विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भागलपुर में 'संकल्प संध्या' कक्षाओं का क्रेज बढ़ा, पर पढ़ाने को नहीं मिल रहे शिक्षादानी; बेटियों की सुरक्षा पर चिंता

Published: Thu, 19 Nov 2026 09:55 AM (GMT+05:30)

Bhagalpur Sankalp Sandhya Evening भागलपुर में 'संकल्प संध्या' के तहत सरकारी स्कूलों में विशेष रिमेडियल कक्षाएं लोकप्रिय हो रही हैं, ...और पढ़ें

Bhagalpur Sankalp Sandhya Evening भागलपुर के जिला स्कूल और राय हरिमोहन ठाकुर उच्च विद्यालय में शाम को लग रहीं विशेष कक्षाएं

Bhagalpur Sankalp Sandhya Evening भागलपुर के जिला स्कूल और राय हरिमोहन ठाकुर उच्च विद्यालय में शाम को लग रहीं विशेष कक्षाएं

HighLights

  1. सरकारी स्कूलों में संकल्प संध्या कक्षाओं में छात्रों की संख्या बढ़ी।

  2. 'शिक्षा दान' के लिए अनुभवी शिक्षकों की अभी भी कमी है।

  3. शाम की कक्षाओं में बच्चों की सुरक्षा पर अभिभावकों को चिंता।

जागरण संवाददाता, भागलपुर। Bhagalpur Sankalp Sandhya Evening शाम ढलने के बाद अब शहर के सरकारी स्कूलों में पढ़ाई की रौनक और चहल-पहल लौटने लगी है। शिक्षा विभाग की महत्वाकांक्षी पहल 'संकल्प संध्या' के तहत जिला स्कूल और राय हरिमोहन ठाकुर उच्च विद्यालय में संचालित हो रही विशेष रिमेडियल कक्षाओं के दूसरे दिन विद्यार्थियों की संख्या में उत्साहजनक बढ़ोतरी दर्ज की गई।

दूसरे दिन जिला स्कूल में 23 और राय हरिमोहन ठाकुर उच्च विद्यालय में 26 बच्चे पढ़ाई करने पहुंचे। हालांकि, बच्चों को निश्शुल्क पढ़ाने के लिए 'शिक्षा दान' करने वाले अनुभवी लोगों का इंतजार अभी भी जारी है।

दो दिन में नहीं मिला एक भी आवेदन

संकल्प संध्या के तहत कक्षाएं शुरू हुए दो दिन बीत चुके हैं, लेकिन शिक्षा दान के लिए अब तक विभाग को एक भी आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। ऐसे में फिलहाल दोनों विद्यालयों के नियमित शिक्षक ही अतिरिक्त कक्षाएं ले रहे हैं।

विभाग के अनुसार, यह अवसर केवल सेवानिवृत्त शिक्षकों तक ही सीमित नहीं है। शिक्षा विभाग सहित किसी भी सरकारी विभाग के 70 वर्ष से कम उम्र के सेवानिवृत्त पदाधिकारी आवेदन कर विद्यार्थियों को अपने अनुभव और ज्ञान से मार्गदर्शन दे सकते हैं।

70 वर्ष से कम के रिटायर्ड अफसर कर सकते हैं अप्लाई

इच्छुक व्यक्ति जिला शिक्षा विभाग कार्यालय या निर्धारित पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) मुकेश कुमार ने कहा कि विभाग इसके लिए लगातार प्रयासरत है और इच्छुक व्यक्ति के सामने आते ही उन्हें तत्काल पढ़ाने का अवसर प्रदान किया जाएगा।

[सब-हेडिंग: कंप्यूटर साइंस और अंग्रेजी की हुई पढ़ाई, डीईओ-डीपीओ ने किया निरीक्षण]

दूसरे दिन राय हरिमोहन ठाकुर उच्च विद्यालय में विद्यार्थियों को कंप्यूटर साइंस और अंग्रेजी विषय पढ़ाए गए। विद्यालय के प्रधानाचार्य गणेश चौधरी ने बताया कि बच्चों की उपस्थिति धीरे-धीरे बढ़ रही है और उनकी सुविधा के लिए निर्बाध बिजली व ब्लैकबोर्ड की पुख्ता व्यवस्था की गई है। इस दौरान जिला शिक्षा पदाधिकारी मुकेश कुमार और डीपीओ रजनीश कुमार ने दोनों विद्यालयों में पहुंचकर कक्षाओं का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

शाम के समय को लेकर अभिभावकों में सुरक्षा की चिंता, पुलिस रख रही नजर

शाम के समय कक्षाएं चलने के कारण अभिभावकों को बच्चों की सुरक्षा की चिंता भी सता रही है। जिला स्कूल की प्राचार्य शतदल मंजरी के पास अभिभावकों के लगातार फोन आ रहे हैं, जिसमें वे पूछ रहे हैं कि देर से पहुंचने पर भी बच्चों को कक्षा में प्रवेश मिलेगा या नहीं। कई अभिभावकों ने देर होने की आशंका में बच्चों को भेजने से परहेज भी किया।

दूसरे दिन जिला स्कूल में ज्यादातर लड़के ही पहुंचे और शाम के समय के कारण छात्राओं की उपस्थिति कम रही, जबकि राय हरिमोहन ठाकुर विद्यालय में छात्राओं ने भी कक्षाओं में हिस्सा लिया।

इस पर डीईओ मुकेश कुमार ने स्पष्ट किया कि बच्चों की पढ़ाई के साथ उनकी सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। सुरक्षा के मद्देनजर नजदीकी थाने को सूचित किया गया है और पुलिसकर्मी भी कक्षाओं के दौरान सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने पहुंचे।

कठिन विषयों की शंका दूर कर रहे 10वीं के छात्र

अतिरिक्त कक्षाओं को लेकर विद्यार्थियों में खासा उत्साह है। कक्षा 10वीं के छात्र आयुष कुमार (10 डी), दिलखुश कुमार (10 सी), शिवम कुमार (10 ए) और प्रीतम कुमार (10 ए) ने इस पहल को बेहद उपयोगी बताया। छात्रों ने कहा कि इन विशेष कक्षाओं से उन्हें कठिन विषयों को समझने, अपनी शंकाएं पूछने और कमजोर विषयों पर विशेष ध्यान देकर परीक्षा की बेहतर तैयारी करने में काफी मदद मिल रही है।

यह भी पढ़ें- बिहार के सरकारी स्कूलों में 'संकल्प संध्या' शुरू, भागलपुर के दो स्कूलों में शाम 5 से 7:30 बजे तक चलेगी स्पेशल क्लास

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।