विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

छठ 2026: भागलपुर के मंजूषा सूप की धमक अमेरिका-ऑस्ट्रेलिया तक, देश के महानगरों से भी आई भारी डिमांड

Published: Mon, 09 Nov 2026 07:55 PM (IST)

अंग प्रदेश की पारंपरिक मंजूषा कला अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रही है, जिसके तहत अमेरिका और ऑस्ट्रेलिया से बांस के मंजूषा सूप के ऑर्डर मिले हैं।

भागलपुर के मंजूषा सूप की धमक अमेरिका-ऑस्ट्रेलिया तक, देश के महानगरों से भी आई भारी डिमांड (AI Generated Image)

भागलपुर के मंजूषा सूप की धमक अमेरिका-ऑस्ट्रेलिया तक, देश के महानगरों से भी आई भारी डिमांड (AI Generated Image)

HighLights

  1. मंजूषा कला से बने बांस के सूप की अंतरराष्ट्रीय मांग।

  2. अमेरिका और ऑस्ट्रेलिया से मिले ऑर्डर, देश में भी बढ़ी मांग।

  3. पारंपरिक कला को रोजगार और बाजार से जोड़ने की पहल।

जागरण संवाददाता, भागलपुर। अंग प्रदेश की पारंपरिक मंजूषा कला अब स्थानीय पहचान से निकलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी छाप छोड़ रही है। इस कला से तैयार बांस के मंजूषा सूप की मांग अमेरिका और आस्ट्रेलिया तक पहुंच गई है।

मंजूषा गुरु मनोज कुमार पंडित के नेतृत्व में बरारी स्थित अंग क्राफ्ट मंजूषा कला प्रशिक्षण केंद्र के कलाकारों ने करीब 400 मंजूषा सूप तैयार किए हैं। इस काम में प्राचार्य सुमना के नेतृत्व में दर्जनों कलाकारों ने अपनी कला और मेहनत का परिचय दिया है।

हालांकि, अमेरिका और ऑस्ट्रेलिया के लिए ऑर्डर को लेकर अंतिम स्तर पर बात नहीं बन पाई है और वहां सूप भेजने की व्यवस्था नहीं हो पाई, लेकिन इस पहल की चर्चा दूर तक पहुंची और देखते ही देखते बेंगलुरु, दिल्ली और पटना से भी मंजूषा सूप के ऑर्डर मिलने लगे। इन शहरों में तैयार सूप भेजे जा चुके हैं।

मंजूषा कला से तैयार इन सूपों की खासियत यह है कि पारंपरिक बांस के सूप पर अंग की लोककला के रंग और आकृतियां उकेरी गई हैं।

इससे छठ जैसे लोक आस्था के महापर्व में इस्तेमाल होने वाली पारंपरिक सामग्री को भी एक नया कलात्मक स्वरूप मिल रहा है। स्थानीय लोगों ने भी इस पहल में रुचि दिखाई है और मंजूषा सूप की खरीदारी के प्रति अपनी सहमति जताई है।

इसी कड़ी में 12 नवंबर को श्यामा काली पूजा समिति, रेलवे कालोनी बरारी में छठ पूजनोत्सव के अवसर पर छठ मंजूषा सूप हटिया सह कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। यहां तैयार किए गए शेष मंजूषा सूप बिक्री के लिए उपलब्ध रहेंगे।

साथ ही लोग मंजूषा कला और इसके निर्माण की प्रक्रिया को करीब से देख सकेंगे। इससे पहले दीपावली के अवसर पर बिहार भवन की ओर से 1200 मंजूषा दीपों का ऑर्डर मिला था। निर्मला देवी घराना के कलाकारों ने महज दो दिनों में इन दीपों का निर्माण कर बिहार भवन भेजा।

इस ऑर्डर के बाद भी मंजूषा कला से जुड़े उत्पादों की चर्चा बढ़ी और बेंगलुरु, पटना तथा दिल्ली से मांग आने लगी। स्थानीय लोगों ने भी इन कलात्मक उत्पादों को प्रोत्साहित किया।

मंजूषा सूप निर्माण में सुमना के नेतृत्व में मंजूषा कलाकार मनोज कुमार पंडित के साथ अमन सागर, सृष्टि, एकता सागर, प्रीति, कविता, वर्षा, मानवी, श्रुति राय, पूनम, वैष्णवी, अर्चना, आदित्य, आर्यन, मंजूषा सागर सहित दर्जनों कलाकारों ने योगदान दिया।

लोककला को रोजगार और बाजार से जोड़ने की पहल

मंजूषा कला के जरिए तैयार किए जा रहे सूप और दीप केवल सजावटी वस्तुएं नहीं हैं, बल्कि अंग की सांस्कृतिक विरासत को नए बाजार तक पहुंचाने का माध्यम भी बन रहे हैं।

कलाकारों की कोशिश है कि पारंपरिक कला को त्योहारों से जोड़कर स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाए जाएं और नई पीढ़ी भी इस विरासत से जुड़े।

अमेरिका और आस्ट्रेलिया से मिले ऑर्डर की पहल भले ही पूरी नहीं हो सकी, लेकिन इससे मिली पहचान ने देश के दूसरे शहरों में मंजूषा उत्पादों के लिए नए रास्ते खोले हैं।

यह भी पढ़ें- राजा प्रियव्रत या माता सीता... किसने किया था सबसे पहला छठ? जानिए सतयुग से कलियुग तक इस महापर्व का रहस्य

यह भी पढ़ें- Chhath Puja 2026: छठ महापर्व के पहले दिन नहाय-खाय पर कद्दू-भात ही क्यों खाती हैं व्रती महिलाएं?

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।