विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भागलपुर रेलवे जंक्‍शन पर बना वार रूम, मालदा रेल मंडल से होगी लाइव मॉनिटरिंग, VIP गेट भी खुलेगा

Published: Thu, 12 Nov 2026 02:38 PM (IST)

Bhagalpur Railway Station Chhath Crowd Management: रेल प्रशासन ने छठ महापर्व के बाद भागलपुर स्टेशन पर यात्रियों की भारी भीड़ ...और पढ़ें

Bhagalpur Railway Station Chhath Crowd Management: भागलपुर स्टेशन पर बना 'वार रूम'

Bhagalpur Railway Station Chhath Crowd Management: भागलपुर स्टेशन पर बना 'वार रूम'

HighLights

  1. छठ भीड़ प्रबंधन हेतु भागलपुर स्टेशन पर विशेष वार रूम।

  2. मालदा रेल मंडल से सीसीटीवी फुटेज की सीधी निगरानी।

  3. यात्रियों की सुविधा के लिए वीआईपी गेट और पोडियम व्यवस्था।

जागरण संवाददाता, भागलपुर। Bhagalpur Railway Station Chhath Crowd Management: लोक आस्था के महापर्व छठ के समापन के बाद परदेस लौटने वाले यात्रियों की अप्रत्याशित भीड़ की संभावना को देखते हुए रेल प्रशासन ने कमर कस ली है। पिछले वर्ष छठ के बाद महज दो दिनों के भीतर भागलपुर स्टेशन से दो लाख से अधिक यात्रियों का आवागमन हुआ था।

इस बार भी भारी भीड़ की आशंका के मद्देनजर पूर्व रेलवे ने व्यापक तैयारियां की हैं। भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा की सटीक निगरानी के लिए भागलपुर स्टेशन पर विशेष 'वार रूम' तैयार किया गया है।

मालदा से सीसीटीवी फुटेज पर नजर

रेल अधिकारियों के अनुसार, वार रूम स्थापित करने के साथ ही स्टेशन परिसर की सीसीटीवी फुटेज और वीडियो रिकॉर्डिंग पर मालदा रेल मंडल मुख्यालय से सीधी नजर रखी जाएगी। सुरक्षा के लिहाज से संदिग्ध गतिविधियों से जुड़े वीडियो और फुटेज को बाकायदा आर्काइव (सुरक्षित) रखा जाएगा।

दिल्ली रूट पर रुक सकती है पार्सल बुकिंग

इधर, रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों ने संकेत दिया है कि महापर्व की भीड़ को देखते हुए दिल्ली रूट पर जाने वाली ट्रेनों में पार्सल बुकिंग की व्यवस्था को अस्थायी तौर पर रोका जा सकता है, ताकि प्लेटफॉर्म पर पार्सल के ढेर से यात्रियों को आवाजाही में असुविधा न हो। पिछले साल भी 26 अक्टूबर तक पार्सल बुकिंग रोकी गई थी और 27 अक्टूबर से इसे पुनः बहाल किया गया था।

होल्डिंग एरिया में गूंजेंगे छठ गीत, यात्रियों के लिए रहेगा पोडियम व माइक

पूर्व रेलवे ने त्योहार की विशालता को देखते हुए पूरे जोन में एक लाख रेल कर्मचारियों को क्राउड मैनेजमेंट (भीड़ प्रबंधन) में लगाया है। यात्रियों को प्लेटफॉर्म पर जाने से पहले व्यवस्थित रखने के लिए बनाए गए होल्डिंग एरिया में फिल्टर्ड वाटर मशीनों की व्यवस्था की गई है। वातावरण को भक्तिमय और सहज बनाए रखने के लिए ट्रेनों के आगमन व प्रस्थान की उद्घोषणा के साथ-साथ पारंपरिक छठ गीत भी बजाए जा रहे हैं।

विशेष पहल के तहत होल्डिंग एरिया में एक पोडियम और माइक की व्यवस्था भी रहेगी, जहां कोई भी यात्री अपनी बात साझा कर सकता है। रेलवे की ओर से यात्रियों को स्वेच्छा से छठ गीत गाने के लिए भी आमंत्रित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, अत्यधिक भीड़ होने पर यात्रियों की सुगम निकासी और प्रवेश के लिए स्टेशन का वीआईपी गेट भी खोल दिया जाएगा।

डॉक्टरों का पैनल तैनात, खानपान स्टालों पर ओवरचार्जिंग पर सख्ती

आपातकालीन चिकित्सा स्थिति से निपटने के लिए स्टेशन परिसर में चिकित्सकों का एक विशेष पैनल और एंबुलेंस तैनात की गई है। रेल प्रशासन ने यात्री सुविधाओं से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं को 24 घंटे सुचारु रखने का सख्त निर्देश दिया है। साथ ही, खानपान स्टालों पर स्वच्छता और खाद्य गुणवत्ता बनाए रखने को कहा गया है। यदि भीड़ का फायदा उठाकर किसी स्टाल पर निर्धारित दर से अधिक राशि (ओवरचार्जिंग) वसूलने की शिकायत मिलती है, तो संबंधित अधिकारियों को तत्काल कठोर कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।

भागलपुर समेत 10 स्टेशनों पर अतिरिक्त बल व डॉग स्क्वायड की गश्त

सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के लिए पूर्व रेलवे ने भागलपुर सहित जमालपुर, अभयपुर, अकबरनगर, अजगैवीनाथ धाम, बांका, हंसडीहा, सबौर, कहलगांव और पीरपैंती स्टेशनों पर अधिकारियों व सुरक्षा बलों की अतिरिक्त तैनाती की है। संदिग्ध वस्तुओं की जांच के लिए डॉग स्क्वायड की टीम को भी लगातार गश्ती पर रखा गया है। इसके अलावा, सेंट्रल रेलवे पैसेंजर एसोसिएशन के स्वयंसेवक भी होल्डिंग एरिया में यात्रियों के मार्गदर्शन और सहायता के लिए तैनात रहेंगे।

यह भी पढ़ें- भागलपुर से आनंद विहार के लिए खुली अनारक्षित स्पेशल ट्रेन; विक्रमशिला एक्सप्रेस के रूट और स्टॉपेज पर सुबह हुई रवाना

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।