83 हजार होल्डिंग 15 हजार बकाएदारों पर शिकंजा, भागलपुर नगर निगम का नोटिस, 20 करोड़ टैक्स वसूली का लक्ष्य
भागलपुर नगर निगम ने 15,000 बड़े होल्डिंग टैक्स बकायादारों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। निगम का लक्ष्य इन बकायादारों ...और पढ़ें

भागलपुर नगर निगम कार्यालय जहां बकाएदारों को नोटिस भेजने और होल्डिंग टैक्स वसूली की चल रही तैयारी ।
HighLights
15 हजार बड़े होल्डिंग टैक्स बकायादारों को नोटिस।
नगर निगम का 20 करोड़ रुपये वसूली का लक्ष्य।
भुगतान न करने पर होगी सख्त कानूनी कार्रवाई।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। भागलपुर शहरी क्षेत्र में लंबे समय से होल्डिंग टैक्स दबाकर बैठे बड़े बकायादारों के खिलाफ नगर निगम प्रशासन ने अपना रुख पूरी तरह सख्त कर लिया है।
चालू वित्तीय वर्ष में राजस्व वसूली का निर्धारित लक्ष्य हासिल करने के लिए नगर निगम अब करीब 15 हजार बड़े मकान मालिकों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और सरकारी संस्थानों को नोटिस भेजने जा रहा है।
निगम प्रशासन ने आगामी तीन दिनों के भीतर इन सभी बकायादारों तक नोटिस पहुंचाने की समय-सीमा तय की है। अभियान के पहले चरण में शनिवार को करीब पांच हजार नोटिस तैयार कर लिए गए हैं, जिन्हें तहसीलदारों और निगम कर्मियों की टीमों के माध्यम से घर-घर तामिला कराया जा रहा है।
भागलपुर नगर निगम ने शहरी क्षेत्र में होल्डिंग टैक्स के 15 हजार बड़े बकायादारों के खिलाफ कार्रवाई तेज की
तीन दिनों के भीतर घर-घर नोटिस पहुंचाने का लक्ष्य; शनिवार को करीब 5 हजार नोटिस तैयार कर तहसीलदारों को सौंपे गए
शहर के कुल 83 हजार होल्डिंगधारकों में शामिल निजी मकानों, सरकारी संस्थानों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों व कॉलेजों से 20 करोड़ वसूली का लक्ष्य
नोटिस मिलने के बाद भी टैक्स न जमा करने वालों को अधिकारी के समक्ष पेश होना होगा, अन्यथा होगी सख्त कानूनी कार्रवाई
उल्लेखनीय है कि भागलपुर नगर निगम के शहरी क्षेत्र में कुल मिलाकर करीब 83 हजार पंजीकृत होल्डिंग हैं, जिनमें निजी मकानों के अलावा सरकारी महकमे, व्यावसायिक संस्थान, स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालय शामिल हैं।
20 करोड़ रुपये राजस्व संग्रह का लक्ष्य; सरकारी और निजी बकाएदारों की बनाई गई सूची
नगर निगम की ओर से जिन 15 हजार होल्डिंगधारकों को नोटिस भेजने की सूची बनाई गई है, उनमें लगभग सभी श्रेणियों के बकायादार शामिल हैं। इस विशेष वसूली अभियान के जरिए निगम प्रशासन ने करीब 20 करोड़ रुपये का बकाया होल्डिंग टैक्स वसूलने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
नगर निगम अधिकारियों का मुख्य उद्देश्य बड़े बकायादारों से लंबे समय से अटके राजस्व की वसूली कर निगम के खजाने को मजबूत बनाना है, ताकि शहर के विकास कार्यों और नागरिक सुविधाओं के विस्तार को गति दी जा सके।
नोटिस के बाद भी टैक्स नहीं दिया तो होगी कानूनी कार्रवाई; अधिकारी के समक्ष होना होगा हाजिर
निगम प्रशासन ने साफ कर दिया है कि नोटिस प्राप्त होने के बाद संबंधित मकान मालिकों और संस्थानों को निर्धारित समय सीमा के भीतर अपना बकाया होल्डिंग टैक्स जमा करना होगा। यदि नोटिस मिलने के बाद भी संबंधित टैक्सपेयर राशि जमा नहीं करते हैं, तो उन्हें नगर निगम के सक्षम अधिकारी के समक्ष उपस्थित होकर अपना पक्ष प्रस्तुत करना पड़ेगा।
इसके बावजूद यदि बकाया राशि का भुगतान नहीं किया जाता है, तो नगर निगम अधिनियम के तहत संबंधित संपत्ति को अटैच करने अथवा अन्य कठोर कानूनी व प्रशासनिक कार्रवाई करने के लिए स्वतंत्र होगा।
यह भी पढ़ें- भागलपुर नगर निगम की 19 सेवाएं होंगी ऑनलाइन, अगस्त से एक ही पोर्टल पर मिलेंगे होल्डिंग टैक्स-लाइसेंस और NOC
यह भी पढ़ें- भागलपुर नगर निगम में छिड़ा महासंग्राम; 4थी बार लाइट टेंडर रद, भड़के पार्षद ने मेयर और कमिश्नर को लपेटा
