विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पूंजी बाजार : पटना के 200 करोड़ के बांड की NSE में लिस्टिंग; अब भागलपुर की बारी, स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज को मंजूरी

Published: Wed, 11 Nov 2026 08:52 AM (IST)

Municipal Corporation Bond Listing NSE : पटना नगर निगम के 200 करोड़ के म्यूनिसिपल बांड की एनएसई पर लिस्टिंग के ...और पढ़ें

Municipal Corporation Bond Listing NSE : पटना में नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार के साथ भागलपुर की मेयर डॉ. वसुंधरा लाल

Municipal Corporation Bond Listing NSE : पटना में नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार के साथ भागलपुर की मेयर डॉ. वसुंधरा लाल

HighLights

  1. पटना नगर निगम के 200 करोड़ के बांड की एनएसई पर लिस्टिंग हुई।

  2. भागलपुर नगर निगम के लिए अगली बांड लिस्टिंग का आश्वासन मिला।

  3. शहर की जलजमाव समस्या हेतु स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज परियोजना को मंजूरी।

जागरण संवाददाता, भागलपुर। Municipal Corporation Bond Listing NSE : नगर निकायों को आर्थिक रूप से स्वावलंबी बनाने और बुनियादी विकास योजनाओं के लिए सीधे पूंजी बाजार से वित्तीय संसाधन जुटाने की दिशा में बिहार ने एक नया इतिहास रचा है। पटना नगर निगम के 200 करोड़ रुपये के म्यूनिसिपल बांड की नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) में आधिकारिक लिस्टिंग के साथ ही राज्य में नगरीय अधोसंरचना के विकास के लिए नए वित्तीय युग का सूत्रपात हो गया है।

इस ऐतिहासिक कदम के बाद अब भागलपुर नगर निगम ने भी म्यूनिसिपल बांड के जरिए विकास कार्यों के लिए फंड जुटाने की दिशा में अपनी कोशिशें तेज कर दी हैं। राजधानी पटना स्थित ताज सिटी सेंटर में आयोजित भव्य समारोह में भागलपुर की मेयर डॉ. बसुंधरा लाल ने विशेष रूप से शिरकत की।

यह समारोह भागलपुर के लिए दोहरी खुशियों और दो बड़े आश्वासनों की सौगात लेकर आया। पहला—पूंजी बाजार के जरिए भागलपुर के विकास के लिए म्यूनिसिपल बांड की अगली लिस्टिंग का मार्ग प्रशस्त होना और दूसरा—शहर को जलजमाव की गंभीर समस्या से स्थायी मुक्ति दिलाने वाली 'स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज परियोजना' को जल्द शुरू कराने का ठोस भरोसा।

निवेशकों के अटूट भरोसे को बताया नगर निकायों के लिए प्रेरणा

समारोह को संबोधित करते हुए मेयर डॉ. बसुंधरा लाल ने कहा कि पटना नगर निगम के 200 करोड़ रुपये के आधार निर्गम के मुकाबले दोगुने से अधिक की बोली मिलना यह दर्शाता है कि निवेशकों का भरोसा बिहार के नगरीय निकायों पर तेजी से बढ़ा है। उन्होंने कहा कि यह ऐतिहासिक उपलब्धि केवल पटना तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि यह भागलपुर सहित राज्य के अन्य नगर निकायों के लिए भी वित्तीय आत्मनिर्भरता का मार्ग खोलेगी।

मेयर ने कहा कि अब तक नगर निकाय केवल पारंपरिक सरकारी अनुदानों और आंतरिक राजस्व पर निर्भर रहते थे, लेकिन बांड लिस्टिंग से बड़े प्रोजेक्ट्स के लिए पूंजी बाजार से धन जुटाने का मजबूत विकल्प मिल गया है। भागलपुर भी इस दिशा में तेजी से कदम बढ़ाकर अपने विकास को नई रफ्तार देगा।

मंत्री नीतीश मिश्रा और प्रधान सचिव से विमर्श

समारोह के दौरान मेयर डॉ. बसुंधरा लाल ने नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री नीतीश मिश्रा से शिष्टाचार भेंट की और भागलपुर के सर्वांगीण विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। इसके बाद उन्होंने विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार से विस्तृत विमर्श किया।

भागलपुर में अगली लिस्टिंग का मिला भरोसा

मेयर ने मजबूती से प्रस्ताव रखा कि पटना के बाद राज्य में अगली म्यूनिसिपल बांड लिस्टिंग भागलपुर नगर निगम से ही कराई जाए, ताकि स्मार्ट सिटी के साथ-साथ शहर में सीवरेज, रोड नेटवर्क और पार्कों जैसे बुनियादी ढांचे के लिए स्वतंत्र वित्तीय संसाधन मिल सकें। मेयर के इस प्रस्ताव पर प्रधान सचिव ने अत्यंत सकारात्मक रुख अपनाते हुए स्पष्ट आश्वासन दिया कि एनएसई के प्रतिनिधि और विभागीय टीम अगली लिस्टिंग की प्रक्रिया भागलपुर नगर निगम के लिए ही पूरी करेंगे।

स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज परियोजना से दूर होगी जलजमाव की त्रासदी

वार्ता के दौरान मेयर ने भागलपुर शहर की सबसे पुरानी और विकराल समस्या—जलजमाव का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने प्रधान सचिव को अवगत कराया कि मानसूनी बारिश के दौरान शहर के अधिकांश निचले और मुख्य रिहायशी इलाकों में पानी भर जाता है, जिससे जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो जाता है।

मेयर ने शहर को इस त्रासदी से बचाने के लिए बहुप्रतीक्षित 'स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज परियोजना' को अविलंब जमीन पर उतारने का पुरजोर अनुरोध किया। इस पर प्रधान सचिव विनय कुमार ने आश्वस्त किया कि विभागीय स्तर पर इस परियोजना से जुड़ी सभी आवश्यक कागजी और तकनीकी औपचारिकताओं को तेजी से पूरा कराया जा रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इसके धरातल पर क्रियान्वयन की प्रक्रिया बहुत जल्द शुरू होगी, जिससे शहरवासियों को जलजमाव से स्थायी राहत मिल सकेगी।

यह भी पढ़ें- भागलपुर के 3 लाख लोगों के खातों में पहुंचे ₹33 करोड़, CM सम्राट ने भेजा तोहफा, DM अलंकृता पांडेय ने दी बधाई

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।