Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Bhagalpur News: एक जगह कर रहे काम, दूसरी जगह मिल रहा इनाम; मनरेगा में जमकर हो रहा फर्जीवाड़ा

    भागलपुर में मनरेगा योजनाओं में फर्जीवाड़ा उजागर हुआ है। शाहकुंड और जगदीशपुर प्रखंडों में मजदूरों से एक ही समय पर कई जगहों पर काम करवाया जा रहा है लेकिन उन्हें भुगतान अलग-अलग स्थानों पर दिखाया जा रहा है। एक ही मजदूर कई मस्टर रोल में दर्ज है। अधिकारियों का कहना है कि जांच जारी है और दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।

    By Navaneet Mishra Edited By: Rajat Mourya Updated: Thu, 01 May 2025 02:24 PM (IST)
    Hero Image
    एक जगह कर रहे काम, दूसरी जगह मिल रहा इनाम (प्रतीकात्मक तस्वीर)

    जागरण संवाददाता, भागलपुर। शाहकुंड प्रखंड में मनरेगा योजनाओं में फर्जीवाड़ा रुकने का नाम नहीं ले रहा है। वहां मजदूरों से एक जगह काम लिया जा रहा है तो दूसरी जगह उन्हें काम के बदले इनाम दिया जा रहा है। एक ही मजदूर ट्रेन की गति से एक स्थान से दूसरे स्थान तक काम करने के लिए पहुंच रहे हैं।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    यूं कहा जाए कि एक ही नाम व पते वाले मजदूर एक साथ आठ से नौ स्थानों पर काम कर रहे हैं। शाहकुंड प्रखंड के कसवा खेरही पंचायत की बात करें तो वहां मस्टर रोल संख्या 4070, 4071 व 4072 में पेवर ब्लाक का कार्य चल रहा है। साथ ही मस्टर रोल संख्या 3511, 3512, 3513, 3514 व 3515 में भी यह कार्य जारी है।

    ये दोनों योजनाएं अलग-अलग हैं, लेकिन इन सभी मस्टर रोल में एक ही मजदूर कार्य करते पाए जा रहे हैं। इसी तरह मस्टर रोल संख्या 3930, 3931, 3932, 3933 व 3934 में तटबंध मरम्मत का कार्य कराया जा रहा है। वहां भी एक ही मजदूर को पांचों मस्टर रोल पर कार्य करते दिखाया गया है।

    खेरैहिया पंचायत की बात करें तो वहां के मस्टर रोल संख्या 2887, 2888, 2889 तथा 2890 में तटबंध मरम्मत का कार्य चल रहा है। एक ही मजदूर वहां भी कई स्थानों पर कार्य करते हुए दिखाई दे रहे हैं।

    दासपुर पंचायत में भी यही गोरखधंधा परवान पर है। वहां की मस्टर रोल संख्या 4726, 4727, 4728 व 4729 में चल रहे डांड़ के खोदाई कार्य में एक ही मजदूर कई स्थानों पर कार्य करते पाए जा रहे हैं।

    कसवा खेरही पंचायत में मस्टर रोल संख्या 4610, 4611 व 4612 में तटबंध का मरम्मत कार्य चल रहा है। यहां भी यही हाल है। तटबंध का मरम्मत कार्य चल रहे दीनदयालपुर पंचायत की मस्टर रोल संख्या 4657, 4658, 4659, 4660 में भी एक ही मजदूर से कार्य लिये जाने के प्रमाण मिले हैं।

    यही स्थिति हाजीपुर, गोबरांय, भुलनी, खुलनी, सजौर, मकंदपुर, वासुदेवपुर, दीनदयालपुर, जगरिया, किशन अमखोरिया सहित अन्य पंचायतों की भी है। शाहकुंड प्रखंड में 68 काम के लिए 292 मस्टर रोल बनाये गये हैं। उनमें 2623 मजदूरों से काम लिये गये हैं। शाहकुंड प्रखंड में ऐसी गड़बड़ी कई महीनों से चल रही है।

    जगदीशपुर प्रखंड में भी गड़बड़ी जारी

    जगदीशपुर प्रखंड के मनरेगा कार्यों में भी गड़बड़ी जारी है। यहां भी एक ही मजदूर से कई स्थानों पर कार्य लिये जा रहे हैं। इस प्रखंड के जगदीशपुर, भवानीपुर देशरी, चांदपुर, पुरैनी साउथ, सन्हौली, बैजानी, इमामपुर व सैनो में इस योजना के तहत काम चल रहे हैं। सबसे अधिक कार्य सैनो पंचायत में चल रहा है। यहां मनरेगा कर्मियों को लूट की छूट दे दी गई है।

    उस पंचायत की मस्टर रोल संख्या 1275, 1276, 1010, 1011, 1012, 1287 व 1288 में डांड़ की खोदाई का कार्य चल रहा है। इन सभी मस्टर रोल में लगभग एक ही मजदूरों से काम लिये जा रहे हैं। इतना ही नहीं वहां उम्र दराज महिलाओं से भी मजदूर का काम लिए जा रहे हैं।

    इमामपुर पंचायत में मस्टर रोल संख्या 1328 व 1329 में चल रहे ईंट सोलिंग कार्य तथा जमनी पंचायत की मस्टर रोल संख्या 1516 व 1517 में पोखर खोदाई के कार्य में भी समान मजदूरों से कार्य लेने के प्रमाण मिल रहे हैं।

    इस प्रखंड के सोनूचक पुरैनी पंचायत की मस्टर रोल संख्या 1704, 1705, 1706 तथा 1707 में चल रहे डांड़ के खोदाई कार्य में भी सभी जगह एक ही मजदूर से कार्य कराए जा रहे हैं।

    ऐसे मामले संज्ञान में आए हैं। उनकी जांच कराई जा रही है। गड़बड़ी में संलिप्त मनरेगा कर्मियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। - प्रदीप सिंह, उपविकास आयुक्त

    ये भी पढ़ें- MGNREGA Fund Shortage: झारखंड में मनरेगा का खजाना खाली, 611 करोड़ रुपये की उधारी

    ये भी पढ़ें- Bihar News: बिहार के इस जिले में भरेगी मनरेगा की जेब, नई तारीख और नया टारगेट आया सामने