विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भागलपुर जीरोमाइल से जाह्नवी चौक तक 6 लेन कनेक्टिविटी, नहीं बनेगा दूसरा फ्लाईओवर; सर्विस रोड होगी चौड़ी, 2028 की डेडलाइन

Published: Sat, 31 Oct 2026 07:15 AM (IST)

Bhagalpur NH 131B Four Lane Project: भागलपुर से नवगछिया के बीच NH 131B को फोरलेन करने की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट ...और पढ़ें

Bhagalpur NH 131B Four Lane Project: व‍िक्रमश‍िला पुल की मरम्‍मत हो रही है।

Bhagalpur NH 131B Four Lane Project: व‍िक्रमश‍िला पुल की मरम्‍मत हो रही है।

HighLights

  1. भागलपुर-नवगछिया NH 131B फोरलेन की DPR तैयार

  2. जीरोमाइल पर फ्लाईओवर नहीं, सर्विस रोड होगी चौड़ी

  3. परियोजना का लक्ष्य 2028 तक 6-लेन कनेक्टिविटी

जागरण संवाददाता, भागलपुर। Bhagalpur NH 131B Four Lane Project: भागलपुर से नवगछिया के बीच आवागमन को सुगम बनाने और जाम के झाम को समाप्त करने के लिए एनएच 131B को फोरलेन करने की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर ली गई है।

ड्रोन सर्वे के बाद तैयार इस डीपीआर के अनुसार, भागलपुर के व्यस्त जीरोमाइल चौक पर अब दूसरा फ्लाईओवर नहीं बनाया जाएगा। इसके विकल्प के रूप में जीरोमाइल चौक की दोनों तरफ की वर्तमान 5.5 मीटर चौड़ी सर्विस रोड को दो-दो मीटर और चौड़ा किया जाएगा, जिससे बिना फ्लाईओवर निर्माण के ही यातायात सुगम हो सके।

परियोजना की सबसे अहम बात यह है कि पुराने विक्रमशिला सेतु की दो लेन अप्रोच और गंगा नदी पर बन रहे नए समानांतर पुल की चार लेन अप्रोच मिलकर जीरोमाइल से जाह्नवी चौक तक कुल सिक्स लेन की सीधी सड़क कनेक्टिविटी प्रदान करेंगी।

दो चरणों में 22 मीटर चौड़ी बनेगी सड़क

एनएच 131B का निर्माण दो अलग-अलग चरणों में किया जाना तय हुआ है:

  1. पहला चरण: नवगछिया से भागलपुर की ओर हाउसिंग कालोनी मोड़ तक।

  2. दूसरा चरण: हाउसिंग कालोनी मोड़ से चौधरीडीह के बीच।

पूरी सड़क को 22 मीटर चौड़ा किया जाएगा। एनएच विभाग के अधिकारियों के अनुसार, गंगा पर विक्रमशिला सेतु के समानांतर बन रहे फोरलेन पुल को साल 2028 तक पूरा करने की समय-सीमा पर काम चल रहा है। इस समानांतर पुल के चालू होने से पहले ही फोरलेन सड़क का निर्माण पूरा करना अनिवार्य है, ताकि ट्रैफिक का दबाव सीधे इस नए कॉरिडोर पर शिफ्ट किया जा सके।

406 करोड़ का बजट, जाह्नवी चौक से 18 मीटर ऊंची अप्रोच रोड

इंजीनियरों के मुताबिक, नवगछिया की तरफ से जाह्नवी चौक से 53 मीटर लंबी और 18 मीटर ऊंची अप्रोच रोड तैयार कर इसे सीधे नए फोरलेन पुल से जोड़ा जाएगा। भागलपुर की तरफ भी अप्रोच रोड को ऊंचा उठाया जाएगा।

परियोजना की लागत को देखें तो:

  • नवगछिया जीरोमाइल से जाह्नवी चौक (09 किलोमीटर): अनुमानित लागत 295 करोड़ रुपये।

  • बरारी बाइपास मोड़ से चौधरीडीह (4.5 किलोमीटर): अनुमानित लागत 111 करोड़ रुपये।

    इस प्रकार लगभग 13.5 किलोमीटर के इस महत्वपूर्ण हिस्से पर करीब 406 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।

गोपालपुर में नया ROB और बंशीटीकर में बनेगा VUP

सड़क सुरक्षा और ब्लैक स्पॉट के स्थायी समाधान के लिए कई अंडरपास और ओवरब्रिज की रूपरेखा खींची गई है। कुख्यात ब्लैक स्पॉट बंशीटीकर के पास व्हीकल अंडरपास (VUP) बनाया जाएगा। इसके अलावा जाह्नवी चौक, तेतरी, सेंट टेरेसा स्कूल और भागलपुर हवाई अड्डा के पास भी व्हीकल अंडरपास तथा दो छोटे पुलों का निर्माण प्रस्तावित है।

2028 तक पूरा करने का लक्ष्य

रेल यातायात को निर्बाध रखने के लिए गोपालपुर के पास 60 मीटर लंबा और 10 मीटर चौड़ा एक नया रेल ओवर ब्रिज (ROB) बनेगा। वहीं, बाढ़ से बचाव के लिए महादेवपुर घाट से फोरलेन पुल तक 900 मीटर लंबा एक सुरक्षा बांध भी बनेगा, जिससे सड़क कटाव से सुरक्षित रहेगी और आसपास के गांवों में भी बाढ़ का पानी नहीं घुसेगा।

मुंगेर-मिर्जाचौकी और हंसडीहा फोरलेन से सीधा जुड़ाव

भागलपुर-नवगछिया फोरलेन कॉरिडोर के पूरा होने से सीमांचल, कोसी और अंग क्षेत्र के बीच सफर बेहद तेज हो जाएगा। यह नया फोरलेन नवगछिया की ओर एनएच-31 से जुड़ेगा, वहीं भागलपुर की तरफ इसका सीधा जुड़ाव मुंगेर-मिर्जाचौकी ग्रीनफील्ड फोरलेन और भागलपुर-हंसडीहा फोरलेन से होगा, जिससे झारखंड और बंगाल की ओर जाने वाले भारी व हल्के वाहनों को शहर में प्रवेश किए बिना सीधा बाईपास मिल जाएगा।

यह भी पढ़ें- भागलपुर के कनकैथी में ₹159 करोड़ से लगेगा कंप्रेस्ड बायोगैस प्लांट; HPCL से होगा MoU, गीले कचरे से बनेगी गैस और खाद

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।