से बाहर निकलेगा शहर
नई उपविधि के तहत विकसित शहरों की तर्ज पर भागलपुर की नई कॉलोनियों में भी 100 मंजिला इमारतों तक की परिकल्पना साकार हो सकेगी। वर्तमान में भागलपुर में अमूमन सात मंजिल से अधिक ऊंचे भवनों का निर्माण नहीं हो रहा है।
पर सुरक्षा मंजूरी अनिवार्य
नई भवन उपविधि में सामान्य आधार तल क्षेत्र अनुपात (एफएआर) 3.0 निर्धारित किए जाने, अतिरिक्त प्रीमियम एफएआर, भवनों की ऊंचाई में लचीलापन और सेटबैक व पार्किंग नियमों के युक्तिकरण से बड़े रियल एस्टेट प्रोजेक्ट को गति मिलेगी। हालांकि, 100 मंजिल तक की इमारतों का निर्माण स्वतः अनुमत नहीं होगा—इसके लिए विमानन, अग्निशमन, संरचनात्मक सुरक्षा और अन्य संबंधित विभागों की सख्त स्वीकृतियां अनिवार्य होंगी।
मास्टर प्लान और सैटेलाइट टाउन से कम होगा मुख्य शहर का दबाव
भागलपुर का मास्टर प्लान तैयार होने के बाद शहर के वर्तमान स्वरूप के साथ भविष्य के विस्तार की स्पष्ट रूपरेखा सामने आएगी। इसमें आवासीय, व्यावसायिक, औद्योगिक और संस्थागत क्षेत्रों का सुनियोजित विकास किया जाएगा। प्रस्तावित सैटेलाइट टाउन इस दिशा में बड़ी भूमिका निभाएगा, जिससे मुख्य शहर पर बढ़ते आबादी और यातायात के दबाव को कम किया जा सकेगा। नए क्षेत्रों में चौड़ी सड़कें, आधुनिक व्यावसायिक केंद्र, पार्किंग और हरित क्षेत्र विकसित होने से शहरीकरण को नई दिशा मिलेगी।
सिल्क उद्योग से रियल एस्टेट तक बढ़ेगा निवेश और रोजगार
नई भवन उपविधि से आधुनिक व्यावसायिक परिसरों, संगठित बाजारों, होटलों, कार्यालयों, अस्पतालों और आवासीय परियोजनाओं के निर्माण को प्रोत्साहन मिलेगा। इससे भागलपुर के पारंपरिक सिल्क एवं टेक्सटाइल कारोबार, खाद्य प्रसंस्करण, स्टार्टअप और सेवा क्षेत्र को बेहतर आधारभूत संरचना उपलब्ध होगी। निर्माण गतिविधियों में तेजी आने से सीमेंट, स्टील, ईंट, टाइल्स, बिजली उपकरण, प्लंबिंग और फर्नीचर कारोबार को भी सीधा लाभ मिलेगा, साथ ही श्रमिकों, अभियंताओं, वास्तुविदों और तकनीकी विशेषज्ञों के लिए रोजगार के नए द्वार खुलेंगे।
सड़क, पेयजल, सीवरेज और जलनिकासी की क्षमता बढ़ाना बड़ी चुनौती
विशेषज्ञों का मानना है कि ऊंची इमारतों और बड़ी कॉलोनियों का सपना तभी सार्थक होगा, जब शहर की बुनियादी सुविधाएं भी उसी अनुपात में विकसित की जाएं। भविष्य में सड़क, पेयजल, बिजली, सीवरेज, जलनिकासी, पार्किंग और अग्निशमन व्यवस्था पर अतिरिक्त दबाव पड़ना तय है। खासकर जलजमाव और संकरी सड़कों वाले इलाकों में बुनियादी ढांचे को मजबूत किए बिना बड़े निर्माण भविष्य में नई नागरिक समस्याएं पैदा कर सकते हैं।
क्रेडाई ने बताया ऐतिहासिक कदम
क्रेडाई (CREDAI) भागलपुर के अध्यक्ष आलोक अग्रवाल ने नई भवन उपविधि को शहरी विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि तेजी से बढ़ती आबादी और सीमित शहरी भूमि को देखते हुए नियमों का सरलीकरण बेहद जरूरी था।
10 मीटर तक के भवनों को स्वघोषणा से मंजूरी
उपाध्यक्ष नितेश संथालिया ने जानकारी दी कि नई व्यवस्था में भवनों को जोखिम के आधार पर तीन श्रेणियों में बांटा गया है—10 मीटर तक के कम जोखिम वाले भवनों के लिए स्वघोषणा आधारित अनुमति, मध्यम जोखिम वाले भवनों में सूचीबद्ध तकनीकी विशेषज्ञों की भूमिका और उच्च जोखिम वाले भवनों के लिए समयबद्ध स्वीकृति तय की गई है।
एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष विनीत ढनढनिया, सदस्य सुमन सिंह, बिल्डर अमित केजरीवाल, योगेश मिश्रा और संजीव सिन्हा ने भी इसे निवेश और रोजगार बढ़ाने वाला फैसला बताया है।
यह भी पढ़ें- अजगैबीनाथ धाम एयरपोर्ट : भागलपुर में 40 व मुंगेर में 60% जमीन पर बनेगा ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट, गांवों से ली जाएगी जमीन
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।