विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

संकल्प संध्या : भूख लगी तो घर भेज दिए गए बच्चे! भागलपुर जिला स्कूल की प्राचार्य ने RDDE को दी अजीब सफाई

Published: Sat, 21 Nov 2026 01:25 PM (GMT+05:30)

Bhagalpur Sankalp Sandhya भागलपुर जिला स्कूल में 'संकल्प संध्या' योजना तीसरे ही दिन लड़खड़ा गई, जहां आरडीडीई के निरीक्षण में शाम की कक्षाएं खाली मिलीं। प्रभारी प्राचार्य ने बच्चों को भूख लगने पर घर भेजने का अजीब बहाना दिया, जिस पर आरडीडीई ने कड़ी नाराजगी जताई।

HighLights

  1. संकल्प संध्या योजना भागलपुर जिला स्कूल में विफल रही।

  2. आरडीडीई को निरीक्षण में शाम की कक्षाएं खाली मिलीं।

  3. प्राचार्य ने बच्चों को भूख लगने पर घर भेजने का बहाना दिया।

जागरण संवाददाता, भागलपुर। Bhagalpur Sankalp Sandhya : सरकारी स्कूलों में शाम के समय पढ़ाई की रौनक लौटाने का संकल्प तीसरे ही दिन लड़खड़ा गया है। कमजोर विद्यार्थियों को अतिरिक्त पढ़ाई से जोड़ने के उद्देश्य से शुरू की गई 'संकल्प संध्या' योजना की जमीनी हकीकत गुरुवार को भागलपुर जिला स्कूल में सामने आ गई।

औचक निरीक्षण करने पहुंचे क्षेत्रीय शिक्षा उपनिदेशक (आरडीडीई) सुभाष कुमार गुप्ता को शाम 5:45 बजे ही स्कूल की कक्षाएं पूरी तरह खाली मिलीं। वहां न तो पढ़ने वाले बच्चे थे और न ही पढ़ाने वाले शिक्षक। जिस योजना के तहत शाम 5:00 से साढ़े 7:00 बजे तक कक्षाएं संचालित होनी हैं, वहां निर्धारित समय से काफी पहले ही सन्नाटा पसर चुका था।

निरीक्षण के दौरान प्रभारी प्राचार्य डॉ. शतदल मंजरी ने सफाई दी कि बच्चों के लिए रिफ्रेशमेंट (नाश्ते) की कोई व्यवस्था नहीं है, इसलिए भूख लगने के कारण बच्चों को घर भेजना पड़ा। साथ ही, शिक्षकों के भी शाम में रुकने में रुचि नहीं लेने की बात सामने आई। आरडीडीई ने इस स्थिति पर कड़ी नाराजगी जताते हुए कहा कि 'संकल्प संध्या' के लिए नामित शिक्षकों से स्पष्टीकरण पूछा जाएगा और उन्हें अपनी जिम्मेदारी निभानी ही होगी।

तीन दिन में ही खुल गई व्यवस्था की पोल, बरारी के स्कूल ने पेश की मिसाल

17 नवंबर से शुरू हुई इस महत्वाकांक्षी पहल के पहले दिन जिला स्कूल में महज तीन विद्यार्थी पहुंचे थे। दूसरे दिन संख्या बढ़कर 23 हुई, जिससे उम्मीद जगी थी कि धीरे-धीरे बच्चों की भागीदारी बढ़ेगी, लेकिन तीसरे दिन औचक जांच में पूरी व्यवस्था ही नदारद मिली।

Bhagalpur Sankalp Sandhya Empty Classes Principal Excuse

इसके ठीक उलट, बरारी स्थित राय हरिमोहन ठाकुर उच्च विद्यालय में 'संकल्प संध्या' की पढ़ाई नियमित रूप से चलती मिली। यहां लड़के और लड़कियों, दोनों की उपस्थिति लगातार बढ़ रही है। आरडीडीई सुभाष कुमार गुप्ता ने वहां भी कक्षाओं का निरीक्षण किया और व्यवस्था का जायजा लिया।

सुविधाओं के अभाव में शाम को कैसे रुकें बच्चे?

'संकल्प संध्या' योजना के तहत कक्षा नौवीं से 12वीं तक के कमजोर विद्यार्थियों को शाम 5:00 से 7:30 बजे तक अंग्रेजी, गणित, विज्ञान, कंप्यूटर और कृत्रिम मेधा (एआई) की निःशुल्क पढ़ाई करानी है। लेकिन जिला स्कूल की बदहाली ने बुनियादी सुविधाओं और शिक्षकों की जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

खासकर शाम के समय छात्राओं की सुरक्षा, प्रकाश और रिफ्रेशमेंट जैसी बुनियादी सुविधाएं भी बेहद जरूरी हैं। आरडीडीई ने सख्त चेतावनी दी है कि आगे यदि ऐसी लापरवाही दोहराई गई, तो संबंधित लोगों पर बड़ी विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें- भागलपुर में 1500 से अधिक शिक्षकों का अक्टूबर का वेतन अटका: HRA व CTA में गड़बड़ी पर DEO सख्त, BEO से मांगा जवाब

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।