भागलपुर में बनेगा एयरपोर्ट जैसा हाईटेक बस टर्मिनल; एक साथ खड़ी होंगी 60 बसें, शॉपिंग जोन व ई-चार्जिंग की सुविधा
Bhagalpur Tilkamanjhi Modern Bus Terminal Final Layout PM E Bus Scheme: भागलपुर के तिलकामांझी में पीएम-ई बस योजना के तहत आधुनिक बस टर्मिनल का अंतिम लेआउट तैयार हो गया है। यह टर्मिनल सेमी कवर्ड जोन, ई-चार्जिंग, शॉपिंग जोन और अन्य अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होगा, जिसका निर्माण जल्द शुरू होगा।

Bhagalpur Tilkamanjhi Modern Bus Terminal Final Layout PM E Bus Scheme: प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
आधुनिक बस टर्मिनल का अंतिम लेआउट तैयार, निर्माण जल्द शुरू।
सेमी कवर्ड जोन, ई-चार्जिंग स्टेशन और शॉपिंग जोन की सुविधा।
50 इलेक्ट्रिक बसों सहित कुल 60 बसों के ठहराव की व्यवस्था।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। Bhagalpur Tilkamanjhi Modern Bus Terminal Final Layout PM E Bus Scheme: शहर के तिलकामांझी स्थित सरकारी बस स्टैंड की तस्वीर बदलने की तैयारी अब नक्शे से निकलकर जमीन पर उतरने वाली है। पीएम-ई बस योजना के तहत यहां बनने वाले आधुनिक बस टर्मिनल का फाइनल लेआउट तैयार कर लिया गया है। बिहार राज्य भवन निर्माण निगम ने स्थल सर्वेक्षण के आधार पर इसका विस्तृत साइट लेआउट तैयार किया है।
इस टर्मिनल की सबसे खास व्यवस्था सेमी कवर्ड टर्मिनल जोन होगी। इसमें बसों के ठहराव वाले हिस्से को जिंक एल्यूमिनियम शीट से ढका जाएगा। यानी यह पूरी तरह बंद भवन नहीं होगा, बल्कि खुली और हवादार जगह के साथ मजबूत छत वाली व्यवस्था होगी। इससे बसों के परिचालन में आसानी होगी और यात्रियों को धूप व बारिश से सीधा बचाव मिलेगा।
5.61 एकड़ में विकसित होगा डिपो, जनवरी-फरवरी से निर्माण शुरू होने की उम्मीद
लेआउट के अनुसार बसों के सुगम आवागमन के लिए अलग-अलग ड्राइव-वे बनाया जाएगा। तैयार नक्शे के मुताबिक, कुल 9.66 एकड़ के प्लॉट में से 5.61 एकड़ जमीन पर मुख्य टर्मिनल का विकास प्रस्तावित है, जबकि परिसर में पहले से मौजूद ड्राइविंग लर्निंग ट्रैक को बरकरार रखा जाएगा। यहां जी प्लस वन (दो मंजिला) डिपो भवन, वर्कशॉप भवन और सार्वजनिक पार्किंग बनाई जाएगी। परिसर में जलनिकासी के लिए मुख्य नाले का भी प्रावधान किया गया है।
-1795291259742.webp)
वर्तमान में परिसर के भीतर इलेक्ट्रिक बसों के लिए चार्जिंग स्टेशन बनाने का काम चल रहा है। इसी वजह से मुख्य बस टर्मिनल के निर्माण की शुरुआत अभी नहीं हो पाई है। चार्जिंग स्टेशन का कार्य पूर्ण होते ही आगामी जनवरी या फरवरी से आधुनिक बस स्टैंड के निर्माण की प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद है।
बस स्टैंड में यात्रियों और बसों के लिए मिलेंगी ये अत्याधुनिक सुविधाएं
50 इलेक्ट्रिक बसों का ठहराव: परिसर में 25 बड़ी (12 मीटर) और 25 छोटी (9 मीटर) इलेक्ट्रिक बसें एक साथ खड़ी हो सकेंगी।
10 अतिरिक्त बसों की जगह: डीजल और सीएनजी से चलने वाली 10 अन्य बसों के ठहराव के लिए भी अलग स्थान निर्धारित रहेगा।
सेमी कवर्ड ई-चार्जिंग स्टेशन: एक साथ 10 इलेक्ट्रिक बसों को चार्ज करने के लिए विशेष सेमी कवर्ड चार्जिंग स्टेशन बनेगा।
दफ्तर और आधुनिक वर्कशॉप: प्रशासनिक कार्यों के लिए दो मंजिला कार्यालय भवन और बसों की मरम्मत के लिए 982 वर्गमीटर में आधुनिक वर्कशॉप का निर्माण होगा।
डीजल-सीएनजी पंप व धुलाई: बसों में ईंधन भरने के लिए करीब 632 वर्गमीटर क्षेत्र में डीजल-सीएनजी पंप बनेगा और सफाई के लिए दो वाशिंग रैंप तैयार किए जाएंगे।
अलग पार्किंग व शॉपिंग जोन: यात्रियों की सुविधा के लिए परिसर में शॉपिंग जोन बनेगा, वहीं चारपहिया, ऑटो और दोपहिया वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग व्यवस्था होगी।
सुरक्षा, हरियाली और स्वच्छता: पूरे परिसर में 650 मीटर लंबी बाउंड्रीवाल, आने-जाने के लिए दो सुरक्षा जांच केंद्र, 10,276 वर्गमीटर में पक्की सड़क, 2000 वर्गमीटर में हरियाली, गंदे पानी को साफ करने का प्लांट और अपना बिजली सबस्टेशन भी स्थापित किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- भागलपुर विक्रमशिला सेतु पर गर्डर लॉन्चिंग का काम पूरा; स्लैब ढलाई शुरू, 14 जनवरी तक भारी वाहन भी भरेंगे फर्राटा
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।