भागलपुर रेलवे जंक्शन पर 3 रिजर्व रैक, प्लेटफार्म 2-3 व 4-5 पर एकसाथ नहीं चलेंगी ट्रेनें, रात में मोबाइल चार्जिंग बंद
Bhagalpur Railway Station Chhath Return Crowd Management 2026: भागलपुर रेलवे स्टेशन पर छठ के बाद लौटने वाले यात्रियों की भीड़ ...और पढ़ें

Bhagalpur Railway Station Chhath Return Crowd Management 2026:
HighLights
छठ के बाद भीड़ प्रबंधन हेतु 3 रिजर्व रैक तैयार।
यात्रियों की सुविधा के लिए एम-टिकटिंग व्यवस्था शुरू।
सुरक्षा हेतु रात में मोबाइल चार्जिंग पर प्रतिबंध।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। Bhagalpur Railway Station Chhath Return Crowd Management 2026: लोक आस्था के महापर्व छठ के समापन के बाद परदेश लौटने वाले यात्रियों की अप्रत्याशित भीड़ और उनकी सुरक्षा को लेकर रेलवे प्रशासन ने कमर कस ली है।
स्टेशन पर 20 से 25 प्रतिशत तक अतिरिक्त भीड़ बढ़ने की संभावना को देखते हुए ट्रेनों के सुगम संचालन और क्राउड मैनेजमेंट का विस्तृत खाका तैयार किया गया है। मालदा रेल मंडल के डीआरएम मनीष कुमार गुप्ता ने शुक्रवार को भागलपुर जंक्शन पहुंचकर यात्री सुविधाओं, ट्रेन परिचालन और सुरक्षा व्यवस्था का गहन जायजा लिया।
भीड़ बढ़ने पर प्लेटफार्म एक और छह से चलेंगी नियमित ट्रेनें, तीन रैक रिजर्व
निरीक्षण के दौरान डीआरएम मनीष कुमार गुप्ता ने बताया कि मेल, एक्सप्रेस और पैसेंजर सहित भागलपुर से प्रतिदिन 80 से अधिक ट्रेनें संचालित होती हैं। अत्यधिक भीड़ होने पर प्लेटफार्म संख्या दो-तीन और चार-पांच पर एकसाथ ट्रेनें नहीं ली जाएंगी, ताकि फुटओवर ब्रिज और प्लेटफार्म पर भगदड़ जैसी स्थिति न बने।
ऐसी स्थिति में भागलपुर से नियमित रूप से खुलने वाली ट्रेनों को प्लेटफार्म संख्या एक और छह से चलाया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी आपात स्थिति या अचानक भीड़ बढ़ने पर तत्काल संचालन के लिए तीन ट्रेनें (रैक) रिजर्व में रखी गई हैं।
अब ट्रेन व प्लेटफार्म पर सीधे टीटीई देंगे टिकट, एम-टिकटिंग शुरू
यात्रियों को टिकट के लिए लंबी कतारों से निजात दिलाने के लिए भागलपुर स्टेशन पर एम-टिकटिंग (चलंत टिकट बुकिंग) की व्यवस्था शुरू कर दी गई है। स्टेशन पर तीन अतिरिक्त एटीवीएम मशीनों के अलावा टिकट जांच कर्मचारियों को चार हैंड-हेल्ड टर्मिनल मशीन व प्रिंटर उपलब्ध कराए गए हैं।
-1794600535238.webp)
ये मशीनें रेलवे के पीआरएस और यूटीएस सर्वर से जुड़ी हैं। अब सामान्य श्रेणी के यात्री प्लेटफार्म पर पहुंचने या ट्रेन में चढ़ने के बाद सीधे टीटीई से संपर्क कर तय किराए पर तुरंत टिकट प्राप्त कर सकेंगे। इसके साथ ही सभी टिकट काउंटरों को 24 घंटे खुला रखने और यूटीएस एप व रेलवन से कैशलेस भुगतान को सुचारू रखने के निर्देश दिए गए हैं।
भागलपुर स्टेशन क्राउड मैनेजमेंट व स्पेशल ट्रेन
| व्यवस्था / ट्रेन विवरण | मुख्य बिंदु एवं समय-सारणी |
| प्लेटफार्म व रिजर्व रैक प्लान | प्रतिदिन 80 से अधिक ट्रेनों का संचालन; भीड़ बढ़ने पर प्लेटफार्म 2-3 व 4-5 पर एकसाथ ट्रेन नहीं ली जाएगी। नियमित ट्रेनें प्लेटफार्म 1 व 6 से चलेंगी। अत्यधिक भीड़ के लिए 3 रिजर्व रैक तैयार। |
| टिकटिंग व होल्डिंग एरिया | एम-टिकटिंग, 3 अतिरिक्त एटीवीएम, 4 हैंड-हेल्ड टर्मिनल व प्रिंटर, यूटीएस एप व रेलवन से कैशलेस टिकट। स्टेशन पर 2,000 यात्रियों की क्षमता का अस्थायी टेंट होल्डिंग एरिया। |
| सुरक्षा व सख्ती (RPF/GRP) | 84 सीसीटीवी कैमरों से निगरानी, एंबुलेंस तैनात। विक्रमशिला, सूरत, एलटीटी व अंग एक्सप्रेस की जनरल बोगी में लाइन से प्रवेश हेतु बैरिकेडिंग; स्लीपर-एसी में केवल कन्फर्म टिकट वालों को प्रवेश। |
| मोबाइल चार्जिंग नियम | ओवरचार्जिंग से आगजनी व चोरी रोकने के लिए ट्रेन और प्लेटफार्म पर रात 11:00 बजे से सुबह 4:00 बजे तक मोबाइल चार्जिंग बंद। |
| 03439 मालदा-शकूरबस्ती स्पेशल | 16 एवं 21 नवंबर को मालदा टाउन से सुबह 10:00 बजे प्रस्थान, अगले दिन शाम 5:00 बजे शकूरबस्ती आगमन। |
| 03440 शकूरबस्ती-मालदा स्पेशल | 17 एवं 22 नवंबर को शकूरबस्ती से शाम 6:50 बजे प्रस्थान, तीसरे दिन दोपहर 1:45 बजे मालदा टाउन आगमन। |
| स्पेशल ट्रेन के प्रमुख ठहराव | न्यू फरक्का, बरहरवा, साहिबगंज, कहलगांव, भागलपुर, अजगैवीनाथ धाम, जमालपुर और अभयपुर (जनरल, स्लीपर व एसी कोच उपलब्ध)। |
दो हजार क्षमता का होल्डिंग एरिया, 84 सीसीटीवी व बैरिकेडिंग से निगरानी
भीड़ नियंत्रण के लिए भागलपुर और जमालपुर सहित अन्य प्रमुख स्टेशनों पर अधिकारियों की बारी-बारी से ड्यूटी लगाई गई है। भागलपुर स्टेशन परिसर में दो हजार यात्रियों की क्षमता वाला अस्थायी टेंट का होल्डिंग एरिया तैयार किया गया है, जहां पेयजल, माइकिंग और एंबुलेंस की व्यवस्था रहेगी। स्टेशन के चप्पे-चप्पे की निगरानी 84 सीसीटीवी कैमरों से की जा रही है और जीआरपी व आरपीएफ के अतिरिक्त जवान तैनात किए गए हैं।
मालदा मंडल के आरपीएफ कमांडेंट वरुण कुमार बेहरा ने बताया कि फुटओवर ब्रिज पर भीड़ जमा नहीं होने दी जाएगी। विक्रमशिला एक्सप्रेस, सूरत एक्सप्रेस, एलटीटी और अंग एक्सप्रेस जैसी प्रमुख ट्रेनों की जनरल बोगियों में यात्रियों को कतारबद्ध चढ़ाने के लिए बैरिकेडिंग की जाएगी, जबकि एसी और स्लीपर कोच में केवल कन्फर्म टिकट वाले यात्रियों को ही प्रवेश मिलेगा।
रात 11 से सुबह 4 बजे तक बंद रहेगी मोबाइल चार्जिंग
यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ट्रेन में सफर के दौरान और प्लेटफार्म पर रात 11 बजे से सुबह चार बजे तक मोबाइल चार्जिंग की सुविधा बंद रखने का निर्णय लिया गया है। रेलवे बोर्ड के निर्देश पर भागलपुर में इस नियम को सख्ती से लागू कर दिया गया है, ताकि मोबाइल फोन के ओवरचार्ज होकर ब्लास्ट होने से होने वाली आगजनी की घटनाओं और रात में सोते समय मोबाइल चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाया जा सके।
-1794600585593.webp)
भागलपुर होकर मालदा टाउन और शकूरबस्ती के बीच चलेगी स्पेशल ट्रेन
छठ के बाद दिल्ली की ओर जाने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने भागलपुर होकर 03439/03440 मालदा टाउन-शकूरबस्ती स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है:
03439 मालदा टाउन-शकूरबस्ती स्पेशल: यह ट्रेन 16 और 21 नवंबर को सुबह 10:00 बजे मालदा टाउन से रवाना होगी और अगले दिन शाम 5:00 बजे शकूरबस्ती पहुंचेगी।
03440 शकूरबस्ती-मालदा टाउन स्पेशल: वापसी में यह ट्रेन 17 और 22 नवंबर को शाम 6:50 बजे शकूरबस्ती से प्रस्थान करेगी और तीसरे दिन दोपहर 1:45 बजे मालदा टाउन पहुंचेगी।
रास्ते में इस ट्रेन का ठहराव न्यू फरक्का, बरहरवा, साहिबगंज, कहलगांव, भागलपुर, अजगैवीनाथ धाम, जमालपुर और अभयपुर स्टेशनों पर होगा। इसमें जनरल, स्लीपर और वातानुकूलित (एसी) कोच की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
यह भी पढ़ें- भागलपुर रेलवे जंक्शन पर बना वार रूम, मालदा रेल मंडल से होगी लाइव मॉनिटरिंग, VIP गेट भी खुलेगा
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।