विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अटूट संकल्प व कठिन संघर्ष से रचा इतिहास: भारत सरकार के तकनीकी शोध संगठन में 'ग्रुप-A' वैज्ञानिक बने प्रभात रंजन

Published: Sat, 21 Nov 2026 07:15 AM (IST)

Bhagalpur Prabhat Ranjan Group A Scientist : भागलपुर के शाहकुंड प्रखंड के तेतरिया गांव के प्रभात रंजन ने भारत सरकार के तकनीकी शोध संगठन में 'ग्रुप ए' वैज्ञानिक का पद पहले ही प्रयास में हासिल किया है। उनकी इस सफलता ने परिवार और अंग क्षेत्र को गौरवान्वित किया है, जो ग्रामीण युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।

Bhagalpur Prabhat Ranjan Group A Scientist : प्रथम प्रयास में भारत सरकार के ग्रुप ए वैज्ञानिक बने भागलपुर शाहकुंड के प्रभात रंजन।

Bhagalpur Prabhat Ranjan Group A Scientist : प्रथम प्रयास में भारत सरकार के ग्रुप ए वैज्ञानिक बने भागलपुर शाहकुंड के प्रभात रंजन।

HighLights

  1. प्रभात रंजन भारत सरकार में 'ग्रुप ए' वैज्ञानिक बने।

  2. शाहकुंड, भागलपुर के तेतरिया गांव के निवासी हैं।

  3. पहले ही प्रयास में हासिल की यह बड़ी सफलता।

संवाद सूत्र, शाहकुंड (भागलपुर)। Bhagalpur Prabhat Ranjan Group A Scientist : प्रतिभा किसी परिचय की मोहताज नहीं होती और जब संकल्प दृढ़ हो, तो कठिन से कठिन परीक्षा को भी पहले ही प्रयास में फतह किया जा सकता है। भागलपुर जिले के शाहकुंड प्रखंड के भुलनी पंचायत अंतर्गत तेतरिया गांव के एक मध्यमवर्गीय परिवार के मेधावी युवा प्रभात रंजन ने कुछ ऐसा ही कर दिखाया है।

प्रभात ने अपने पहले ही प्रयास में भारत सरकार के प्रतिष्ठित तकनीकी शोध संगठन में 'ग्रुप ए' वैज्ञानिक (साइंटिस्ट) के पद पर चयनित होकर न केवल अपने माता-पिता, बल्कि पूरे अंग क्षेत्र को राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है। उनकी इस ऐतिहासिक सफलता से पूरे प्रखंड और जिले में हर्ष का माहौल है।

साधारण पृष्ठभूमि से असाधारण सफलता का सफर

प्रभात रंजन के पिता प्रेम रंजन सिंह मध्य विद्यालय मिरचिनमा में वरीय शिक्षक के रूप में कार्यरत हैं, जबकि उनकी माता गृहणी हैं। घर में शिक्षा और अनुशासन का माहौल होने के कारण प्रभात का रुझान बचपन से ही पढ़ाई की ओर था। शिक्षक पिता ने सीमित संसाधनों के बावजूद बेटे की शिक्षा में कोई कसर नहीं छोड़ी।

प्रभात की प्रारंभिक शिक्षा बोकारो स्टील सिटी (झारखंड) से हुई, जहां उनके दादा महेश प्रसाद सिंह 'सेल' (SAIL) से सेवानिवृत्त शिक्षक के रूप में कार्यरत थे। इसके बाद प्रभात ने भागलपुर के ऐतिहासिक नवयुग विद्यालय से मैट्रिक की परीक्षा उत्तीर्ण की। आगे की पढ़ाई के लिए वे बांका गए, जहां अमरपुर से उन्होंने इंटरमीडिएट (विज्ञान) की परीक्षा पास की।

एनआईटी त्रिचनापल्ली से एमटेक और फिर वैज्ञानिक बनने का सफर

उच्च शिक्षा के सफर में प्रभात ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। उन्होंने उत्तर प्रदेश के मथुरा से कंप्यूटर साइंस (CS) में बीटेक की डिग्री हासिल की। इसके बाद उन्होंने राष्ट्रीय स्तर की कठिन गेट (GATE) परीक्षा उत्तीर्ण कर देश के बेहद प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (NIT) त्रिचनापल्ली, तमिलनाडु से कंप्यूटर साइंस में एमटेक (M.Tech) की पढ़ाई पूरी की।

एमटेक के दौरान ही वे विभिन्न तकनीकी शोधों में सक्रिय रहे। पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने भारत सरकार के तकनीकी शोध संगठन (Scientific Research Organisation) की 'ग्रुप ए' वैज्ञानिक भर्ती परीक्षा में भाग लिया। अपनी कड़ी मेहनत, तकनीकी पकड़ और सटीक रणनीति के बल पर उन्होंने पहले ही प्रयास में इस प्रतिष्ठित पद पर नियुक्ति हासिल कर ली।

दादा और पिता को दिया सफलता का श्रेय

प्रभात रंजन ने अपनी इस शानदार उपलब्धि का श्रेय अपने परिवार, विशेष रूप से अपने दादा महेश प्रसाद सिंह और पिता प्रेम रंजन सिंह को दिया है। प्रभात ने बताया, "मेरे दादाजी ने बोकारो में रहते हुए मेरी प्रारंभिक शिक्षा की मजबूत नींव रखी। वे मेरे मार्गदर्शक रहे हैं।

वहीं, मेरे शिक्षक पिता ने मुझे हमेशा बड़ा सोचने और लगातार प्रयास करने की प्रेरणा दी।" प्रभात के अनुसार, विपरीत परिस्थितियों में भी धैर्य बनाए रखना और अपनी कमजोरियों पर काम करना ही उनकी सफलता की कुंजी रही।

भुलनी पंचायत और तेतरिया गांव में उत्सव का माहौल

प्रभात की इस बड़ी कामयाबी की खबर जैसे ही उनके पैतृक गांव तेतरिया और भुलनी पंचायत में पहुंची, बधाई देने वालों का तांता लग गया। ग्रामीणों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशियां मनाईं। स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों, शिक्षकों और समाजसेवियों ने प्रभात के घर पहुंचकर उनके पिता और परिजनों को सम्मानित किया।

लोगों का कहना है कि प्रभात की इस सफलता ने ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को यह संदेश दिया है कि यदि हौसला बुलंद हो और लक्ष्य के प्रति समर्पण हो, तो देश की सबसे बड़ी परीक्षाओं में भी कामयाबी पाई जा सकती है। प्रभात रंजन अब भारतीय रक्षा या तकनीकी अनुसंधान के क्षेत्र में देश को अपनी सेवाएं देंगे, जो पूरे बिहार के लिए गर्व का विषय है।

यह भी पढ़ें- Well Done अंकित : प्रेरणादायी व संघर्ष से भरा है वायुसेना की वर्दी पर दो धारियों से कंधे पर दो सितारों तक का सफर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।