भागलपुर के 3 लाख लोगों के खातों में पहुंचे ₹33 करोड़, CM सम्राट ने भेजा तोहफा, DM अलंकृता पांडेय ने दी बधाई
Bhagalpur Pension Utsav 3 Lakh Beneficiaries: भागलपुर में 3 लाख से अधिक पेंशनभोगियों के खातों में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा ...और पढ़ें

Bhagalpur Pension Utsav 3 Lakh Beneficiaries: भागलपुर के 3 लाख से अधिक पेंशनधारियों को मिली सौगात
HighLights
भागलपुर के 3 लाख पेंशनभोगियों को ₹33.37 करोड़ की राशि मिली।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने डीबीटी के जरिए सीधे खातों में भेजी पेंशन।
जिला स्तर पर 'पेंशन उत्सव' के रूप में मनाया गया यह कार्यक्रम।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। Bhagalpur Pension Utsav 3 Lakh Beneficiaries: जिले के तीन लाख तीन हजार 408 पेंशनधारियों के लिए मंगलवार (10 नवंबर 2026) का दिन खुशियों की बड़ी सौगात लेकर आया। सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत अक्टूबर माह की बढ़ी हुई पेंशन राशि के रूप में कुल 33 करोड़ 37 लाख 48 हजार 800 रुपये लाभार्थियों के बैंक खातों में सीधे भेज दिए गए।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित एक उच्चस्तरीय राज्यव्यापी वर्चुअल कार्यक्रम के दौरान प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से इस विशाल राशि का डिजिटल हस्तांतरण किया गया। इस ऐतिहासिक और कल्याणकारी अवसर को राज्य सरकार के निर्देश पर जिला स्तर पर 'पेंशन उत्सव' के रूप में बेहद उत्साह के साथ मनाया गया।
डीएम अलंकृता पांडेय की मौजूदगी में मना उत्सव
पेंशन वितरण के इस महापर्व के शुभ अवसर पर भागलपुर समाहरणालय (कलेक्ट्रेट) स्थित कल्याणी सभागार में एक भव्य जिलास्तरीय समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से जिला दंडाधिकारी सह जिलाधिकारी (डीएम) अलंकृता पांडेय, सामाजिक सुरक्षा कोषांग के वरीय पदाधिकारी तथा जिले के विभिन्न प्रखंडों व शहरी क्षेत्रों से आए सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के सैकड़ों वृद्ध, विधवा और दिव्यांग लाभार्थी शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान समाहरणालय सभागार में पटना से आयोजित राज्यस्तरीय समारोह का सीधा प्रसारण (लाइव वेबकास्ट) बड़ी स्क्रीन पर दिखाया गया। जैसे ही मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने डिजिटल क्लिक के जरिए राशि खातों में भेजी, वैसे ही सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
अपने बैंक खातों में बढ़ी हुई पेंशन की राशि समय पर सीधे पहुंचने की सूचना पाकर वृद्धजनों, लाचार महिलाओं और दिव्यांगजनों के चेहरे खिल उठे। सभी लाभार्थियों ने मुख्यमंत्री और बिहार सरकार की इस संवेनशील पहल का तहेदिल से स्वागत करते हुए इसे गरीब व जरूरतमंद परिवारों के लिए एक महत्वपूर्ण आर्थिक संबल बताया।
मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना के सर्वाधिक 1.44 लाख लाभार्थी
भागलपुर जिले में सामाजिक सुरक्षा की कुल छह अलग-अलग पेंशन योजनाओं के अंतर्गत इस राशि का पारदर्शी तरीके से हस्तांतरण किया गया है। इसमें सबसे बड़ी हिस्सेदारी 'मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना' की रही, जिसके जिलेभर में सर्वाधिक 1,44,838 लाभार्थियों के बैंक खातों में कुल 15 करोड़ 93 लाख 21 हजार 800 रुपये भेजे गए।
वहीं, 'इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना' के तहत 85,195 लाभार्थियों को 9 करोड़ 37 लाख 14 हजार 500 रुपये का भुगतान किया गया। इसके अतिरिक्त, विशेष शारीरिक चुनौतियों का सामना कर रहे 'बिहार निःशक्तता सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना' के 32,472 लाभार्थियों के खातों में 3 करोड़ 57 लाख 19 हजार 200 रुपये तथा 'इंदिरा गांधी राष्ट्रीय निःशक्तता पेंशन योजना' के 2,123 लाभार्थियों के खातों में 23 लाख 35 हजार 300 रुपये का डिजिटल भुगतान किया गया।
लक्ष्मीबाई पेंशन योजना की महिलाओं को भी बड़ी राहत, बिचौलियों से मुक्ति
जिले में निराश्रित महिलाओं के कल्याण के लिए संचालित 'लक्ष्मीबाई सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना' के 24,315 महिला लाभार्थियों को कुल 2 करोड़ 67 लाख 46 हजार 500 रुपये मिले। साथ ही 'इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना' की 14,465 लाभार्थियों को 1 करोड़ 59 लाख 11 हजार 500 रुपये उनके खातों में हस्तांतरित किए गए।
इस अवसर पर जिलाधिकारी अलंकृता पांडेय ने कहा कि सरकार की इन योजनाओं का एकमात्र उद्देश्य समाज के सबसे अंतिम पायदान पर खड़े, कमजोर, वृद्ध, विधवा और वंचित वर्ग को समय पर वित्तीय सुरक्षा प्रदान करना है ताकि वे सम्मानपूर्वक आत्मनिर्भर जीवन जी सकें। उन्होंने जोर देकर कहा कि डीबीटी प्रणाली के कारण अब पेंशन की पूरी राशि सीधे और बिना किसी कटौती के लाभार्थियों के खातों में जा रही है, जिससे बिचौलियों और दलालों के शोषण की गुंजाइश पूरी तरह समाप्त हो गई है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।