भागलपुर रेलवे जंक्शन पर अब नहीं बदलेंगे ट्रेनों के प्लेटफार्म, ट्रेन के आने की जानकारी 15 मिनट पहले दी जाएगी
Bhagalpur Railway Station छठ महापर्व के बाद यात्रियों की भीड़ को देखते हुए भागलपुर रेलवे जंक्शन पर ट्रेनों के प्लेटफार्म ...और पढ़ें

Bhagalpur Railway Station छठ बाद उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए भागलपुर रेलवे स्टेशन पर बदलाव।
HighLights
ट्रेनों के प्लेटफार्म नहीं बदलने का सख्त निर्देश जारी।
प्लेटफार्म बदलने पर 15 मिनट पहले सूचना देना अनिवार्य।
एफओबी सीढ़ियों से यात्रियों को हटाया जा रहा है।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। Bhagalpur Railway Station छठ महापर्व के समापन के बाद परदेस लौटने वाले यात्रियों की उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। यात्री सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए रेलवे ने भागलपुर जंक्शन पर ट्रेनों के प्लेटफार्म नहीं बदलने के सख्त निर्देश दिए हैं। इसका मुख्य उद्देश्य यात्रियों को अपने निर्धारित प्लेटफार्म तक पहुंचने के लिए पर्याप्त समय देना और किसी भी प्रकार की भगदड़ की आशंका को पूरी तरह समाप्त करना है।
दिल्ली स्टेशन हादसे से सबक, 15 मिनट पहले करना होगा एनाउंसमेंट
गौरतलब है कि पूर्व में नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर अत्यधिक भीड़ और प्लेटफार्म को लेकर हुए भ्रम के कारण मची भगदड़ में 18 लोगों की जान चली गई थी और कई यात्री घायल हुए थे। ऐसी दुखद घटना की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए भागलपुर में एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं।
निर्देश के अनुसार, जिस प्लेटफार्म पर ट्रेन आने वाली है, उसकी सूचना यात्रियों को पीआरएस (यात्री आरक्षण प्रणाली) के माध्यम से 15 मिनट पहले देनी होगी। यदि किसी अपरिहार्य कारण से प्लेटफार्म बदलना भी पड़े, तो इसकी घोषणा कम से कम 15 मिनट पहले करनी होगी, ताकि यात्री बिना घबराहट के नए प्लेटफार्म तक पहुंच सकें।
एफओबी की सीढ़ियों से हटाए जा रहे यात्री
स्टेशन परिसर में आवाजाही सुगम बनाए रखने के लिए फुटओवर ब्रिज (एफओबी) की सीढ़ियों पर बैठने वाले यात्रियों को हटाने का अभियान तेज कर दिया गया है। सीढ़ियों पर भीड़ जमा होने से रास्ता अवरुद्ध होता है, जिससे प्लेटफार्म बदलने वाले यात्रियों के बीच धक्का-मुक्की और विवाद की स्थिति बन सकती है। शनिवार को भी आरपीएफ जवानों ने अभियान चलाकर सीढ़ियों पर बैठे लोगों को हटाया।
लाइन लगवाकर चढ़ा रही आरपीएफ
इसके साथ ही सामान्य श्रेणी (जनरल) के डिब्बों में सफर करने वाले यात्रियों को कतारबद्ध कर (लाइन में लगाकर) ट्रेन में बैठाने के निर्देश दिए गए हैं। रेलवे सुरक्षा बल के जवान लगातार गश्त कर यात्रियों को रेलवे ट्रैक पार करने से रोक रहे हैं और सुरक्षित आवागमन के लिए केवल फुटओवर ब्रिज का उपयोग करने की अपील कर रहे हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।